Punjab: Bulldozer Demolishes Illegal Building of Drug Traffickers in Moga-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Dec 12, 2025 3:13 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पंजाब: मोगा में नशा तस्करों की अवैध इमारत पर चला बुलडोजर

khaskhabar.com: शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 3:28 PM (IST)
पंजाब: मोगा में नशा तस्करों की अवैध इमारत पर चला बुलडोजर
मोगा। पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम के तहत मोगा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मोगा नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के धंधे से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया है। यह कार्रवाई लाल सिंह रोड स्थित साधा वाली बस्ती में की गई, जहां अरुण कुमार और राहुल कुमार नामक दो भाइयों की ओर से गलत तरीके से धन अर्जित कर बनाई गई इमारत को निगम ने पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से गिरा दिया। जानकारी के अनुसार, अरुण और राहुल लंबे समय से नशे के कारोबार में शामिल थे। इनके खिलाफ अब तक कई थानों में 8 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 3 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत हैं। इन मामलों में कमर्शियल क्वांटिटी की नशे की बरामदगी भी शामिल रही है।
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि इन दोनों ने नशीली सामग्री बेचकर अवैध तरीके से संपत्ति बनाई थी, जिसे अब सरकार के नशामुक्त पंजाब अभियान के तहत जब्त कर गिराया गया।
कार्रवाई के दौरान मोगा के एसएसपी अजय गांधी, नगर निगम के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। इमारत को गिराने की पूरी प्रक्रिया प्रशासन की देखरेख में की गई।
एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि पंजाब पुलिस और प्रशासन मिलकर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। जो लोग नशे के कारोबार में शामिल हैं, वे तुरंत यह काम छोड़कर सही रास्ते पर लौट आएं, अन्यथा उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह मुहिम नशे के खिलाफ जारी है और मोगा जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नशा बेचकर अर्जित संपत्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है और नशा मुक्त पंजाब की दिशा में यह कदम एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
एसएसपी अजय गांधी ने आगे कहा कि नशे में शामिल और लोगों की संपत्ति चिह्नित की जा रही है, जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है। हमारा मकसद है मोगा को नशा मुक्त बनाना।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement