Advertisement
लालसोट में चुनावी बिसात पर बिछने लगी चौसर, निर्दलीयों ने बिगाड़े समीकरण

सभापति पद के संभावित दावेदारों को उनके ही वार्ड में उलझाए रखने की रणनीति भी प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों की ओर से अपनाई जा रही है। इसके चलते सभापति पद के दावेदार दूसरे वार्डों में राजनीतिक दखल बढ़ाने के बजाय पहले अपने वार्ड की चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। शहर में चल रहे इस सियासी खेल पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
लालसोट नगर परिषद के वार्ड 10 , 15, 24, 31, 33, 34 में आमने-सामने का मुकाबला है। वहीं दूसरी तरफ वार्ड 3, 5, 6 ,7, 8, 9 ,11, 14, 21 तथा 35 में त्रिकोणात्मक मुकाबला है।एक ओर भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने बोर्ड बनाने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वार्डों में मतदाता प्रत्याशियों को जन आकांक्षाओं पर खरा उतरने की कसौटी पर परखने लगे हैं। स्थानीय मुद्दे, विकास कार्य और प्रत्याशियों की व्यक्तिगत पकड़ चुनावी परिणामों में अहम भूमिका निभा सकती है।
किसी को सिलाई मशीन तो किसी को बाल्टी, चुनाव चिन्ह बने प्रचार का हथियार
निर्वाचन विभाग की ओर से आवंटित चुनाव चिन्हों ने भी इस बार चुनावी प्रचार को रोचक बना दिया है। निर्दलीय प्रत्याशियों में किसी को सिलाई मशीन, किसी को बाल्टी, किसी को रेफ्रिजरेटर तो किसी को गैस चूल्हा, अलमारी और चप्पल चुनाव चिन्ह मिला है। वहीं कुछ प्रत्याशियों को टेलीफोन, हारमोनियम, चक्की, लिफाफा, मोतियों का हार और हाथ की चूड़ियां जैसे चुनाव चिन्ह आवंटित हुए हैं।
प्रत्याशी अपने चुनाव चिन्ह को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए बाजारों से उनके प्रतीक चिन्ह खरीदकर प्रचार में इस्तेमाल कर रहे हैं। कहीं प्रत्याशी हाथ में चारपाई लेकर वार्ड में प्रचार करते नजर आ रहे हैं तो कहीं टेलीफोन लेकर मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं। चुनाव चिन्हों को लेकर प्रचार का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
बारिश ने प्रचार की रफ्तार रोकी, प्रत्याशी जुटे जनसंपर्क में
पिछले तीन दिनों से लगातार जारी रिमझिम बारिश के कारण चुनाव प्रचार अभियान प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद प्रत्याशी बारिश थमने के बीच मिले समय का उपयोग करते हुए घर-घर जनसंपर्क और मतदाताओं से संपर्क साधने में जुटे हैं। प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए वार्डों में लगातार दौरे कर रहे हैं।
कांग्रेस बोली- भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मुद्दे पर जनता के बीच जाएंगे
वार्ड 28 में कांग्रेस के चुनाव कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य कमल मीणा ने कहा कि लालसोट की राजनीति में फैल रही गंदगी को दूर करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाकर कांग्रेस शहर को स्वच्छ एवं पारदर्शी प्रशासन देने के लिए चुनाव मैदान में है।
युवा नेता जीतू बढ़ाया ने कहा कि वार्ड 28 विकास कार्यों के मामले में उपेक्षित रहा है। इसका जवाब जनता चुनाव में देगी। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष दीपक पुरोहित, पूर्व अध्यक्ष दिनेश मिश्रा, बद्रीलाल सैनी, मनीष बढ़ाया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
भाजपा का दावा—22 माह के विकास कार्यों पर जनता देगी जनादेश
दूसरी ओर भाजपा नेता सोनू बिनोरी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जनता पिछले 22 माह में हुए विकास कार्यों का मूल्यांकन कर अपना जनादेश देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में रिकॉर्ड और ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं, जिसका लाभ पार्टी को चुनाव में मिलेगा।अब चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रचार अभियान पूरी तरह मैदान में उतर चुका है। आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर आमने-सामने की सियासी टक्कर और तेज होने के साथ ही यह भी साफ होने लगेगा कि निर्दलीय प्रत्याशी किस दल के समीकरणों को सबसे ज्यादा प्रभावित करते हैं।
लालसोट तथा रामगढ़ पचवारा में घुमंतू जाति के मतदाताओं से स्वीप टीम ने किया संवाद
लालसोट। लालसोट नगर परिषद तथा रामगढ़ पचवारा नगरपालिका चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने तथा लोकतंत्र के महापर्व में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप टीम की ओर से शनिवार को घुमंतू जाति के मतदाताओं के बीच मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। टीम ने घुमंतू समुदाय के लोगों से सीधा संवाद कर उन्हें मतदान के महत्व की जानकारी दी और आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
रामगढ़ पचवारा ब्लॉक स्वीप समन्वयक एवं व्याख्याता महेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है। कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी दबाव अथवा भय के मतदान करने की अपील की।
इस दौरान घुमंतू जाति के मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने आगामी नगरपालिका चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।स्वीप टीम के जगदीश मीणा ने कहा कि सभी मतदाताओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करना चाहिए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर गिर्राज महावर, पप्पू लाल मीणा, सुरेश पांचाल सहित स्वीप टीम के सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
विराट बजरंग दल करेगा लालसोट के 35वार्डों में संगठन का विस्तार
लालसोट। विराट बजरंग दल की ओर से लालसोट नगर परिषद क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में संगठन के विस्तार की तैयारी की जा रही है। दिनेश तिवारी ने बताया कि संगठन की ओर से प्रत्येक वार्ड में एक वार्ड ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद संबंधित अध्यक्ष की ओर से वार्ड स्तर पर 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
संगठन की प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार नगर परिषद के 35 वार्डों में 35 वार्ड ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त होंगे तथा प्रत्येक अध्यक्ष अपनी कार्यकारिणी में 21 सदस्यों को शामिल करेगा। इस तरह वार्ड स्तर पर कुल 735 कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।
30 सितंबर तक जमा होंगे फॉर्म
वार्ड ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के गठन के लिए इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। संगठन की ओर से इच्छुक कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की गई है।
सामाजिक सेवा और संस्कार को बताया उद्देश्य
विराट बजरंग दल की ओर से संगठन के उद्देश्यों में हिंदू समाज में एकता, सामाजिक सेवा, संस्कार एवं संगठनात्मक सहयोग को बढ़ावा देना बताया गया है। संगठन का कहना है कि वार्ड स्तर तक टीम गठित कर सामाजिक गतिविधियों को गति दी जाएगी।
संगठन ने स्वयं को अराजनैतिक हिंदू संगठन बताते हुए स्पष्ट किया है कि इसका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। संगठन की ओर से सामाजिक सेवा, संस्कार और संगठनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रकोष्ठों में नियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण
लालसोट। नगर निकाय चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर शनिवार को पीएम श्री अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट में विभिन्न प्रकोष्ठों में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण में अधिकारियों-कर्मचारियों को ईवीएम की सीलिंग, निर्वाचन प्रक्रिया, चुनाव संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों एवं प्रकोष्ठवार जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, निर्धारित प्रक्रियाओं की पालना तथा जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रिटर्निंग अधिकारी नगर परिषद लालसोट विजेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी वाला कार्य है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता, पारदर्शिता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में पुलिस उपाधीक्षक सत्यनारायण यादव, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार निर्झरना, विकास अधिकारी पंचायत समिति लालसोट, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लालसोट, प्रधानाचार्य राजेश मिश्रा, महेंद्र चौहान सहित विभिन्न प्रकोष्ठों में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
शिक्षक देश का भविष्य संवारने का काम करते हैं, शिक्षक दिवस पर हुआ सम्मान
लालसोट। उपखंड मुख्यालय स्थित अपेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों ने सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश शर्मा शेड्यूलाइ ने कहा कि शिक्षक ही देश के भविष्य को संवारने का कार्य करते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में सही दिशा चुनने और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे शिक्षकों द्वारा दिए गए ज्ञान और संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात कर जीवन पथ पर आगे बढ़ें।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों का चरण वंदन कर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षक के महत्व को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान वंदना सेठी, राहुल शर्मा, योगेश शर्मा, रैना जैन, प्रिया भट्ट सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोग मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


