Lalsot News: Rs 10 crore approved to solve drinking water crisis in Lalsot-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 5:09 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : लालसोट में पेयजल संकट दूर करने के लिए 10 करोड़ मंजूर

khaskhabar.com: गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026 5:04 PM (IST)
लालसोट समाचार : लालसोट में पेयजल संकट दूर करने के लिए 10 करोड़ मंजूर
अमृत योजना के तहत जल्द शुरू होगा काम, तालाब की ढाणी में बनेगी पानी की टंकी लालसोट। वार्ड 26 में नवनिर्वाचित पार्षद जेपी सैनी के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि लालसोट में पेयजल संकट को दूर करने के लिए सरकार अमृत योजना के तहत 10 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसके लिए सरकार ने राशि मंजूर कर दी है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि तालाब की ढाणी में पानी की टंकी का निर्माण भी कराया जाएगा। विधायक ने निकाय चुनाव के परिणामों पर कहा कि हार-जीत चुनाव का हिस्सा है। चुनाव में मिली हार से भाजपा सबक लेगी और हुई चूकों पर विचार किया जाएगा। आगामी चुनावों में टिकट चयन को लेकर भी सावधानी बरती जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत राज चुनाव की तैयारियों में उत्साह के साथ जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लालसोट, शिवसिंहपुरा और रामगढ़ पचवारा पंचायत समितियों में भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत करनी होगी। विधायक ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के 35 वार्डों में चाहे जीते हुए पार्षद हों या चुनाव हारे हुए, सभी की अनुशंसा के आधार पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। शहर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
विधायक ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में लालसोट शहर में कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल की तुलना में अधिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों की लंबी सूची है, जिनका काम आगामी दिनों में होना है।
निकाय चुनाव में भाजपा की हार पर उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस ने नहीं हराया, बल्कि पार्टी की कुछ गलतियों के कारण चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे। इन गलतियों से सबक लेकर आगे बेहतर रणनीति के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के कुछ नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग ‘बगुला भगत’ बनकर घूम रहे हैं, जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन जेपी सैनी, पूर्व वाइस चेयरमैन महेंद्र जैन, पार्षद जयप्रकाश सैनी, पूर्व सभापति पिंकी चतुर्वेदी, सोनू बिनोरी, अभिनव त्रिपाठी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
*217 वृद्धजनों का पंजीयन, 17 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान*
*जिला अस्पताल में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजन मेगा* *शिविर एवं मेगा रक्तदान शिविर आयोजित*
लालसोट। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को राजकीय जिला चिकित्सालय, लालसोट में वृद्धजन मेगा शिविर एवं मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वृद्धजन मेगा शिविर में कुल 217 वृद्धजनों का पंजीयन किया गया।
NCD प्रभारी डॉ. विष्णु गुप्ता ने बताया कि शिविर में वृद्धजनों की मेडिसिन, बीपी एवं डायबिटीज, अल्जाइमर, डिमेंशिया, अस्थि रोग, नेत्र रोग, ENT, फिजियोथेरेपी, त्वचा रोग, दंत रोग एवं स्त्री रोग संबंधी जांच एवं उपचार किया गया। विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्धजनों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इसी अवसर पर आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में कुल 17 व्यक्तियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में डॉ. देवेश शर्मा, डॉ. शैलेश सिंघल एवं डॉ. दिनेश मेहरा सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे। रक्तदान शिविर प्रभारी डॉ. अनुराग दैमन ने बताया कि अहमदाबाद, गुजरात निवासी सुनील कुमार शर्मा ने भी रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।
शिविर में संबंधित चिकित्सक एवं चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहे और वृद्धजनों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।
*ब्राह्मण महासंघ ने नवनिर्वाचित सभापति-पार्षदों का किया सम्मान*

लालसोट । नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद लालसोट नगर परिषद, रामगढ़ नगर पालिका एवं मंडावरी नगर पालिका में निर्वाचित ब्राह्मण समाज के जनप्रतिनिधियों का बुधवार को ब्राह्मण महासंघ की ओर से सम्मान किया गया। कार्यक्रम ब्राह्मण महासंघ के जिला अध्यक्ष सुरेश त्रिवेदी एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष दीपक निर्झरना के नेतृत्व में आयोजित हुआ।समारोह में नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित सहित समाज के पार्षदों का महासंघ के पदाधिकारियों ने दुपट्टा व साफा पहनाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। सभापति कपिल पुरोहित के साथ पार्षद श्याम सुंदर मिश्रा, रितु शर्मा, राधा भारद्वाज, अमित शर्मा, राहुल झालानी, रामबाई, ममता शर्मा, शारदा देवी एवं जीवन देवी का भी सम्मान किया गया।कार्यक्रम में ब्राह्मण महासंघ के विमलेश शर्मा, खेमराज, रामचरण बोहरा, पूर्व पालिका अध्यक्ष उमा बोहरा, ललित कुमार, नवीन बोहरा, दिनेश रिवाली, एलएन शर्मा, राधा मोहन शर्मा, पवन सलेमपुर, एडवोकेट गणेश खटवा, रतनलाल शर्मा, मुनेश कुमार शर्मा, कैलाश तिवाड़ी, कन्हैयालाल शर्मा, नंदकिशोर शर्मा सहित महासंघ के सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
*35 वार्डों में विराट बजरंग दल की कार्यकारिणी घोषित, नव मनोनीत वार्ड अध्यक्षों का किया सम्मान*
लालसोट । मां काली मंदिर परिसर में बुधवार को विराट बजरंग दल सेवा संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। लालसोट नगर के सभी 35 वार्डों से संगठन के अध्यक्ष मनोनीत किए गए। संगठन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता बनाए रखना, नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना तथा समाजसेवा के कार्यों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में गौ सेवा एवं गौ संरक्षण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, जरूरतमंदों की सहायता, प्राकृतिक आपदा में राहत कार्य, मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों की देखरेख, स्वच्छता अभियान, सामाजिक जागरूकता एवं समाज की एकता सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान नव मनोनीत 35 वार्ड अध्यक्षों का सम्मान किया गया तथा नई कार्यकारिणी के सदस्यों को सेवा, संस्कार, सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति शपथ दिलाई गई। पदाधिकारियों ने समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विराट बजरंग दल के जिला अध्यक्ष दिनेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष आकाश कुमार सैनी, दिनेश जोशी, जगदीश अग्रवाल, रामोतार जोरवाल, महेश शर्मा, हरिओम शर्मा, दीपक सेडूलाई, मनीष शर्मा, कमलेश कुमार सैनी, विनोद गुप्ता एडवोकेट सहित जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*भाजपा पार्षदों का खंडेलवाल समाज ने किया अभिनंदन*
*जीतू बढ़ाया एवं दीपा चौधरी का खंडेलवाल धर्मशाला में किया सम्मान*
लालसोट। नगर परिषद चुनाव में निर्वाचित खंडेलवाल समाज के भाजपा पार्षद जीतू बढ़ाया एवं दीपा चौधरी का खंडेलवाल समाज की ओर से अभिनंदन किया गया। खंडेलवाल धर्मशाला में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पार्षदों से समाज एवं शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। पार्षदों ने भी समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में गोविंद चौधरी, दीपक चौधरी, वंदना सेठी, ममता बढ़ाया, रोहित पंसारी, राजेश वैद्य, सीपी मानक बोहरा, कैलाश नाटाणी, मोहनलाल सूफिया, सत्यनारायण गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, कमलेश बढ़ाया, भगवान गुप्ता सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
*मतदाता जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक*
*छात्र-छात्राओं ने पोस्टर-बैनर व नारों के माध्यम से मतदान के प्रति किया प्रेरित*
लालसोट। उपखंड क्षेत्र के चांदसेन गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय के ईएलसी क्लब के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के अधिकार की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए जागरूक किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर एवं बैनर लेकर विभिन्न नारों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण एवं ग्राम विकास में मतदान के महत्व को बताते हुए ग्रामीणों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभूलाल मीणा ने मतदान के अधिकार एवं उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी रमेश मीणा, उपप्रधानाचार्य रेनू शर्मा, लोकेश शर्मा, कैलाश प्रसाद मीणा पालूंदा, दिनेश कुमार पारीक, केशन्ती मीणा, हंसराज गुप्ता, दीपक चतुर्वेदी, अनीता शर्मा, भजनलाल मीणा, कमलेश बैरवा, विजेंद्र शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*मतदान जागरूकता रैली में गूंजा लोकतंत्र का संदेश*
*विद्यार्थियों ने रैली निकालकर दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश*
लालसोट। राजेश पायलट राजकीय महाविद्यालय, लालसोट में मतदान जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष पाहड़िया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में मतदाता जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर तथा विभिन्न नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व, मताधिकार के प्रयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी” और “मतदान करें, लोकतंत्र मजबूत करें” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य प्रो. सुभाष पाहड़िया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। युवाओं को स्वयं मतदान के लिए प्रेरित होने के साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य गिरिराज प्रसाद मीणा, रेनू मीणा, नेहा एवं भरतलाल मीणा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से रैली प्रभावी एवं सफल रही।
*संस्कृत महाविद्यालय व विद्यालय ने निकाली मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता रैली*

लालसोट। आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतंत्र में प्रत्येक वोट के महत्व को समझाने के उद्देश्य से श्री कृष्ण शास्त्री राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय एवं विद्यालय, महाराजपुरा तलावगांव के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश कुमार माली ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सशक्त एवं मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
रैली महाविद्यालय परिसर से रवाना होकर तलावगांव के मुख्य बाजार एवं प्रमुख मार्गों से गुजरी। छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों ने हाथों में मतदाता जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर “पहले मतदान, फिर जलपान” और “वोट देने जाना है, अपना फर्ज निभाना है” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया।
रैली की व्यवस्थाओं एवं मार्गदर्शन की जिम्मेदारी मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता रैली प्रभारी गिरिराज प्रसाद बैरवा ने संभाली। रैली के दौरान संस्थान का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ भी सक्रिय रूप से मौजूद रहा।
इस अवसर पर शक्तिधर मिश्र, सीताराम महावर, रमेश चंद्र मीणा, अंजू शर्मा, सुरेश मीणा, खुशबू शर्मा, प्रतिभा शर्मा, हरिराम महावर, डॉ. सत्यप्रकाश गुप्ता, मुकेश कुमार मीणा, पूरण महावर, रामलखन मीणा एवं नरेंद्र कुमार शर्मा सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
*दशलक्षण महोत्सव के समापन पर धार्मिक* *आयोजनों की धूम*
*एकल गायन, रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिताएं हुईं, भगवान महावीर की निकली शोभायात्रा;*
लालसोट। सकल जैन समाज के तत्वावधान में पर्वाधिराज दशलक्षण महोत्सव के समापन अवसर पर पंचमी की पूर्व संध्या से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जैन युवा संघ की ओर से एकल गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 29 प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रभारी निखिल जैन सोनी, अंशुल बड़जात्या व अमित जैन बैनाड़ा रहे। निर्णायक मंडल में गिर्राज प्रसाद साहू, गिर्राज घीया एवं रेखा पारीक रहे। मंच संचालन अनिल जैन वेद ने किया।
इसके बाद नेमीनाथ जैन मंदिर नसियां में जागरण का आयोजन हुआ। इस दौरान चावल से आकर्षक मांडणा राकेश सोनी के निर्देशन में तैयार किया गया।
भगवान महावीर की निकली शोभायात्रा
पंचमी के अवसर पर प्रात: छोटे जैन मंदिर से भगवान महावीर की शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नसियांजी पहुंची। शोभायात्रा के दौरान झंडा चौक पर पार्षद अमित कुमार शर्मा तथा परशुराम सर्किल पर नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित ने जैन युवा संघ अध्यक्ष रविंद्र बड़जात्या एवं जैन महिला मंडल की श्वेता जैन सोनी का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने लिया भाग
दोपहर में जैन युवा संघ की ओर से रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता के प्रभारी लोकेश श्रीमाल, अंकुर बड़जात्या एवं पीयूष कासलीवाल रहे, जिसमें 39 प्रतियोगियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य अनीता शर्मा, दिनेश पारीक एवं रेखा पारीक रहे।
मेहंदी प्रतियोगिता के प्रभारी आशीष बड़जात्या, अरिहंत बैनाड़ा एवं सिद्धार्थ बड़जात्या रहे। प्रतियोगिता में 27 महिलाओं ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में अनीता शर्मा, आरती सैनी एवं रितिका जांगिड़ शामिल रहीं।
पारसनाथ भगवान का कलशाभिषेक व शांतिधारा
सायंकाल 4 बजे भगवान पारसनाथ के कलशाभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित, लल्लू पटवारी, राजकुमार कासलीवाल एवं आशीष बड़जात्या का जैन समाज की ओर से सम्मान किया गया। कलशाभिषेक के दौरान त्यागी वृत्तियों का भी सम्मान किया गया।
जैन युवा संघ अध्यक्ष रविंद्र बड़जात्या ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम समापन समारोह के दौरान घोषित किए जाएंगे तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में दिनेश बड़जात्या, जयपुर से पंचमी पर आए संत पाटनी, प्रकाश पाटनी, मगन अग्रवाल, सुभाष बड़जात्या, सुभाष जैन सोनी, प्रकाश बड़जात्या, अजीत बड़जात्या सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला-पुरुष मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement