Advertisement
शुभ मुहूर्त में पर्चा भरने की होड़, 12 मिनट की देरी से छूटा चुनाव लड़ने का मौका

नामांकन के दौरान चुनावी राजनीति के साथ-साथ शुभ मुहूर्त का भी खासा असर दिखाई दिया। कई प्रत्याशी विद्वान पंडितों से शुभ समय निकलवाकर रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे। सभापति और अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे कई प्रमुख नेताओं ने विशेष रूप से दोपहर 12.15 बजे के अभिजीत मुहूर्त में नामांकन दाखिल करने को प्राथमिकता दी। कई प्रत्याशी निर्धारित समय से पहले कार्यालय पहुंच गए और शुभ घड़ी का इंतजार करने के बाद रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा को नामांकन पत्र सौंपे।
3 बजे बंद हुआ दरवाजा, जयपुर से पहुंची महिला रुखसाना बेगम एडवोकेट रह गई मायूस
नामांकन के अंतिम दिन एक महिला प्रत्याशी रुखसाना बेगम एडवोकेट को महज 12 मिनट की देरी भारी पड़ गई। जयपुर से अपने वकील के साथ पहुंची महिला वार्ड 14 से नामांकन दाखिल करना चाहती थी, लेकिन ट्रैफिक में फंसने के कारण वह निर्धारित समय के बाद पहुंची। दोपहर 3 बजे नामांकन दाखिल करने की समय सीमा पूरी होते ही रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया गया।
महिला ने देरी का कारण बताते हुए नामांकन स्वीकार करने का आग्रह किया, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के कारण उसका नामांकन स्वीकार नहीं किया जा सका। वह मायूस होकर वापस लौट गई। हालांकि जो प्रत्याशी दोपहर 3 बजे से पहले कार्यालय पहुंच चुके थे, उनके नामांकन पत्र लेने की कार्रवाई जारी रखी गई।
अंगूठे के निशान से भरा नामांकन
नामांकन प्रक्रिया के दौरान लोकतंत्र की एक अलग तस्वीर भी सामने आई। वार्ड 17 से 50 वर्षीय लाली देवी ने निरक्षर होने के कारण हस्ताक्षर के स्थान पर अंगूठे का निशान लगाकर नामांकन दाखिल किया। कुल 274 प्रत्याशियों में वह एकमात्र महिला प्रत्याशी रहीं, जिन्होंने अंगूठे का निशान लगाकर अपना नामांकन पत्र भरा।
टिकट का संशय, इसलिए पार्टी के साथ निर्दलीय विकल्प भी
भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को लेकर अंतिम समय तक बनी स्थिति का असर भी नामांकन केंद्र पर साफ दिखाई दिया। टिकट मिलने और कटने की आशंका के चलते कई दावेदारों ने पार्टी प्रत्याशी के साथ-साथ निर्दलीय विकल्प भी खुला रखा। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और बागी नेताओं ने भी अपने-अपने नामांकन दाखिल कर चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया।
वार्ड 16 में 13, वार्ड 26 में 16 दावेदार
सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड 16 की रही, जहां 12 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। यहां पूर्व चेयरमैन प्रेम प्रकाश चौधरी, पूर्व वाइस चेयरमैन महेंद्र जैन और दिनेश कालूवास सहित कई दावेदारों ने पर्चे भरे, जबकि अनिल बेनाडा ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
वहीं, वार्ड 26 में सबसे अधिक 16 प्रत्याशी मैदान में उतर आए हैं। वार्ड 18 से 8 और वार्ड 17 से 6 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के मैदान में आने से इन वार्डों में बहुकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं।
कई बड़े नामों ने भी दाखिल किए पर्चे
वार्ड 33 से विवेक पांखला ने भाजपा और निर्दलीय विकल्प के रूप में नामांकन दाखिल किया, जबकि कपिल पुरोहित ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। वार्ड 8 से पिंकी चतुर्वेदी ने भाजपा और ममता जोशी ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 15 से दीपा चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में तथा सोनाली उपाध्याय ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। वार्ड 28 से जीतू बढ़ाया, राजेंद्र ढढ़, अनूप माठा, विनीत उपाध्याय और विनोद पांखला, वार्ड 27 से बृजमोहन सैनी, वार्ड 31 से अमित शर्मा व कमलेश शर्मा तथा वार्ड 35 से पुरुषोत्तम जोशी सहित अनेक दावेदारों ने नामांकन दाखिल किए।
अब असली मुकाबले की तस्वीर होगी साफ
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नामांकन पत्रों की जांच और प्रत्याशियों की अंतिम सूची पर सभी की निगाहें टिक गई हैं। भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय और बहुकोणीय हो सकता है।
274 नामांकन ने साफ कर दिया है कि लालसोट नगर परिषद का चुनाव इस बार सीधी लड़ाई तक सीमित नहीं रहेगा। कई वार्डों में बागी, निर्दलीय और एक ही राजनीतिक पृष्ठभूमि के कई दावेदार जीत-हार का गणित बदल सकते हैं।
एक नजर में
अंतिम दिन नामांकन : 161
35 वार्डों के लिए कुल नामांकन : 274
अंतिम दिन
वार्ड 16 में दाखिल हुए नामांकन : 12
वार्ड 26 में सर्वाधिक दावेदार : 16
अभिजीत मुहूर्त : दोपहर 12.15 बजे
विशेष मामला : 12 मिनट देरी से महिला का नामांकन नहीं हो सका
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


