Tanu Jangid was crowned Miss Fresher, Laxmi Sen was crowned 1st Runner-up and Tripti Arya-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 4:37 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : फ्रेशर्स पार्टी में तनु जांगिड़ बनीं मिस फ्रेशर, लक्ष्मी सेन प्रथम रनर-अप और तृप्ति आर्या द्वितीय रनर-अप रहीं

khaskhabar.com: मंगलवार, 29 सितम्बर 2026 4:49 PM (IST)
लालसोट समाचार : फ्रेशर्स पार्टी में तनु जांगिड़ बनीं मिस फ्रेशर, लक्ष्मी सेन प्रथम रनर-अप और तृप्ति आर्या द्वितीय रनर-अप रहीं
लालसोट। राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, लालसोट में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की नवागंतुक छात्राओं के स्वागत के लिए मंगलवार को भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लिया। सीनियर छात्राओं ने नवागंतुक छात्राओं का फूलों की वर्षा एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। फ्रेशर्स पार्टी की मुख्य प्रतियोगिता में कुल 30 छात्राओं ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कैटवॉक और बौद्धिक कौशल के विभिन्न चरणों के बाद स्नातक प्रथम सेमेस्टर की तनु जांगिड़ को ‘मिस फ्रेशर’ चुना गया। अतिथियों ने उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया। लक्ष्मी सेन प्रथम रनर-अप और तृप्ति आर्या द्वितीय रनर-अप रहीं। विजेताओं को महाविद्यालय की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका गरिमा शर्मा, सुनीता मीना और उर्मिला शर्मा ने निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मीणा ने की। उन्होंने नवागंतुक छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही छात्राओं को महाविद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वे शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। विशिष्ट अतिथि के रूप में चांदसेन सरपंच श्रीमती कौशल्या देवी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा खुशबू पाराशर एवं अक्षा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह को सफल बनाने में महाविद्यालय स्टाफ के डॉ. राजकुमार सिंह परमार, हरि सिंह मीणा, राम खिलाड़ी मीणा, राजेश कुमार मीणा, पवन नैनावत, श्याम सुंदर शर्मा, गरिमा शर्मा, सुनीता मीना, नरेश कुमार सैनी, दिनेश कुमार बारोलिया, रवि कुमार गुप्ता, राजेंद्र वर्मा, सुरेन्द्र वर्मा और कृष्ण कांत मीणा सहित सभी संकाय सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
समापन पर अतिथियों, स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। रंगारंग आयोजन से महाविद्यालय परिसर उत्सव के माहौल में नजर आया और सीनियर-जूनियर छात्राओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण बना।
*वार्डों के विकास में नहीं रहेगी कमी, वादों को किया जाएगा पूरा: कमल*
*वार्ड 19 में नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति व पार्षदों का अभिनंदन*
लालसोट। उपखंड मुख्यालय पर नवनिर्वाचित पार्षदों, सभापति एवं उपसभापति के अभिनंदन समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 19 में भी अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पीसीसी सदस्य कमल मीणा, नवनिर्वाचित नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित, उपसभापति ब्रजमोहन सैनी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक पुरोहित सहित बबलू सैनी का फूलमाला पहनाकर एवं साफा बांधकर अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य कमल मीणा ने कहा कि जनता ने कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जताते हुए नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाया है। वार्डों के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभापति कपिल पुरोहित से जन आकांक्षाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।
सभापति कपिल पुरोहित ने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक कार्यों के साथ-साथ व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि लोगों को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं क्लीन सिटी के रूप में विकसित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम किया जाएगा। नगर परिषद में अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए लोगों को भटकना न पड़े, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक पुरोहित ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। नगर परिषद में भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
*जिला अस्पताल में होगा 1 अक्टूबर वृद्धजन मेगा कैम्प एवं मेगा रक्तदान शिविर*

लालसोट। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को राजकीय जिला चिकित्सालय, लालसोट में वृद्धजन मेगा कैम्प एवं मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। दोनों शिविर प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होंगे।
वृद्धजन मेगा कैम्प में मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र रोग, मनोचिकित्सा, त्वचा रोग, स्त्री रोग, एनसीडी (बीपी आदि) तथा फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं उपचार की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इसी अवसर पर राजकीय जिला चिकित्सालय एवं कार्यालय ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लालसोट के संयुक्त सहयोग से मेगा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्र के सभी पात्र एवं स्वस्थ रक्तदाताओं से स्वैच्छिक रक्तदान कर जनसेवा के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
अस्पताल की ओर से सभी वृद्धजनों से भी शिविर में पहुंचकर उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया गया है। शिविर का आयोजन राजकीय जिला चिकित्सालय, लालसोट में 1 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
*लालसोट के विकास में धन की कमी नहीं, भाजपा सरकार ने दिए विकास को नए आयाम*
*विधायक रामविलास मीणा ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण व शिलान्यास*
लालसोट । पंचायत राज चुनाव से पहले विधायक रामविलास मीणा ने क्षेत्र के गांवों का तूफानी दौरा शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत सोमवार को उन्होंने उपखंड क्षेत्र के तालावगांव, महाराजपुरा, राजपुरा, मतलाना, रूपपुरा सहित अन्य गांवों में करोड़ों रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोहों में भाग लिया।
इस दौरान विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि लालसोट के विकास में धन की कोई कमी नहीं है। भाजपा सरकार ने लालसोट के विकास को नई गति देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुविधाएं बेहतर होने के साथ विकास की राह भी आसान हो रही है। उन्होंने कहा कि विकास की गति को और तेज करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा तथा कड़ी से कड़ी जोड़नी होगी।
शिक्षा को बताया विकास की आधारशिला
विधायक ने राजकीय महाविद्यालय तालावगांव में नवीन प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों को शिक्षकों द्वारा दिए जा रहे ज्ञान को आत्मसात कर आगे बढ़ना चाहिए तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से लालसोट का नाम रोशन करना चाहिए।
विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण
महाराजपुरा गांव में विधायक ने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। वहीं बालाजी मंदिर पर हाईमास्ट लाइट का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हाईमास्ट लाइट लगने से रात के समय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा महाराजपुरा ग्राम में राजपुरा रोड से बोली सीमा तक सड़क, शिवसिंहपुरा में मतलाना रोड से कलाई कोठी होते हुए रूपपुरा तलाई तक सड़क तथा होदायली में मुख्य गांव रूपपुरा से मेवाड़ी ढाणी तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में नवनिर्मित दो कक्षा-कक्षों का भी लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर हरकेश मतलाना, त्रिलोक शर्मा, बलराम बैरवा, रामकिशोर मीणा सहित अनेक लोग मौजूद थे।
*प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा का स्वागत, 4 अक्टूबर के भव्य आयोजन का दिया निमंत्रण*
*स्कूल शिक्षा परिवार लालसोट के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात*
लालसोट। स्कूल शिक्षा परिवार लालसोट की ओर से स्कूल शिक्षा परिवार के प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा से मुलाकात कर उनका माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान स्कूल शिक्षा परिवार लालसोट की ओर से आगामी 4 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम के लिए अनिल शर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया।
यह विशाल आयोजन लालसोट स्थित श्री दादू पैलेस गार्डन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा परिवार लालसोट से जुड़े सदस्य एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के संचालक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
मुलाकात के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन में अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को भव्य एवं यादगार बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement