MSME Business Summit to be held in Gurugram on October 26: Pawan Agarwal-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 5:45 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गुरुग्राम में 26 अक्टूबर को होगा एमएसएमई बिजनेस समिट: पवन अग्रवाल

khaskhabar.com: शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 4:50 PM (IST)
गुरुग्राम में 26 अक्टूबर को होगा एमएसएमई बिजनेस समिट: पवन अग्रवाल
अम्बाला। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की ओर से आयोजित किए जाने वाले एमएसएमई बिजनेस समिट एवं उद्यम अवार्ड समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस समिट को लेकर प्रदेशभर के व्यापारी प्रतिनिधियों में काफी उत्साह है। इसका अंदाजा समिट के लिए हुए पंजीकरण को देखकर लगाया जा सकता है। इस समारोह में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री शोभा करंदलाजे मुख्य अतिथि होंगीं। यह बात संगठन के प्रदेश महासचिव व जिला कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने समिट की तैयारियों की जानकारी देते हुए कही। उन्होंने बताया कि एमएसएमई उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन द्वारा आयोजित ये बिजनेस समिट है, जो आगामी 26 अक्टूबर को सरहोल बॉर्डर स्थित गुरुग्राम के द लीला होटल में तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बिजनेस समिट में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता एवं कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला, प्रदेश अध्यक्ष गुलशन डंग सहित देश व प्रदेश के अनेक व्यापारी नेता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जन उद्योग व्यापार संगठन एसएसएमई क्षेत्र के भविष्य को आकार देने के लिए एक महत्वपूर्ण बिजनेस शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।
एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) क्षेत्र राष्ट्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह वर्तमान में 6.5 करोड़ से अधिक उद्यमों का प्रतिनिधित्व करता है, जो सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान देता है और 28 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार देता है। एमएसएमई भारत के नवाचार, रोजगार सृजन और 45 प्रतिशत से अधिक निर्यात का केंद्र बिंदु है, इसलिए वैश्विक विनिर्माण और सेवा केंद्र के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए इस क्षेत्र को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के समक्ष खड़ी इन चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श करने के लिए ही संगठन द्वारा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, कुशल और टिकाऊ एमएसएमई का निर्माण विषय पर इस बिजनेस शिखर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि यह शिखर सम्मेलन एमएसएमई क्षेत्र के परिवर्तन के लिए संवाद को बढ़ावा देने और एक सहयोगात्मक रोडमैप तैयार करने हेतु सरकारी अधिकारियों, एमएसएमई नेताओं, उद्योग विशेषज्ञों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, कौशल संस्थानों और वित्तीय भागीदारों को एक साथ लाएगा।
पवन अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान, प्रतिष्ठा व उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित संगठन है जो दलगत राजनीति से दूर सिर्फ और सिर्फ व्यापारी भाईयों की भलाई के लिए काम करता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement