No action against sanitation workers, government should resolve the issue through talks: Kumari Selja-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 8:12 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं, बातचीत से समाधान करे सरकार : कुमारी सैलजा

khaskhabar.com: मंगलवार, 08 सितम्बर 2026 3:31 PM (IST)
सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं, बातचीत से समाधान करे सरकार : कुमारी सैलजा
खास खबर। चंडीगढ़
पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहाकि हरियाणा सरकार सफाई कर्मचारियों को बर्खास्त, निलंबित और गिरफ्तार करने के बजाय उनकी उचित मांगों का बातचीत से समाधान करे। कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करना समस्या का स्थायी हल नहीं है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगें स्वीकार करने में वित्तीय बोझ का तर्क देती है, जबकि नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची पर रोक लगाकर सफाई कर्मचारियों को उचित वेतन, जोखिम भत्ता और सामाजिक सुरक्षा दी जा सकती है।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम में करीब 200 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच में अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इस मामले में बिना कार्य के भुगतान और विकास कार्यों को छोटे हिस्सों में बांटकर ई-टेंडर प्रक्रिया से बचने जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि सिरसा नगर परिषद में भी गलियों के निर्माण और भुगतान को लेकर पार्षदों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कुछ गलियों को निर्माण के दो-तीन वर्ष बाद ही दोबारा बनाने तथा काम पूरा हुए बिना भुगतान करने के आरोपों की जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष तकनीकी और वित्तीय जांच करवाई जानी चाहिए।
सांसद ने मांग की कि प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों में पिछले पांच वर्षों के दौरान हुए गली, सडक़, सीवरेज और सफाई संबंधी कार्यों का विशेष ऑडिट कराया जाए। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई कर सरकारी राशि की वसूली की जाए तथा बचाए गए धन का उपयोग सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन एवं सुविधाएं देने में किया जाए।

कांग्रेस अधिवेशन में करेंगी संबोधितः
कुमारी सैलजा 9 सितंबर को सुबह ब्लॉक खेड़ी लक्खा सिंह की ओर से रतन फार्म, रादौर रोड, ऊंचा चंदना में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेंगी। कुमारी सैलजा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संदेश कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएंगी। इस दौरान वे पार्टी की नीतियों, संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी। अधिवेशन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement