RAJ AAKAR 2026: A confluence of Rajasthans heritage and modern creativity, an initiative to create a new identity on the national stage at IITF-2026-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 9:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

‘RAJ AAKAR 2026’ : राजस्थान की विरासत और आधुनिक रचनात्मकता का संगम, IITF-2026 के राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान की पहल

khaskhabar.com: गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 3:12 PM (IST)
‘RAJ AAKAR 2026’ : राजस्थान की विरासत और आधुनिक रचनात्मकता का संगम, IITF-2026 के राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान की पहल
जयपुर। राजस्थान की समृद्ध स्थापत्य परंपरा, कला, संस्कृति एवं शिल्प विरासत को आधुनिक डिजाइन और नवाचार के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से राजस्थान स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (RAJSICO), राजस्थान सरकार के उपक्रम, द्वारा ‘RAJ AAKAR 2026 – A State Level Design Competition’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को Fashion Design Council of Rajasthan (FDCR) का सहयोग प्राप्त है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राजस्थान के युवा एवं उभरते डिजाइनरों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। साथ ही, India International Trade Fair (IITF) 2026, नई दिल्ली में प्रस्तावित राजस्थान पवेलियन की परिकल्पना में युवा प्रतिभाओं की नई सोच, रचनात्मकता और राजस्थान की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। राजस्थान पवेलियन की थीम — ‘विरासत और विकास’
IITF-2026 में राजस्थान पवेलियन की थीम ‘विरासत और विकास’ रखी गई है। इसी व्यापक अवधारणा के अनुरूप प्रतिभागियों से ऐसे रचनात्मक डिजाइन एवं विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं, जिनमें राजस्थान की वास्तुकला, लोक संस्कृति, कला, शिल्प, पारंपरिक रंगों एवं विरासत को आधुनिक डिजाइन, नवाचार और विकास की अवधारणा के साथ प्रस्तुत किया जा सके।
प्रतियोगिता के माध्यम से युवा डिजाइनरों को अपने विचारों के जरिए राजस्थान पवेलियन की परिकल्पना में योगदान देने का अवसर मिलेगा, जिससे राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की विविध सांस्कृतिक विरासत, रचनात्मकता और समकालीन दृष्टिकोण को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जा सके।
कौन ले सकता है भाग?
राजस्थान के विभिन्न कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस राज्य स्तरीय डिजाइन प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। विशेष रूप से आर्किटेक्चर, इंटीरियर डिजाइन एवं अन्य संबंधित डिजाइन विषयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से अथवा टीम के रूप में अपनी डिजाइन अवधारणा प्रस्तुत कर सकते हैं।
क्या प्रस्तुत करना होगा?
प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को राजस्थान पवेलियन की अपनी परिकल्पना के साथ मूड बोर्ड, फ्लोर प्लान, फसाड डिजाइन, इंटीरियर डिजाइन, 3D व्यू/रेंडर तथा कॉन्सेप्ट नोट प्रस्तुत करना होगा। प्रस्तुत डिजाइन में राजस्थान की विरासत, संस्कृति एवं शिल्प परंपरा के साथ आधुनिकता और नवाचार का रचनात्मक समन्वय प्रदर्शित किया जाना अपेक्षित है।
प्रतियोगिता के माध्यम से अवसर
‘RAJ AAKAR 2026’ प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक एवं डिजाइन प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक ले जाने का अवसर प्रदान करेगा। उत्कृष्ट प्रविष्टियों को RAJ AAKAR पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को अपने कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने तथा अपने पोर्टफोलियो और उद्योग जगत में पहचान बनाने का अवसर प्राप्त होगा।
चयनित डिजाइन अवधारणाओं को IITF-2026 के राजस्थान पवेलियन की परिकल्पना में सम्मिलित किए जाने का अवसर भी दिया जा सकता है।
आवेदन की अंतिम तिथि
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 18 अक्टूबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के लिए RAJSICO की वेबसाइट के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement