Advertisement
आज के युवाओं की ऊर्जा बनाएगी भारत को महाशक्ति : शेखावत

केन्द्रीय मंत्री शेखावत और विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने युवा शक्ति का महोत्सव सांसद खेल महोत्सव के तहत बालेसर सत्ता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र सांसद खेल महोत्सव की ब्लॉक लेवल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत और विधायक बाबू सिंह राठौड़ रस्सा कसी प्रतियोगिता को रस्सा खींच कर शुरू किया। विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मंच पर उपस्थित शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवाओं की भागीदारी का प्रतीक है। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य देश के कोने- कोने से खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें तराशना और आगे बढ़ाने का है।
यह केवल खेल नहीं, बल्कि भारत की युवा शक्ति को संगठित करने का एक राष्ट्रव्यापी अभियान है। उन्होंने जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा 'खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया' आज देशभर में एक प्रेरक आंदोलन बन चुका है। पंचायत स्तर पर सफल आयोजनों के बाद, इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग डेढ़ हजार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और यह युवा आबादी ही भारत की असली ताकत है। हम इतिहास के उस दौर में हैं, जब हमारी पीढ़ी को विकसित भारत बनाने का अवसर मिला है। आने वाले 25 वर्षों में भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा। यह उपलब्धि युवाओं की मेहनत और संकल्प से ही संभव होगी। उपस्थित युवाओं से शेखावत ने कहा कि आप सौभाग्यशाली पीढ़ी हैं, क्योंकि आप न केवल विकसित भारत में जीवन बिताएंगे, बल्कि आप वह पीढ़ी होंगे, जिसने इस भारत को विकसित बनाने में योगदान दिया होगा।
शेखावत ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए खेल के महत्व को जीवन दर्शन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि खेल हमको असफलता को पचाने और अहंकार से बचने की ताकत प्रदान करता है। आज के प्रतिस्पर्धी माहौल में, जो बच्चे डिप्रेशन के शिकार हो जाते हैं, उनके लिए अगर कोई दवाई है तो वह खेलना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब व्यवस्था का परिवर्तन हुआ है, जहां सांसद खेल महोत्सवों के माध्यम से प्रतिभाओं को तराशकर, उन्हें उचित प्रशिक्षण, डाइट और न्यूट्रिशन देकर विश्व स्तर का खिलाड़ी बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी संकल्प दोहराया कि आने वाले तीन-चार वर्षों में देश के हर विद्यालय में खेल का बुनियादी ढाँचा खड़ा करने पर सरकार काम करेगी।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि हाल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन किया है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। खेलों में उनकी उपलब्धियां देश की नई पहचान बन रही हैं। यह केवल खेल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया है। जब युवा खेल के मैदान में उतरते हैं, तब देश भी जीतता है। उन्होंने कहा कि जो विद्यालय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें सांसद कार्यालय की ओर से क्रिकेट किट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर से शुरू होकर ये प्रतियोगिताएं विधानसभा और फिर लोकसभा स्तर तक आयोजित होंगी।
'वंदे मातरम' अभियान में भागीदारी करें युवा
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे 150@vandemataram150.in पर जाकर अपने मोबाइल फोन के माध्यम से वंदे मातरम को अपने स्वर में गाकर रिकॉर्ड करें और इस राष्ट्र निर्माण के मिशन में हिस्सा बनें। उन्होंने बताया कि अब तक देशभर में दो करोड़ लोग वंदे मातरम को अपनी आवाज दे चुके हैं। यह केवल गीत नहीं, राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। शेखावत ने जोधपुर लोकसभा क्षेत्र को पंजीकरण और भागीदारी के मामले में देश के टॉप थ्री में रहने के लिए पूरे आयोजनकर्ताओं और युवा शक्ति का अभिनंदन किया।
विपक्ष पर प्रहार
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बिहार चुनाव के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने 'जंगल राज' बनाम 'विकासवाद' के मुद्दे पर फैसला सुनाते हुए एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया है। जनता ने स्पष्ट संकेत दिया है कि देश में अब राजनीति का मुद्दा केवल और केवल विकास-आधारित रहेगा। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जनता ने 'वोट चोरी' जैसे अर्थहीन आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं पर भ्रमजाल फैलाने की कोशिश को अस्वीकार कर दिया है। इस बार नकारात्मक राजनीति करने वालों को जवाब देने के लिए जनता ने औसत से 10% अधिक मतदान किया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि झूठ की राजनीति के लिए अब कोई स्थान नहीं बचा है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जोधपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


