State Government Completes Two Years in Office: Chief Minister Bhajanlal Sharma to Flag Off 50 Development Chariots on Friday-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jan 18, 2026 10:08 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को करेंगे 50 विकास रथों को रवाना

khaskhabar.com: गुरुवार, 11 दिसम्बर 2025 9:52 PM (IST)
राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को करेंगे 50 विकास रथों को रवाना
जयपुर। राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष पर राज्य सरकार की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं के व्यापक प्रचार- प्रसार हेतु मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को हरीशचन्द्र माथुर लोक प्रशासन संस्थान से 50 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। जिसके बाद जिला मुख्यालयों पर प्रभारी मंत्रियों के द्वारा प्रेस वार्ता के उपरांत इन विकास रथों को हरी झण्डी दिखाकर विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया जायेगा। मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने बताया कि सभी 200 विकास रथ उन्हें आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में जाकर राज्य सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, नीतिगत सुधारों, की जानकारी ऑडियो-वीडियो के माध्यम से आमजन तक सहज और प्रभावी रूप से पहुंचाई जायेगी। मुख्य सचिव ने गुरूवार को शासन सचिवालय में सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और जिला कलक्टर्स के साथ वीसी के माध्यम से इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विकास रथों की जन भागीदारी के साथ रूट चार्ट के अनुसार यात्रा सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक रथ के लिए खण्ड विकास अधिकारी अथवा उससे वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
विकास रथों की मॉनिटरिंग के लिए कन्ट्रोल रूम स्थापित-
मुख्य सचिव ने विकास रथों के रूटचार्ट के अनुसार यात्रा एवं सुरक्षा को मॉनिटर करने के लिए कन्ट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। सभी रथों की जियो टेगिंग के साथ लोकेशन की प्रतिदिन ट्रेकिंग की जायेगी, जिसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर होगी।
राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर संचालित किए जा रहे 15 दिवसीय अभियान के राज्य नोडल अधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के एसीएस अभय कुमार ने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम की व्यवस्था पंचायत कार्यालयों पर सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विकास रथ की पहुंच विधानसभा क्षेत्रों के हर हिस्से तक सुनिश्चित हो।
पुलिस महानिदेशक संजीव कुमार शर्मा ने सम्बंधित एसपी को रथों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस कार्मिकों को तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि के समय रथों को करीबी पुलिस थानों में खड़ा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रथ यात्रा के दौरान रथों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नियुक्ति, रूट चार्ट के अनुसार यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक एवं जिला कलक्टर्स से उनके जिलों की रूट चार्ट, रथों के शेड्यूल, उपलब्धता, सुरक्षा संबंधी पहलुओं एवं प्रेसवार्ता की तैयारियों का फीडबेक लिया।
विकास रथों के साथ राज्य सरकार की विभागवार उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका, पेम्फलेट सहित अन्य प्रचार सामग्री रहेगी। रथों के साथ एक सुझाव पेटिका भी रहेंगी जिसमें आमजन अपनी समस्याऐं, उम्मीदें और सुझाव दे सकते है। मुख्य सचिव ने सुझाव पेटिका में प्राप्त सुझावों पर समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी मंत्री के साथ संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
बैठक में पुलिस महानिदेशक संजय कुमार अग्रवाल, स्कूल शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल, आयोजना व सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त संदेश नायक, अतिरिक्त निदेशक प्रशासन डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा उपस्थित रहे। वीसी के माध्यम से सभी संभागीय आयुक्त, रेंज पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलक्टर्स एवं जिला जनसम्पर्क कार्यालयों के प्रभारी अधिकारी बैठक से जुडे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement