Noida: 19-year-old woman found murdered in a PG with multiple stab wounds to the body and neck; accused absconding-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 8, 2026 11:26 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नोएडा : पीजी में 19 वर्षीय युवती की हत्या, शरीर और गले पर चाकू से कई वार, आरोपी फरार

khaskhabar.com: मंगलवार, 11 अगस्त 2026 5:44 PM (IST)
नोएडा : पीजी में 19 वर्षीय युवती की हत्या, शरीर और गले पर चाकू से कई वार, आरोपी फरार
नोएडा । नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में स्थित एक पीजी में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की चाकू से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पीजी संचालक की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान करीब 19 वर्षीय महक अहमद के रूप में हुई है। वह मूलरूप से असम की रहने वाली थी और प्राइवेट नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी। बताया जा रहा है कि युवती अपनी एक दोस्त के साथ नोएडा आई थी और बरौला में स्थित पीजी में रह रही थी। जिस कमरे में युवती का शव बरामद हुआ, वह उसके कमरे के बगल में स्थित बताया जा रहा है। 10 अगस्त को पुलिस को बरौला स्थित पीजी के एक कमरे में युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर चाकू से कई वार किए जाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि गले, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कराया और फोरेंसिक टीम तथा फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान रमन के रूप में की है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है।
पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों के साथ-साथ घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जा सके। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारण और हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement