mogli girl found in katrniya forests in gonda-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 20, 2024 8:39 pm
Location
Advertisement

कतर्निया जंगलों में मिली मोगली गर्ल बनी कौतूहल का विषय

khaskhabar.com : शुक्रवार, 07 अप्रैल 2017 5:01 PM (IST)
कतर्निया जंगलों में मिली मोगली गर्ल बनी कौतूहल का विषय
गोंडा। कोई उसे मोगली गर्ल कहता है तो कोई जंगल की गुड़िया। जिलाधिकारी ने उसका नाम वन दुर्गा रखा है। बावजूद इसके कि वह न इंसानों की तरह बात करती है और न ही व्यवहार। देवी पाटन मण्डल के बहराइच जिला अस्पताल में कुछ दिन पहले कतर्नियाघाट के जंगलों से लायी गयी दस वर्षीय रहस्यमय बच्ची सबके कौतुहल का विषय बनी हुई है। वैसे तो इसके बारे में सटीक जानकारी किसी के पास नहीं है, लेकिन अस्पताल स्टॉफ व पुलिस मानती है कि इस इंसान की बच्ची की परवरिश बंदरों के बीच हुई।

तकरीबन तीन माह पहले इसे बहराइच के कतर्नियाघाट के जंगलों में लकड़ी बीनने वालों ने देखा था। बच्ची के तन पर एक भी कपड़ा नहीं था लेकिन वह इस सबसे बेफिक्र थी। लकड़हारे इसके पास गए तो बंदरों ने बच्ची को घेरे में ले लिया और किसी को पास नहीं फटकने दिया। कतर्नियाघाट वन्य जीव क्षेत्र के मोतीपुर रेंज में इसके बाद वह कई बार देखी गई। बताते हैं कि बालिका के चोटिल होने के चलते वह अस्वस्थ लग रही थी। बालिका के करीब जाने की कोशिश करने पर बंदरों के झुंड ग्रामीणों पर हमलावर हो जाते थे। सूचना आसपास के गांवों में फैल गई। दर्जनों बंदर घने जंगल में उसकी निगरानी कुछ इस तरह करते थे, जैसे बालिका उनके परिवार की एक सदस्य हो। सूचना मोतीपुर पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस बताए गए स्थान पर जंगल में पहुंची, लेकिन बालिका नहीं दिखाई पड़ी।

20 जनवरी की रात यूपी 100 की टीम रात्रि गश्त के दौरान जंगल से गुजर रही थी कि अचानक उसे यह बालिका बंदरों के बीच दिखी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस जवानों ने बालिका को बंदरों के बीच से निकालकर गाड़ी में बैठाया। जख्मी बालिका को एसआइ सुरेश यादव ने मिहीपुरवा सीएचसी में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर 25 जनवरी को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। धीरे-धीरे बालिका की हालत में सुधार आया। बालिका लोगों को देखकर बंदरों की तरह गुर्राने लगी। हाव-भाव भी बंदरों जैसा है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा भोजन देने पर थाली से नीचे गिरा देती है और बेड पर बिखेर कर खाना खाती है।

मोतीपुर थानाध्यक्ष राम अवतार यादव ने बताया कि लड़की जंगल में नग्न अवस्था में बंदरों के साथ पाई गई थी। इस दौरान बाल और नाखून बढ़े हुए थे। शरीर पर कई जगह जख्म भी थे। बालिका की उम्र लगभग 10 वर्ष है। वह न बोल पाती है और न ही लोगों की बात समझ पाती है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar UP Facebook Page:
Advertisement
Advertisement