Major action by Sadar Police in Dausa: Brijesh Meena, a wanted criminal who orchestrated-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 3:50 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा में सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 50 हजार की सुपारी देकर जानलेवा हमला कराने वाला इनामी आरोपी बृजेश मीना गिरफ्तार

khaskhabar.com: शुक्रवार, 25 सितम्बर 2026 6:16 PM (IST)
दौसा में सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 50 हजार की सुपारी देकर जानलेवा हमला कराने वाला इनामी आरोपी बृजेश मीना गिरफ्तार
पैसे के लेन-देन के विवाद में रची थी साजिश, कुत्ते को जहर देकर की थी रैकी, पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं 3 आरोपी दौसा। जिले के सदर थाना पुलिस ने सुपारी देकर जानलेवा हमला कराने और भांवता गांव में पति-पत्नी पर हुए हमले के मामले में लंबे समय से वांछित इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 50 हजार रुपये की सुपारी देकर हमला कराने वाले मुख्य षड्यंत्रकारी बृजेश मीना को दबोच लिया है। सदर थानाधिकारी युधिष्ठिर ने बताया कि ग्राम गांगदवाड़ी निवासी आरोपी बृजेश (पुत्र भरतलाल मीना) को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रिहायशी मकान में घुसकर सुपारी देकर हमला कराने, 30 मई को ग्राम भांवता में पीड़ित जगदीश मीना व उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला करने और ग्राम गोठड़ा की वारदात में संलिप्तता पाई गई है। इस मामले में पुलिस 3 आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कुत्ते को चिकन में जहर देकर मारा, फिर रात में किया हमला
थानाधिकारी के अनुसार, घटना के संबंध में 19 अगस्त को पीड़ित लक्ष्मीनारायण ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया था कि 19 अगस्त की रात करीब 2:33 बजे वह अपने मकान के बाहर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने हमला कर उसका मुंह दबा दिया और खाट पर दबोच लिया। पीड़ित द्वारा अपने बेटे रामकेश को आवाज लगाने पर आरोपी मौके पर रस्सी और मुंह पर चिपकाने वाली टेप छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस अनुसंधान और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बृजेश मीना और पीड़ित के बीच पैसों का लेन-देन चल रहा था। पैसों के विवाद और दस्तावेज ऐंठने की नीयत से बृजेश मीना ने पीड़ित के हाथ-पैर तोड़ने और मारपीट करने के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी।
रैकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
मुख्य षड्यंत्रकारी बृजेश मीना ने आरोपी प्रकाश मीना, केवलराम और नितेश उर्फ नीतू को साथ लेकर कई बार परिवादी के घर की रैकी करवाई थी। साजिश के तहत आरोपियों ने पीड़ित के पालतू कुत्ते को चिकन में जहर देकर मार दिया था, ताकि भौंकने की आवाज न हो।
19 अगस्त की रात को प्रकाश, केवलराम और नितेश परिवादी के घर में घुसे, उसके साथ मारपीट की और बंधक बनाने का प्रयास किया। हालांकि पीड़ित के सतर्क होने और शोर मचाने के कारण आरोपी मौके से भाग निकले थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीनों शूटरों—प्रकाश मीना, केवलराम और नितेश उर्फ नीतू को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। अब मुख्य सूत्रधार बृजेश मीना की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement