Major ACB Operation: Patwari Arrested for Accepting 40,000 Bribe-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 3:58 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 40,000 रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

khaskhabar.com: बुधवार, 06 मई 2026 3:22 PM (IST)
एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 40,000 रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जयपुर/भिवाड़ी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की भिवाड़ी चौकी ने बुधवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए पावटा तहसील के भैसलाना पटवार हल्का में तैनात पटवारी प्रमोद सामरिया को 40,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी जमीन के बंटवारे की रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता की पैतृक जमीन का बंटवारा एसडीएम कोर्ट में पिछले 5-6 वर्षों से लंबित था। कोर्ट ने 20 जून 2025 को परिवादी के पक्ष में निर्णय देते हुए पटवारी प्रमोद सामरिया को 'कुरेजात रिपोर्ट' बनाकर पेश करने के आदेश दिए थे। आरोप है कि पटवारी ने जानबूझकर अब तक रिपोर्ट पेश नहीं की और रिपोर्ट लगाने की एवज में एक लाख रुपये रिश्वत मांगकर परिवादी को परेशान करने लगा। शिकायत मिलने पर एसीबी ने 29 अप्रैल 2026 को मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान पटवारी प्रमोद सामरिया ने परिवादी की विनती पर रिश्वत की राशि कम कर 80 हजार रुपये तय की। यह तय हुआ कि रिश्वत तीन किस्तों में दी जाएगी, जिसकी पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये आज देना तय हुआ था।
आज यानी 6 मई को एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में भिवाड़ी चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल (उप अधीक्षक पुलिस) ने जाल बिछाया। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की पहली किस्त के 40,000 रुपये लिए, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement