Lalsot News: The festival of Raksha Bandhan was celebrated with great enthusiasm in Lalsot-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 11, 2026 11:51 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : लालसोट में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया, एक राखी लोकतंत्र के नाम रक्षा सूत्र बांधकर चुनाव में मताधिकार का प्रयोग का दिलाया संकल्प

khaskhabar.com: शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 5:08 PM (IST)
लालसोट समाचार : लालसोट में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया, एक राखी लोकतंत्र के नाम रक्षा सूत्र बांधकर चुनाव में मताधिकार का प्रयोग का दिलाया संकल्प
लालसोट। उपखंड मुख्यालय सहित समूचे क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन के चलते सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बनी रही। बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। अस्थायी राखी बाजार में रक्षा सूत्र एवं राखियां खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। बाजार में दिनभर त्योहारी माहौल बना रहा। महिलाओं ने मतदान के लिए दिलाया संकल्प
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी निकाय एवं पंचायतराज चुनाव में अधिक से अधिक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया। महिलाओं ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने स्वयं मतदान करने के साथ ही अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसी तरह रजनी गुप्ता महिमा चौधरी विजयलक्ष्मी रावत सहित अनेक महिलाओं ने एएसपी विनोद सिपा,डीएसपी सतनारायण यादव,थाना अधिकारी हरलाल मीणा को रक्षा सूत्र बांधे।
*नगर निकाय चुनाव: मीनू किन्नर सहित 8 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 13 नामांकन*

लालसोट। नगर निकाय चुनाव के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। लालसोट नगर परिषद में पहले दिन सात वार्डों से आठ प्रत्याशियों ने कुल 13 नामांकन पत्र दाखिल किए। शहर के बहुचर्चित वार्ड 34 से मीनू किन्नर ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में समर्थकों के साथ पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा के समक्ष नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 20 से सुनीता शर्मा ने भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक-एक नामांकन दाखिल किया। इसी वार्ड से राधिका शर्मा ने भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र जमा कराया। वार्ड 17 से ममता गुप्ता ने भाजपा व निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। हंसराज सैनी ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया। वार्ड 18 से विनोद सैनी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में, जबकि वार्ड 13 से अमर ने कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड 5 से जगदीश स्वामी ने भाजपा व निर्दलीय, हेमराज सैनी ने आईएनसी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा।
मंडावरी में दो वार्डों से नामांकन
मंडावरी नगर पालिका में वार्ड 10 से अमित गौतम ने कांग्रेस तथा निर्दलीय तथा वार्ड 9 से सतीश अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। दूसरी ओर रामगढ़ पचवारा नगर पालिका में पहले दिन एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
निर्वाचन कार्यालय के बाहर सुरक्षा कड़ी
नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए निर्वाचन कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ मुख्य गेट पर निगरानी रखी जा रही है। उम्मीदवार के साथ अधिकतम पांच लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए पर्ची काउंटर और हेल्पडेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां नामांकन प्रक्रिया व अमानत राशि से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है तथा स्ट्रांग रूम भी तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। 28 और 30 अगस्त को राजकीय अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाएंगे।
*ढोल बजाकर स्वीप टीम ने किया मतदान के लिए जागरूक, निर्भीक होकर वोट करने की अपील*

लालसोट। आगामी 11 सितंबर को होने वाले निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को लालसोट में स्वीप (SVEEP) अभियान के तहत मतदाता जागरूकता एवं मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वीप टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों में रैली निकालकर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया।
रैली झरण्डा चौक, खोहरापाड़ा, सदर बाजार, बड़ के बालाजी, मनिहारी मार्केट और तहसील रोड सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। झरण्डा चौक पर पहुंचने पर स्वीप टीम ने ढोल बजाकर आमजन का ध्यान आकर्षित किया और मतदान के महत्व का संदेश दिया। टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे 11 सितंबर को लोकतंत्र के पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं और बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के निर्भीक होकर मतदान करें।
स्वीप टीम ने बाजारों में दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए प्रत्येक मतदाता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
शिक्षा और खेल जगत की भी सहभागिता
मतदाता जागरूकता रैली में शिक्षा एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान में स्काउट सचिव श्रीकांत शर्मा, ब्लॉक साक्षरता प्रभारी अविनाश शर्मा, मुकेश सैनी, सुमित पीटीआई और सुनील शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्वीप टीम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। मतदान के दिन अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को सफल बनाने में योगदान दें।
लालसोट शहर में *नुक्कड़ नाटक से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश

लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लालसोट के निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में स्वीप कैलेंडर-2026 के तहत शहर में मतदाता जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी, दौसा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को मतदान के महत्व, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मताधिकार के प्रयोग तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। प्रभावी संवाद और अभिनय के माध्यम से लोगों को स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने आसपास के पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
नाटक में बीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों राम, रूपेश बैरवा, मोहन, विकास मीना, कविता, खुशी मेहरा, इमरान एवं अविनाश मीना ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने शहरवासियों और राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया।
जागरूक मतदाता लोकतंत्र की ताकत
कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती प्रिया भारती शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया और मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष पहाड़िया ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि जागरूक मतदाता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
नुक्कड़ नाटक देखने के लिए लालसोट शहर के नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय के संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई गई तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प कराया गया।
*संस्कृत से ही भारतीय संस्कृति की रक्षा संभव संस्कृत दिवस उल्लास के साथ मनाया*
लालसोट। उपखंड मुख्यालय पर श्री सनातन धर्म संस्कृत शास्त्री महाविद्यालय के प्रांगण में संस्कृत दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली गई तथा संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संस्कृत के विस्तार से ही भारतीय संस्कृति की रक्षा संभव है। इसी तरह तलवगांव स्थित श्रीकृष्ण शास्त्री राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय में भारतीय संस्कृति और देववाणी संस्कृत के पर्व संस्कृत दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण नरेंद्र शर्मा ने करवाया।
इस अवसर पर राजेश मीणा ने स्वस्ति वाचन का सुंदर उच्चारण करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि गुरुजनों के कक्षा में प्रवेश करने पर सम्मानपूर्वक खड़े होकर मंत्रोच्चारण जैसी परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए।
संस्कृत की वैज्ञानिकता और प्रासंगिकता पर प्रकाश
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सहायक आचार्य शक्तिधर मिश्र ने संस्कृत भाषा के ऐतिहासिक महत्व, वैज्ञानिकता तथा वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत के अध्ययन के साथ इसके माध्यम से मिलने वाले नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
सुप्रीम फाउंडेशन, जसवंतगढ़ (नागौर) से जुड़े स्वयंसेवक रमेश चंद्र मीणा ने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन अंजू शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के शंभू मीणा, राजेश मीणा एवं पूरण मल महावर का विशेष सहयोग रहा। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार एवं भारतीय संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement