जयपुर/उदयपुर। प्रदेश में टीकाकरण से वंचित बच्चों के लिए संचालित कार्यक्रम मिशन इंद्रधनुष में लापरवाही बरतने पर उदयपुर जिले की दो एएनएम को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा 2 अप्रैल को आयेाजित पल्स पोलियो अभियान में लापरवाही पर बाड़मेर जिले की 8 एएनएम को एपीओ किया गया है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री बंशीधर खंडेला ने बताया कि मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है एवं इन उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से वंचित बच्चों के लिए 7 अप्रैल से संचालित मिशन इंद्रधनुष में उदयपुर के कोटड़ा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र देवला की एएनएम पार्वती डामोर एवं सुशीला पूनिया को लापरवाही बरतने पर राजस्थान असैनिक सेवाएं नियम के तहत राज्यसेवा से निलंबित किया गया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय संयुक्त निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उदयपुर रहेगा।
खंडेला ने बताया कि जिला कलेक्टर बाड़मेर द्वारा 2 अप्रैल को कराए गए आकस्मिक निरीक्षण में पल्स पोलियो अभियान में लापरवाही पाए जाने पर जिले की 8 एएनएम को एपीओ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एपीओ की गई एएनएम में उपकेन्द्र उंडखा की भंवरी सुथार, उंडखा (कुर्जा) की सुभिता, रेड़वा केन्द्र की तारी कुमारी, उपकेन्द्र सावलोर की दुर्गेश कुमारी मिश्रा, परो उपस्वास्थ्य केन्द्र की लक्ष्मी चौधरी, जसाई उपस्वास्थ्य की लीला चौधरी, मारोड़ी उपस्वास्थ्य केन्द्र की ममता चौहान एवं उपस्वास्थ्य केन्द्र ढोक की एएनएम बरफो देवी शामिल हैं।