Rahul rally in Rajasthan-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 19, 2024 12:43 am
Location
Advertisement

किसानों के कर्जे माफ करने के लिए भाजपा सरकार को करेंगे मजबूर -राहुल गांधी

khaskhabar.com : बुधवार, 19 जुलाई 2017 7:31 PM (IST)
किसानों के कर्जे माफ करने के लिए भाजपा सरकार को करेंगे मजबूर -राहुल गांधी
बांसवाड़ा। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि देश में आज ऐसे हालात हैं कि कांग्रेस पार्टी यदि लोकसभा में किसानों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए आवाज उठाने का प्रयास करती है तो प्रधानमंत्री की मौजूदगी में उसे दबा दिया जाता है। भाजपा ने बीते चुनावों में कांग्रेस के खिलाफ जनता को भ्रमित कर और बड़े-बड़े सपने दिखाकर गुमराह कर जीत हासिल की है, लेकिन जब तक देश के किसानों के हालात नहीं सुधरेंगे और जब तक किसानों के कर्जे माफ नहीं होंगे कांग्रेस एक दिन भी चुप नहीं बैठेगी। किसानों के हित में संघर्ष करने के लिए कांग्रेस पार्टी हर समय तैयार है।
वागड़ क्षेत्र के बांसवाड़ा जिले में आयोजित किसान आक्रोश रैली को सम्बोधित करते कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पंजाब और कर्नाटक में किसानों का कर्जा माफ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता से यूं तो कई वादे किये थे, परन्तु मुख्य तौर पर किसानों के हित में काम करने व बेरोजगारों युवाओं को रोजगार देने की बात पर ज्यादा जोर डाला था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दबाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने किसानों के कर्जे माफ किये हैं, वहीं पंजाब व कर्नाटक की कांग्रेस सरकारों ने बिना किसी दबाव के किसानों के कर्जे माफ कर उन्हें राहत दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट व अन्य वरिष्ठ नेताओं को तब तक संघर्ष करना है जब तक कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के कर्जे माफ नहीं करती है।

उन्होंने कहा कि आज व्यापारी, किसान और तमाम शोषित वर्ग उम्मीद से कांग्रेस पार्टी की तरफ देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को सिर्फ पूँजीपति नहीं चलाते हैं बल्कि पूरा देश आदिवासी, किसान व आम लोगों की मेहनत से तरक्की कर रहा है। उन्होंने उपस्थित किसानों को विश्वास दिलाया कि उनके हकों की लड़ाई लडक़र कांग्रेस भाजपा सरकार को किसान हित में कर्जे माफ करने के लिए मजबूर करेगी। इस मौके पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि यह बहुत दु:खद है कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा सरकार की बेरूखी के कारण किसान और कृषि से जुड़े लोग बुरे दौर से गुजर रहे हैं। अपनी सुराज संकल्प यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ-साथ लगभग सभी वर्गों से बड़े-बड़े वादे करके वोट बटोरे थे, लेकिन प्रचण्ड बहुमत से जीतने के बाद भाजपा सरकार जनविरोधी फैसले लेकर प्रदेश की जनता का शोषण कर रही है।
पायलट ने कहा कि भाजपा के राज में देश व प्रदेश के किसान दुर्दशा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी वादों को पूरा करना तो दूर भाजपा सरकार ने जिस तरह से किसानों की अनदेखी की है उसका परिणाम यह निकला कि प्रदेश के किसानों ने आत्मघाती कदम उठाकर अपने जीवन को समाप्त कर लिया है।
रैली को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव डॉ. सी. पी. जोशी, मोहन प्रकाश, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, विधायक महेन्द्रजीतसिंह मालवीय ने भी सम्बोधित किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/4
Advertisement
Khaskhabar Rajasthan Facebook Page:
Advertisement
Advertisement