Rajasthan: Police detain three individuals, including a named accused, in connection with the deaths of three youths in Alwar-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 15, 2026 4:10 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजस्थान: अलवर में तीन युवकों की मौत मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी समेत 3 को हिरासत में लिया

khaskhabar.com: सोमवार, 14 सितम्बर 2026 10:25 AM (IST)
राजस्थान: अलवर में तीन युवकों की मौत मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी समेत 3 को हिरासत में लिया
अलवर । राजस्थान के अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में मोती नगर इलाके में तीन युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर में नामजद एक आरोपी और दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि अरावली विहार थाने में दर्ज मुकदमे के तहत कार्रवाई की जा रही है। एफआईआर में नामजद एक आरोपी को पकड़ा गया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे घटना में संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 टीमें गठित की हैं। इन टीमों की निगरानी 3 आरपीएस अधिकारियों और 5 थानाधिकारियों के सुपरविजन में की जा रही है। पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही संदिग्ध आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
परिजनों के अनुसार, जितेंद्र राजपूत उर्फ छोटू (21) पुत्र बजरंग सिंह निवासी चोर डूंगरी अलवर, युवराज सैनी (22) पुत्र नेमीचंद निवासी तहसीलदार कॉलोनी, चोर डूंगरी के सामने और हिमांशु (21) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा निवासी अय्यप्पा मंदिर के सामने, अरावली विहार थाना क्षेत्र शनिवार शाम को भूरासिद्ध मंदिर गए थे। वहां से तीनों को अपने-अपने घर लौटना था। इस दौरान युवराज का परिवार के पास फोन भी आया था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच जाएगा। लेकिन कुछ ही देर बाद परिजनों को तीनों युवकों की मौत की खबर मिली।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने घटनास्थल पर जाकर स्थिति देखी तो वहां बेहद गंभीर हालात नजर आए। परिजनों के मुताबिक एक युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि दूसरे युवक का हाथ भी कुचला हुआ था। तीनों के शरीर पर चोट के कई निशान बताए गए हैं।
परिजनों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास सड़क पर बड़ी मात्रा में खून बिखरा हुआ था और सड़क पर टायरों के निशान भी नजर आए। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजन तीनों युवकों की मौत को सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
तीनों युवकों की मौत की खबर के बाद बड़ी संख्या में मृतकों के परिजन और समाज के लोग राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और धरना शुरू कर दिया। परिजनों की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई। अब पुलिस द्वारा एक नामजद आरोपी सहित तीन लोगों को डिटेन किए जाने के बाद जांच आगे बढ़ी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement