ऑयल से भरा टैंकर पलटा, बर्तन लेकर बटोरने दौड़ पड़े लोग
khaskhabar.com: शनिवार, 08 अप्रैल 2017 11:14 AM (IST)
उदयपुर। पाम ऑयल से भरा एक टैंकर सडक़ किनारे खड़े वाहनों को कुचलते हुए पलट गया और देखते ही देखते ऑयल गड्ढ़ों में भर गया। आस-पास के लोगों को जैसे ही ऑयल टैंकर पलटने की खबर मिली तो वे डिब्बे और बर्तन लेकर ऑयल बटोरने के लिए दौड़ पड़े। बाद में पुलिस के पहुंचने पर लोग वहां से हटे। जानकारी के मुताबिक, फालना निवासी भरत सरगरा (30) कार में सवार हो फालना से उदयपुर जा रहा था। भादवी गुढ़ा चौराहे के मोड़ पर स्टेयरिंग फेल हो जाने से उसकी कार बांई तरफ लगे सेफ्टी गार्ड से टकराकर ऊंची हो गई। उस दौरान वहां से गुजर रहे लोयरा निवासी दिनेश पटेल, सेनवाड़ा निवासी लक्ष्मण सिंह राजपूत और पदराड़ा निवासी देवी सिंह राजपूत अपनी बाइकों को सडक़ किनारे खड़ी कर कार में से चालक को बाहर निकालकर कार को सीधा करने में जुटे हुए थे। इसी दौरान पाम ऑयल से भरा एक टैंकर उनकी तरफ आता दिखा। इस पर सभी एक साथ दूसरी तरफ भाग गए। टैंकर ने पहले कार को टक्कर मारी और फिर तीनों बाइकों को कुचलता हुआ रोड साइड में पलट गया। टैंकर पलटने के बाद सडक़ पर पाम ऑयल बहने लगा और छोटे-मोटे गड्ढों में भर गया। खबर फैलते ही आसपास के लोग बर्तन लेकर उसे समेटने के लिए दौड़ पड़े।