Advertisement
सड़क की मरम्मत में लापरवाही की तो एजेंसी की बैंक गारंटी होगी कैश : मंत्री रणबीर गंगवा

मंत्री ने कहा कि सड़कें आम लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए इनके रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने एसई, एक्सईएन और अन्य आला अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन फील्ड में जाकर सड़कों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कहीं सड़क टूटी हुई या क्षतिग्रस्त मिलती है तो उसकी मरम्मत की प्रक्रिया तुरंत शुरू करवाई जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर प्राप्त शिकायतों का 10 दिन के भीतर समाधान करने संबंधी निर्देशों की भी सख्ती से पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐप पर शिकायत आने के बाद उसकी कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मौके पर जाकर समस्या का समाधान किया जाए।
बैठक में हरियाणा के 11 सर्कलों में करीब 2,813.339 किलोमीटर सड़कों से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा हरसैक परियोजना, ‘म्हारी सड़क’ ऐप, वर्क प्रोग्राम 2026-27 तथा मॉडल रोड से संबंधित कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी कार्य में देरी हो रही है, वहां तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
*वर्क प्रोग्राम के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*
मंत्री रणबीर गंगवा ने वर्क प्रोग्राम 2026-27 की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को अभी तक शुरू नहीं किया जा सका है, उन्हें तेजी से शुरू किया जाए। अक्टूबर माह में वर्क प्रोग्राम के तहत सभी कार्यों को गति मिलनी चाहिए और एक नवंबर से सभी संबंधित कार्य जमीन पर दिखाई देने चाहिए। जिन कार्यों में किसी स्तर पर लेटलतीफी चल रही है, वहां संबंधित अधिकारी प्रक्रिया में तेजी लाएं।
*धुंध से पहले पूरे हों सड़क सुरक्षा के काम*
आगामी मौसम में धुंध अथवा मौसम के बदलाव को देखते हुए मंत्री ने सड़कों पर पट्टियां, पेंटिंग, संकेतक और अन्य जरूरी सड़क सुरक्षा कार्य समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के आसपास स्थित स्कूलों, कॉलेजों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के पास आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।
*सरकारी भवनों पर सोलर व्यवस्था पर जोर*
बैठक में सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। गंगवा ने संबंधित अधिकारियों को सरकार के निर्देशों के अनुरूप सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जाने वाले स्कूल, कॉलेज, अस्पताल अथवा अन्य सरकारी भवन निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हों तथा भवन पर उपयुक्त डिस्प्ले/प्लेट लगाई जाए, जिससे निर्माण कराने वाले विभाग की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
चंडीगढ़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


