Major Achievements of Bhilwara Police : Rakshavachan initiative sees officers having-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 15, 2026 4:07 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी उपलब्धियां : रक्षावचन के तहत बंधवाई राखियां, 18 लाख का डोडा-पोस्त व क्रेटा कार जब्त, 23 साल से फरार तस्कर गिरफ्तार

khaskhabar.com: शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 10:01 AM (IST)
भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी उपलब्धियां : रक्षावचन के तहत बंधवाई राखियां, 18 लाख का डोडा-पोस्त व क्रेटा कार जब्त, 23 साल से फरार तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा। जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता को लेकर भीलवाड़ा पुलिस ने त्रिस्तरीय मोर्चे पर बड़ी सफलताएं दर्ज की हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर जहां पुलिसकर्मियों ने 'रक्षावचन' अभियान के तहत सुरक्षा का संकल्प लिया, वहीं मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ दो अलग-अलग कार्यवाहियों में 123 किलो डोडा-पोस्त और 23 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी तस्कर को सलाखों के पीछे पहुंचाया। रक्षाबंधन पर भीलवाड़ा पुलिस ने लिया सुरक्षा का संकल्प महिलाओं-बालिकाओं से राखी बंधवाकर पुलिस ने दिया हर परिस्थिति में रक्षा का वचन
भीलवाड़ा। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे रक्षावचन अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने रक्षाबंधन पर्व पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृताधिकारियों एवं थानाधिकारियों की ओर से पुलिस कार्यालयों, थानों एवं पुलिस लाइन में महिलाओं और बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा सखी, महिला यूथ सीएलजी, सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, महिला संगठनों एवं विद्यालयों की बालिकाओं सहित शहीद पुलिसकर्मियों की पत्नियों व माताओं, कामकाजी महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से राखियां बंधवाईं। इस अवसर पर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्हें हर परिस्थिति में सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा और विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से पुलिस ने सामाजिक सहभागिता के साथ महिला सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश भी दिया।
123 किलो डोडा-पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, क्रेटा कार और दो फर्जी नंबर प्लेट जब्त
डीएसटी और पुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 18 लाख रुपये
भीलवाड़ा, 28 अगस्त। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी भीलवाड़ा और पुलिस थाना पुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 123.550 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार तथा दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की हैं। जब्त डोडा-पोस्त की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा बुद्धराज सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक मांडल राहुल जोशी के सुपरविजन में थाना पुराधिकारी एवं डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त की तड़के करीब 4.49 बजे डीएसटी टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध क्रेटा कार चित्तौड़गढ़ की ओर से भीलवाड़ा की तरफ आ रही है। सूचना पर टीम ने हजारी खेड़ा चौराहे पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने कार को वापस घुमाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने स्टॉप स्टिक की मदद से कार को रोक लिया। इस दौरान चालक कार छोड़कर फरार हो गया, जबकि कार में बैठे एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने डिटेन कर लिया।
पूछताछ में डिटेन किए गए व्यक्ति ने अपना नाम अनुज कुमार विश्नोई (24) पुत्र राजेश बिश्नोई, निवासी बड़वा, तहसील एवं थाना सिवानी, जिला भिवानी (हरियाणा) बताया। उसने फरार चालक का नाम विक्रम विश्नोई बताया तथा कार में अवैध मादक पदार्थ होने की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची थाना पुर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी एवं कार्रवाई करते हुए 7 कट्टों में भरा कुल 123.550 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गईं।
पुलिस ने आरोपी अनुज कुमार विश्नोई को गिरफ्तार कर प्रकरण संख्या 173/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी विक्रम विश्नोई की तलाश एवं मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में थाना पुर एवं डीएसटी के अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम का विशेष योगदान रहा।
23 साल से फरार 10 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार
2500 किलो अवैध डोडाचूरा से भरा ट्रक मिलने के मामले में था वांछित, साइबर सेल ने दबोचा.
भीलवाड़ा। साइबर सेल भीलवाड़ा और प्रतापनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 2500 किलो अवैध डोडाचूरा की तस्करी के मामले में वांछित था।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2003 को प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 2500 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा से भरा एक ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला था। मामले में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान आरोपी देवाराम विष्नोई पुत्र मानाराम विष्नोई, निवासी झोलियाली, थाना झांवर, जिला जोधपुर का नाम सामने आया, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देश पर वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक सज्जन सिंह के निकटतम सुपरविजन में प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताडा के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सूचनाओं और लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताडा, साइबर सेल के एएसआई आशीष कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल दीपक जांगिड, चन्द्रपाल सिंह, किशोर सिंह तथा कांस्टेबल पिन्टू कुमार शामिल रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement