RAJ-RERA declares Anupama Chopra, director of Bhiwadi Sun View Buildcon, a defaulter, orders disclosure of her name and photo-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 8:51 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

RAJ-RERA ने भिवाड़ी के सन व्यू बिल्डकॉन की डायरेक्टर अनुपमा चौपड़ा को घोषित किया डिफॉल्टर, नाम और फोटो सार्वजनिक करने के आदेश

khaskhabar.com: शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026 1:40 PM (IST)
RAJ-RERA ने भिवाड़ी के सन व्यू बिल्डकॉन की डायरेक्टर अनुपमा चौपड़ा को घोषित किया डिफॉल्टर, नाम और फोटो सार्वजनिक करने के आदेश
रिकवरी सर्टिफिकेट जारी; जिला कलेक्टर को राशि वसूल करने के आदेश खास खबर। भिवाड़ी राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RAJ-RERA) ने नियामक आदेशों की अवहेलना करने, प्रोजेक्ट्स को लैप्स श्रेणी में अटकाने और अदालत द्वारा ठोकी गई पेनल्टी को वर्षों तक दबाने वाले बिल्डरों पर कानूनी चाबुक चला दिया है। रेरा कोर्ट द्वारा तीन साल पहले लगाए गए जुर्माने को न चुकाने और 'पैसों की तंगी' का बहाना बनाने वाली बिल्डर कंपनी 'मैसर्स सन व्यू बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड' पर अथॉरिटी ने दोहरा कड़ा प्रहार किया है। ..राजस्थान रेरा का मूल आदेश यहां पढ़िए
रेरा के सदस्य सुधीर कुमार शर्मा की पीठ ने स्वतः संज्ञान निष्पादन मामले की सुनवाई करते हुए कंपनी की डायरेक्टर अनुपमा चौपड़ा के खिलाफ न केवल धारा 40(1) के तहत रिकवरी सर्टिफिकेट जारी कर संबंधित जिला कलेक्टर को वसूली के आदेश दिए हैं, बल्कि RERA एक्ट की धारा 34(c) के तहत कंपनी को 'डिफ़ॉल्टर' घोषित करते हुए प्रमोटर- डायरेक्टर के नाम और तस्वीरें आधिकारिक वेब पोर्टल पर सार्वजनिक करने का ऐतिहासिक हुक्म सुनाया है।
धारा 11 के उल्लंघन पर लगा था ₹5 लाख का जुर्मानाः
पत्रावली के अनुसार, रेरा कोर्ट ने 7 फरवरी 2023 को आदेश पारित कर धारा 11 सपठित धारा 61 के तहत प्रमोटर कंपनी 'सन व्यू बिल्डकॉन' पर ₹5,00,000/- (पांच लाख रुपए) की भारी पेनल्टी लगाई थी। अदालत ने प्रमोटर को स्पष्ट निर्देश दिया था कि वह आदेश जारी होने के 45 दिनों के भीतर इस जुर्माने की राशि सरकारी खाते में जमा कराए और 15 दिनों में अनुपालना रिपोर्ट पेश करे। लेकिन इस आदेश की खुली अवहेलना की गई।
'पैसों की तंगी है'— बिल्डर का बहाना खारिजः
आदेश की पालना न होने पर मामला 'ऑर्डर्स (लैप्स प्रोजेक्ट्स)' श्रेणी के तहत सूचीबद्ध हुआ। 17 सितंबर 2026 को सुनवाई के दौरान रेरा की ओर से सहायक निदेशक (अभियोजन) सुरेंद्र प्रसाद मीना, जबकि प्रमोटर की ओर से अधिवक्ता अदिति शर्मा पेश हुईं। प्रमोटर ने दलील दी कि कंपनी गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रही है और पेनल्टी भरने की स्थिति में नहीं है। रेरा बेंच ने इस दलील को नकारते हुए दर्ज किया कि 3 साल से अधिक समय बीतने के बाद भी जुर्माना न भरना साबित करता है कि प्रमोटर जानबूझकर आदेशों की अनदेखी कर रहा है।
रेरा का फैसला: कलेक्टर करेंगे कुर्की
रेरा सदस्य सुधीर कुमार शर्मा ने निष्पादन मामले का निस्तारण करते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए कि धारा 40(1) में रिकवरी सर्टिफिकेट: प्रमोटर से ₹5 लाख की पेनल्टी वसूलने के लिए तत्काल रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किया जाए। रेरा रजिस्ट्री को निर्देश दिया गया है कि वह मामला संबंधित जिला कलेक्टर को भेजे, ताकि भू-राजस्व बकाया की तर्ज पर प्रमोटर की संपत्तियों को कुर्क कर वसूली की जा सके।
धारा 34(c) में डिफ़ॉल्टर घोषित:
कोर्ट ने प्रमोटर-डायरेक्टर अनुपमा चौपड़ा को औपचारिक रूप से डिफ़ॉल्टर घोषित किया है। रजिस्ट्री को पाबंद किया गया है कि आम जनता को आगाह करने के लिए प्रमोटरों के नाम, तस्वीरें और प्रोजेक्ट विवरण रेरा की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से प्रकाशित किए जाएं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement