Lottery for Category-wise and Women Reservation for Zila Parishad Members-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 4:49 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए वर्गवार एवं महिला आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर को

khaskhabar.com: मंगलवार, 15 सितम्बर 2026 2:48 PM (IST)
जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए वर्गवार एवं महिला आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर को
दौसा। आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों के लिए जिले में जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों एवं प्रधान पद के लिए वर्गवार आरक्षण तथा महिला आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया 17 सितंबर को की जाएगी। कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया 17 सितंबर को प्रातः 11 बजे से जिला कलक्ट्रेट के सभागार कक्ष में आयोजित की जाएगी। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान प्रधान, जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। सरपंच एवं वार्ड पंचों के लिए आरक्षण की लॉटरी 18 को उपखण्ड स्तर पर
सरपंच एवं वार्ड पंच के आम चुनाव के लिए वर्गवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया 18 सितंबर को उपखण्ड स्तर पर आयोजित की जाएगी। संबंधित उपखण्ड अधिकारियों द्वारा निर्धारित स्थानों पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लॉटरी प्रक्रिया करवाई जाएगी।कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के लिए संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को लॉटरी प्रक्रिया के लिए नियुक्त किया गया है। लॉटरी प्रक्रिया संबंधित उपखण्ड स्तर पर 18 सितंबर को प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगी। लॉटरी के माध्यम से सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए वर्गवार आरक्षण निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति दौसा के लिए उपखण्ड अधिकारी दौसा, बांदीकुई के लिए उपखण्ड अधिकारी बांदीकुई, महवा एवं मनोहरपुर खेड़ला के लिए उपखण्ड अधिकारी महवा, लालसोट एवं शिवसिंहपुरा के लिए उपखण्ड अधिकारी लालसोट, सिकराय एवं सिकंदरा के लिए उपखण्ड अधिकारी सिकराय, लवाण के लिए उपखण्ड अधिकारी लवाण, नांगल राजावतान के लिए उपखण्ड अधिकारी नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा के लिए उपखण्ड अधिकारी रामगढ़ पचवारा, मण्डावर एवं बैजूपाड़ा के लिए उपखण्ड अधिकारी मण्डावर तथा बसवा के लिए उपखण्ड अधिकारी बसवा द्वारा वर्गवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया संपादित की जाएगी।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लॉटरी प्रक्रिया से पूर्व क्षेत्र के विधानसभा सदस्यों तथा ब्लॉक स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी सूचना उपलब्ध करवाते हुए उनकी उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से नियमानुसार वर्गवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न करवाई जाए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement