उदयपुर। शहर में इन दिनों नई रोड को खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर विकास प्रन्यास ने अपने दायरे में आने वाली 80 फीट रोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। दरसअल शहर के समीप पुला से 100 फीट रोड पर अशोका पैलेस के पास से निकलने वाली रोड मास्टर प्लान में प्रस्तावित थी, ऐसे में पहले यूआईटी की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो शनिवार को प्रन्यास के अतिक्रमण जाब्ते ने कार्रवाई कर 80 फीट रोड में आ रहे अतिक्रमण को हटा दिया। इसमें पक्के निर्माण भी शामिल थे। इस दौरान लोगों ने विरोध जताया तो प्रन्यास के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश की।
इस दौरान अवैध कब्जे होने ओर नोटिस देने पर भी नहीं हटाने की बात कहते हुए यूआईटी की टीम ने अपना काम जारी रखा। लोगों का विरोध बढऩे से पुलिस का सहारा लेना पड़ा और पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। प्रन्यास के सचिव राम निवास मेहता ने बताया कि यह रोड मास्टर प्लान में प्रस्तावित थी, लेकिन आसपास के लोगों के अतिक्रमण के चलते रोड का कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। ऐसे में अब सबसे पहले अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है। अब शीघ्र ही 80 फीट रोड का कार्य शुरू किया जाएगा।