Advertisement
ऑपरेशन त्रिनेत्र का बड़ा प्रहार : जेल में बंद ड्रग तस्कर घनश्याम की 1.04 करोड़ की संपत्ति सील, पत्नी के नाम मकान और फार्म हाउस फ्रीज

यह कार्रवाई वर्ष 2023 में दर्ज एक बड़े एनडीपीएस प्रकरण से जुड़ी है। 22 दिसंबर 2023 को प्रतापगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि गांव संचई के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन से 492.850 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद कर प्रकरण दर्ज किया। अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपी भूरालाल लबाना से पूछताछ में विजय डांगी और घनश्याम कलाल का नाम सामने आया। विजय डांगी की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि बरामद डोडा चूरा घनश्याम कलाल के साथ मिलकर सप्लाई किया गया था। उस समय घनश्याम एक अन्य एनडीपीएस मामले में सजा काट रहा था, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर इस प्रकरण में भी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पत्नी के नाम आलीशान मकान, खुद के नाम फार्महाउस और कार
जांच में सामने आया कि घनश्याम कलाल ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से अपनी पत्नी के नाम ग्राम रिछा में करीब 60 लाख रुपये का आलीशान मकान बनवाया। इसके अलावा ग्राम पड़ुनी में अपने नाम 40 लाख रुपये का फार्महाउस तथा करीब 4 लाख रुपये की मारुति सुजुकी ऑल्टो कार खरीदी। इन सभी संपत्तियों का कुल वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 4 लाख रुपये आंका गया है।
पहले भी एनडीपीएस मामले में हो चुका है दोषसिद्ध
आरोपी घनश्याम लंबे समय से डोडा चूरा, अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रहा है। थाना धमोतर के एक एनडीपीएस प्रकरण में उसे 8 वर्ष के कठोर कारावास और 1 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा भी हो चुकी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर मामलों में कुल सात प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों तथा उन्हें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी से अर्जित अवैध चल एवं अचल संपत्तियों को चिन्हित कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रतापगढ़
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


