उदयपुर। भारतीय विधि आयोग की ओर से तैयार अधिवक्ता अधिनियम संसोधन बिल 2017 की सिफारिशों के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन लगातार जारी है। बार कौंसिल आॅफ इंडिया और बार कौंसिल आॅफ राजस्थान के आह्वान पर मंगलवार को उदयपुर में वकीलों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया और प्रदर्शन करते हुए इस बिल को वापस लेने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर कोर्ट से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर नारेबाजी भी की और सिफारिशों की होली जलाई। प्रदर्शन के तहत हुई सभा में सभी वकीलों ने एकजुट होकर संसोधन बिल 2017 के विरोध में आवाज बुलंद की। आखिर में वकीलों की ओर से अपनी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, विधि मंत्री और विधि आयोग को ज्ञापन भी सौंपा। साथ ही उन्होंने विधि आयोग के चेयरमैन को बर्खास्त करने की भी मांग की।