Student locked in bathroom for an hour at Greater Noida private school; family complains to District Magistrate-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 16, 2026 3:41 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

ग्रेटर नोएडा के निजी स्कूल में छात्रा एक घंटे तक बाथरूम में रही बंद, परिजनों ने डीएम से की शिकायत

khaskhabar.com: शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026 4:33 PM (IST)
ग्रेटर नोएडा के निजी स्कूल में छात्रा एक घंटे तक बाथरूम में रही बंद, परिजनों ने डीएम से की शिकायत
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 क्षेत्र स्थित रयान इंटरनेशनल स्कूल में एक गंभीर सुरक्षा लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा 7वीं की एक छात्रा विद्यालय समय के दौरान करीब एक घंटे तक स्कूल के बाथरूम में बंद रही। छात्रा के परिजनों ने इस घटना को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को छात्रा शानवी भाटी स्कूल समय के दौरान बाथरूम गई थी। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसके कारण वह अंदर ही फंस गई। बताया जा रहा है कि छात्रा करीब एक घंटे तक अंदर बंद रही और लगातार मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही। बाद में एक शिक्षक ने आवाज सुनकर दरवाजा खोला और छात्रा को बाहर निकाला।
छात्रा के पिता अशोक भाटी ने इस संबंध में गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत पत्र में उन्होंने कहा है कि इस घटना से उनकी बेटी मानसिक रूप से काफी आहत और भयभीत है। घटना के बाद से वह तनाव में है, जिससे परिवार बेहद चिंतित है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन इस घटना से इनकार कर रहा है और यह दावा कर रहा है कि दरवाजा बाहर से बंद नहीं था तथा छात्रा अंदर फंसी नहीं थी।
अभिभावकों का कहना है कि अगर ऐसा नहीं था तो फिर छात्रा लगभग एक घंटे तक बाथरूम में कैसे रही? उन्होंने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। अगर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उनका कहना है कि अभिभावक भारी फीस इस भरोसे पर देते हैं कि उनके बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। ऐसे में इस प्रकार की घटना विद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की गई है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement