Solar panels will be installed on the roofs of government offices, emphasis on every home tricolor campaign in Bharatpur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jun 15, 2026 11:46 pm
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

सरकारी दफ्तरों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, भरतपुर में हर घर तिरंगा अभियान पर जोर

khaskhabar.com: सोमवार, 11 अगस्त 2025 6:36 PM (IST)
सरकारी दफ्तरों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, भरतपुर में हर घर तिरंगा अभियान पर जोर
भरतपुर। जिला कलेक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक में 'हर घर तिरंगा', 'हर घर स्वच्छता' और 'स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग' जैसे अभियानों पर चर्चा की गई। उन्होंने इन अभियानों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा, रैलियां, मानव श्रृंखलाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सेवानिवृत्त सैनिकों को भी जोड़ा जाए। बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के लिए चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की भी बात कही गई। उन्होंने पुलिस विभाग को तिरंगा बाइक रैली आयोजित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, सरकारी भवनों, ऐतिहासिक स्थलों और बाजारों को तिरंगे की रोशनी से सजाने के लिए भी कहा।
कलेक्टर ने ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को अपनी विद्युत खपत के अनुसार सरकारी कार्यालयों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए एक कार्ययोजना बनाने को कहा गया। कृषि विभाग को 'पीएम कुसुम' योजना के तहत किसानों को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें बिजली बिल से छुटकारा मिल सके।
सभी सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने के लिए विद्युत विभाग का सहयोग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, कलेक्टर ने बीडीए और नगर निगम को वार्डवार जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए मिलकर काम करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement