Tenders issued for various works related to the beautification of Kurukshetra, other tenders are also under process: Chief Minister-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 8, 2026 3:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कुरुक्षेत्र के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्यों के टेंडर जारी, अन्य टेंडर भी प्रक्रियाधीन: मुख्यमंत्री

khaskhabar.com: मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 4:49 PM (IST)
कुरुक्षेत्र के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्यों के टेंडर जारी, अन्य टेंडर भी प्रक्रियाधीन: मुख्यमंत्री
खास खबर। चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले धार्मिक स्थल कुरुक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर सहित शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की व्यापक योजना राज्य सरकार ने तैयार की है। योजना के तहत विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कई कार्यों के टेंडर लगाए जा रहे हैं, जबकि रेस्ट हाउस सहित अन्य कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान विधायक अशोक अरोड़ा द्वारा ब्रह्म सरोवर, कुरुक्षेत्र के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधायक अशोक अरोड़ा ने ब्रह्म सरोवर को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है और पूर्व में भी इस विषय को उठाया था। संबंधित मंत्री द्वारा इस संबंध में सदन को विस्तार से जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ब्रह्म सरोवर और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की पूरी योजना बनाई है। रेस्ट हाउस सहित विभिन्न कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं और आने वाले समय में योजनाबद्ध ढंग से इन कार्यों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में कुरुक्षेत्र में श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस मनाया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। कुरुक्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सरकार ने इसके समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार की है और उसी के अनुरूप कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इसका उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि जब मनोहर लाल मुख्यमंत्री थे और वे स्वयं सांसद थे, उस समय इस परियोजना को लेकर बात रखी गई थी। आज रेलवे एलिवेटेड ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है।
इस परियोजना से शहर को रेलवे फाटकों की समस्या से मुक्ति मिली है और शहर की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का तेजी से निर्माण सराहनीय है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार कुरुक्षेत्र की धार्मिक एवं ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप इसके विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement