PM Modi, Amit Shah and Rajnath Singh congratulated on Bihar Day-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jun 11, 2023 7:26 am
Location
Advertisement

बिहार दिवस पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दी बधाई

khaskhabar.com : बुधवार, 22 मार्च 2023 1:03 PM (IST)
बिहार दिवस पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दी बधाई
पटना। बिहार दिवस राज्य में बहुत ही धूम-धाम से मनाया जा रहा है। बिहार की वर्षगांठ के मौके पर मनने वाले इस बिहार दिवस के मौके पर राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में 22 से 24 मार्च तक अलग-अलग आयोजन होने वाले हैं। इस दौरान बिहार की उपलब्धियों से लेकर बिहार के गौरवशाली इतिहास की छटा पूरे राज्य में बिखरेगी। पटना के गांधी मैदान में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे तो कई तरह के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

इस साल 'युवा शक्ति बिहार की प्रगति' थीम पर आधारित बिहार दिवस को लेकर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हो रहे है।

राजधानी के सिनेमाघरों में लोगों को तीन दिनों तक चुनिंदा फिल्म दिखाई जाएंगी, वहीं पटना जू में भी तीन दिनों तक स्कूली बच्चों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।

गांधी मैदान में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है तो मैदान में 14 पंडाल बनाए जा रहे हैं। इन पंडालों में प्रदर्शनी सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृषि मेला, बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की गैलरी लगाई जा रही है।

गांधी मैदान पहुंचने वाले लोग व्यंजन मेला में राज्य के विभिन्न जिलों के मशहूर व्यंजन स्वाद ले सकेंगे।

बिहार दिवस के तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन 22 मार्च को बालीवुड के जाने-माने गायक जावेद अली और आइपीएस अफसर आलोक राज अपनी प्रस्तुति देंगे।

इसके अलावा समारोह के दूसरे दिन मैथिली ठाकुर और तलत अजीज अपना कार्यक्रम पेश करेंगे तो तीसरे दिन 24 मार्च को इंडियन आइडल विजेता सलमान अली और दीपाली सहाय प्रस्तुति देंगी।

इन सभी कलाकारों ने कार्यक्रम में आने के लिए सहमति दे दी है। इसके अलावा कई अन्य कलाकारों के शिरकत करने की संभावना है।

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से ऐतिहासिक गोलघर और पटना सिटी स्थित मंगल तालाब परिसर में पर्यटक लेजर शो दिखाया जाएगा। पर्यटन निगम के प्रबंधक सुमन कुमार ने बताया कि पटना के अलावा बोधगया, वैशाली और राजगीर में लेजर शो 22 से 24 मार्च तक प्रदर्शित किया जाएगा।
बिहार दिवस पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दी बधाई :

बिहार दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के साथ-साथ बिहार के लोगों के लगन और कठिन परिश्रम का जिक्र करते हुए राज्य के लोगों को बधाई दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ-साथ कई दिग्गज मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने भी बिहार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार दिवस पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई! अपने समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बिहार के लोग देश के विकास के लिए हर क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रहे हैं। अपनी लगन और कठिन परिश्रम से उन्होंने एक विशेष पहचान बनाई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, सभी को बिहार दिवस की शुभकामनाएं। प्राचीन काल से ही बिहार भारतवर्ष की शिक्षा और नीतियों का केंद्र रहा है।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए आगे दावा किया कि, मोदी जी के नेतृत्व में हम भारत के इस सिरमौर की प्रतिष्ठा, संपन्नता और वैभव को पुनस्र्थापित करने के लिए संकल्पित हैं। प्रदेशवासियों की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार के सभी भाइयों एवं बहनों को बिहार दिवस को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी महान सांस्कृतिक विरासत और कला-संस्कृति के लिए देश और विदेश में एक विशिष्ट पहचान रखने वाला यह प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
बिहार दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी लोगों को शुभकामनाएं :
बिहार दिवस के मौके पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश और देशवासियों को बधाई दी है। बिहार दिवस पर राज्यपाल आर्लेकर ने अपने शुभकामना संदेश में बिहारवासियों और प्रवासी बिहार के लोगों को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी तथा ज्ञान, साधना, अहिंसा, करुणा और प्रेम की पावन भूमि है। इसी कारण यह देव भूमि भी है। इस राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है तथा भारत के निर्माण और विकास में इसका अद्वितीय योगदान रहा है।

उन्होंने इस मौके पर लोगों से बिहार के गौरव को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेते हुए इस राज्य और देश के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया है।

इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को बढ़ाएंगे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने लोगों को बिहार दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि विश्व को प्रथम लोकतंत्र, अहिंसा, सदभाव, करूणा व प्रेम का संदेश देने वाला, ज्ञान और संघर्ष की भूमि बिहार के स्थापना दिवस पर आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/3
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement