Lalsot News: Record of two years work of BJP board summoned-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 11, 2026 12:48 pm
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : भाजपा बोर्ड के दो साल के कामकाज का रिकॉर्ड तलब

khaskhabar.com: बुधवार, 30 सितम्बर 2026 4:35 PM (IST)
लालसोट समाचार : भाजपा बोर्ड के दो साल के कामकाज का रिकॉर्ड तलब
90ए, जारी पट्टों और संविदाकर्मियों की मांगी सूची, तीन दिन बाद भी प्रशासन नहीं दे सका रिकॉर्ड लालसोट। नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित ने पदभार संभालने के साथ ही भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में हुए कार्यों और प्रशासनिक फैसलों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। सभापति ने नगर परिषद प्रशासन को भाजपा बोर्ड के दो वर्ष के कार्यकाल में हुई 90ए की कार्रवाई, जारी किए गए पट्टों तथा संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों की पूरी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सभापति के निर्देश के बाद नगर परिषद प्रशासन में रिकॉर्ड जुटाने की कवायद तेज हो गई है। कर्मचारी संबंधित रिकॉर्ड और सूचनाएं एकत्र कर सूची तैयार करने में जुटे हैं। निर्देश दिए जाने के तीन दिन बाद भी प्रशासन सभापति को सूची उपलब्ध नहीं करा सका है। सभापति कपिल पुरोहित ने बताया कि सूची तैयार की जा रही है और संभवत: जल्द ही प्रशासन की ओर से उन्हें रिकॉर्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 90ए प्रकरणों और जारी पट्टों का रिकॉर्ड मिलने के बाद नियमानुसार उनकी जांच कराई जाएगी। यदि किसी प्रकरण में अनियमितता सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार निर्माण कार्यों में सामने आ रही अनियमितताओं की भी जांच कराई जाएगी।
सभापति ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया जा रहा है। वार्ड 16 सहित कई वार्डों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई है। उन्होंने शहर को क्लीन सिटी के रूप में विकसित करने को प्राथमिकता बताते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
संविदाकर्मियों पर खर्च की जांच की मांग
पार्षद जीतू बढ़ाया ने बताया कि नगर परिषद की ओर से संविदा कर्मचारियों के वेतन पर प्रतिवर्ष करीब 6.50 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने सभापति से इसकी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि कौन-कौन से संविदाकर्मी नगर परिषद में कार्यरत हैं और उनकी तैनाती किन-किन स्थानों पर है।
इधर सभापति कक्ष में नगर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर पार्षद बबलू सैनी, श्याम सुंदर मिश्रा, खेमराज महेंद्र, सद्दाम हुसैन, विनीत स्वामी, शंभूलाल सैनी सहित अन्य लोगों ने सभापति के साथ चर्चा की।
*विज्ञान मेले में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा*
*पर्यावरण संकट से लेकर जलवायु परिवर्तन और तकनीक तक के मॉडल किए प्रदर्शित*
लालसोट। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय डिडवाना में आयोजित विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। बाल वैज्ञानिकों ने उत्साह के साथ विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार कर स्टॉल पर प्रदर्शित किए और उनके बारे में विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया।
विज्ञान मेला प्रभारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि विद्यार्थियों ने पर्यावरण संकट, जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन और तकनीक आधारित विषयों को केंद्र में रखकर मॉडल तैयार किए। मॉडल के माध्यम से विद्यार्थियों ने वर्तमान समय की पर्यावरणीय चुनौतियों को समझाने के साथ उनके संभावित समाधान भी प्रस्तुत किए।
प्रधानाचार्य सोनिया व्यास ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को शामिल करना समय की आवश्यकता है। विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोग और गतिविधियों से जोड़ने पर विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नई चीजों को खोजने की प्रवृत्ति विकसित होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी विज्ञान एवं नवाचार से जुड़ी प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विज्ञान मेले में विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा तथा विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
*जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हेमंत योगी विजेता, विद्यालय ने किया सम्मान*
लालसोट। उपखंड के बगड़ी ग्राम स्थित राजकीय भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी हेमंत योगी ने जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में विजेता रहकर विद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
70वीं जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में विजेता रहे हेमंत योगी को विद्यालय प्रभारी राजाराम मीणा ने प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ ने हेमंत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन मधुसूदन गौतम ने किया। इस दौरान नाथूलाल मीणा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
*नशे से इनकार कमजोरी नहीं, भविष्य के प्रति जिम्मेदारी : लोकेश मीणा*
*राजेश पायलट पीजी कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित*
लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लालसोट में बुधवार को नई किरण-नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता जिला अस्पताल लालसोट के पैथोलॉजिस्ट डॉ. तपेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष पहाड़िया ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सहायक आचार्य राम भरोसी बैरवा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवावस्था में नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा अथवा मित्रों के दबाव से होती है, जो धीरे-धीरे आदत और फिर लत का रूप ले सकती है। उन्होंने नशे से बचाव के लिए जागरूकता, सकारात्मक संगति और स्वस्थ जीवनशैली को आवश्यक बताया।
नशा मुक्ति प्रभारी लोकेश कुमार मीणा ने कहा कि नशे से इनकार करना कमजोरी नहीं, बल्कि अपने भविष्य के प्रति जिम्मेदारी का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*बीसीएमएचओ के मकान के टूटे ताले, दो लैपटॉप चोरी*

*दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने वाले तीन संदिग्ध सीसीटीवी में कैद, पुलिस तलाश में जुटी*
लालसोट । उपखंड मुख्यालय की जगदंबा कॉलोनी में पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा के आवास के सामने पूर्व बीसीएमएचओ लालसोट डॉ. धीरज शर्मा के मकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और दो लैपटॉप चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
डॉ. धीरज शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी दोपहर करीब 2:15 बजे घर से बाहर गई थीं। इसके बाद मकान सूना था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार करीब 2:26 बजे दो-तीन संदिग्ध मकान के आसपास दिखाई दिए। करीब 2:30 बजे बदमाश लोहे के पैने औजार से दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में दाखिल हुए।
उन्होंने बताया कि बदमाश करीब 13 मिनट तक मकान में रहे और अलमारी, बेड सहित अन्य स्थानों को खंगाला। इस दौरान कमरे में रखे दो लैपटॉप चोरी कर लिए। गनीमत रही कि बदमाश दूसरे कमरे में प्रवेश नहीं कर पाए, जिससे वहां रखी ज्वेलरी सुरक्षित बच गई। आशंका है कि किसी की आहट होने पर बदमाश मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
तीन संदिग्ध सीसीटीवी में आए नजर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सिपा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए हैं। बदमाश दो लैपटॉप चोरी करके ले गए हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि बदमाशों की पहचान कर जल्द ही उन्हें कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
*लाडपुरा की मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर घमासान, दोनों पक्षों ने पेश किए दस्तावेज*
लालसोट । ग्राम पंचायत लाडपुरा की मतदाता सूची में कमलेश मीणा का नाम जोड़ने को लेकर विवाद गहरा गया है। कमलेश मीणा ने जिला कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर अपना नाम लाडपुरा की मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की है। वहीं, ग्राम लाडपुरा के कई लोगों ने रिटर्निंग अधिकारी को आपत्ति पत्र सौंपकर नाम जोड़ने का विरोध किया है। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।
कमलेश मीणा का दावा—लाडपुरा है स्थायी निवास
कमलेश मीणा का कहना है कि लाडपुरा उनका स्थायी निवास है और वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं। उनके पास लाडपुरा का मूल निवास प्रमाण पत्र, खातेदारी भूमि और निवास से जुड़े अन्य आवश्यक दस्तावेज हैं। उनका आरोप है कि दस्तावेज उपलब्ध कराने के बावजूद लालसोट के रिटर्निंग अधिकारी ने उनका नाम लाडपुरा की मतदाता सूची में शामिल नहीं किया। वे चांदसेन से नाम हटा कर लाडपुरा में नाम जुडवाना चाहते है। वे अपनी पत्नी के साथ लाडपुरा में स्थाई निवास कर रहे हैँ ।
कमलेश मीणा ने जिला कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन देकर नाम जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश में कलेक्टर की ओर दिए गए आदेश के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
रिटर्निंग अधिकारी बोले—मताधिकार से वंचित नहीं हैं

उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने बताया कि कमलेश मीणा मताधिकार से वंचित नहीं हैं। उनका नाम पहले से ही ग्राम पंचायत चांदसेन, हाल थलोज के वार्ड में दर्ज है। अधिकारी के अनुसार, कमलेश मीणा स्थायी रूप से चांदसेन में रहते हैं और इस संबंध में पटवारी की रिपोर्ट भी प्राप्त हुई है।
हालांकि, मामले की जांच जारी है। ग्राम पंचायत लाडपुरा के लोगों ने भी आपत्ति पत्र सौंपा है। रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
लाडपुरा के ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
ग्राम लाडपुरा के रामावतार मीणा, भरतलाल, सुरेश मीणा, रामनारायण सहित अन्य ग्रामीणों ने रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधाकारी विजेंद्र मीणा को आपत्ति पत्र सौंपा है। इसमें कहा गया है कि कमलेश मीणा का नाम ग्राम पंचायत थलोज की मतदाता सूची के वार्ड संख्या 9 में पहले से दर्ज है। ऐसे में उनका नाम वहीं यथावत रखा जाना चाहिए।
आपत्तिकर्ताओं ने मांग की है कि कमलेश मीणा का नाम ग्राम पंचायत लाडपुरा की मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाए। इसके समर्थन में उन्होंने थलोज क्षेत्र में निवास और वहां की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं।
दस्तावेजों के आधार पर होगा फैसला

मामले में दोनों पक्ष अपने-अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज पेश कर रहे हैं। कमलेश मीणा लाडपुरा को अपना स्थायी निवास बताते हुए मूल निवास प्रमाण पत्र, खातेदारी भूमि और अन्य कागजात का हवाला दे रहे हैं। वहीं, विरोध कर रहे ग्रामीण थलोज की मतदाता सूची में पहले से नाम दर्ज होने और वहां निवास करने का दावा कर रहे हैं।
अब निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों और दोनों पक्षों की दलीलों की जांच के बाद फैसला होगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement