Rajasthan Civic Body Elections: Results declared for several cities including Alwar; neck-and-neck contest between Congress and BJP-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 4:19 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजस्थान निकाय चुनाव : अलवर समेत कई शहरों में नतीजे जारी, कांग्रेस-भाजपा के बीच कांटे की टक्कर

khaskhabar.com: सोमवार, 14 सितम्बर 2026 11:10 AM (IST)
राजस्थान निकाय चुनाव : अलवर समेत कई शहरों में नतीजे जारी, कांग्रेस-भाजपा के बीच कांटे की टक्कर
जयपुर । राजस्थान के निकाय चुनाव 2026 की मतगणना के दौरान अलग-अलग नगर परिषद और नगर पालिकाओं से लगातार नतीजे सामने आ रहे हैं। अलवर नगर निगम से लेकर सीकर, जैसलमेर, पोखरण, चौमूं, टोंक, जोधपुर और खाजूवाला तक कई वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। कई सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है जबकि कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। अलवर नगर निगम के वार्ड नंबर 7 से सुमन अजय अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। उनके समर्थकों में जीत के बाद उत्साह का माहौल है। वहीं वार्ड नंबर 9 से निर्दलीय प्रत्याशी लव कुमार विजयी हुए हैं। वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस प्रत्याशी केशव कुमार सारवान ने चुनाव जीता है जबकि वार्ड नंबर 10 से भाजपा की कविता कुमारी विजयी हुई हैं। वार्ड नंबर 6 से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश कुमार सारवान ने जीत दर्ज की है। वार्ड नंबर 8 से निर्दलीय प्रत्याशी गणेश कुमार ने भी बाजी मारी है। वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस प्रत्याशी नारायण साहिवाल लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहे हैं।
वार्ड नंबर 14 को लेकर भी परिणाम सामने आया है, जहां भाजपा प्रत्याशी रामानुज ने जीत दर्ज की है। इससे पहले इसी वार्ड से भारत कुमार जांगिड़ के आगे चलने की जानकारी सामने आई थी।
कुछ वार्डों में अभी मुकाबला जारी है। वार्ड नंबर 13 से निर्दलीय प्रत्याशी मधु सोनी, वार्ड नंबर 16 से भाजपा प्रत्याशी गोविंद कुकरेजा, वार्ड नंबर 15 से पुष्पा कुमारी, वार्ड नंबर 1 से भाजपा के पंकज शर्मा, वार्ड नंबर 3 से मदन राठौड़ और वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति के आगे चलने की जानकारी है।
अलवर में वार्ड नंबर 7 से विजयी सुमन अजय अग्रवाल को अगली महापौर के संभावित चेहरे के तौर पर भी बताया जा रहा है। हालांकि महापौर पद को लेकर अंतिम स्थिति और औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी।
बीकानेर जिले की खाजूवाला नगरपालिका से भी भाजपा के पक्ष में बढ़त की खबर है। अब तक भाजपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस के खाते में 8 सीटें आई हैं। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। मतगणना आगे बढ़ने के साथ खाजूवाला में राजनीतिक तस्वीर लगातार साफ होती जा रही है और फिलहाल भाजपा का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement