Advertisement
लालसोट समाचार : नाम वापसी के साथ चुनावी तस्वीर साफ,लालसोट में 131 प्रत्याशी मैदान में

नाम वापसी से पहले भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने बागी प्रत्याशियों को मनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन 94 निर्दलीय प्रत्याशियों में से केवल 33 ही मैदान से हटे। अब भी 61 निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। करीब 30 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के बागी कार्यकर्ताओं के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने से मुकाबला रोचक हो गया है।
पांच वार्डों में सीधी टक्कर
लालसोट नगर परिषद के वार्ड 10, 15, 24, 31 और 33 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच आमने-सामने का मुकाबला होगा। वार्ड 10 में रक्षा मिश्रा और रजनी जोशी, वार्ड 15 में दीपा चौधरी और सोनाली उपाध्याय, वार्ड 24 में रामफूल माली और विनोद सैनी, वार्ड 31 में अमित शर्मा और मदन हट्टीका तथा वार्ड 33 में विवेक पांखलाऔर कपिल पुरोहित के बीच सीधा मुकाबला होगा।
12 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला
वार्ड 3, 5, 6, 7, 8, 9, 11, 12, 13, 14, 21 और 35 में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। वहीं वार्ड 2, 4, 19, 20, 22, 27, 29 और 32 में चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। वार्ड 21, 25, 28 और 30 में पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 16, 17, 23 और 26 में छह-कोणीय मुकाबला होगा। सबसे ज्यादा सात प्रत्याशी वार्ड 18 में चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड 16 में बागी को मनाने में नाकाम रही भाजपा
नाम वापसी के दौरान वार्ड 16 से महेंद्र जैन और विष्णु कुमार ने नाम वापस ले लिया। हालांकि भाजपा के बागी नेता एवं पूर्व चेयरमैन प्रेम प्रकाश चौधरी को मनाने में पार्टी नेताओं को सफलता नहीं मिली।
रामगढ़ पचवारा में 68 प्रत्याशी मैदान में
रामगढ़ पचवारा नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए 79 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से 11 प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद अब 68 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 8 और 18 में आमने-सामने का मुकाबला होगा। वार्ड 8 में दयाराम मीणा और रेवड़ मीणा तथा वार्ड 18 में रामफूल मीणा और संतोष के बीच सीधी टक्कर है।
इसके अलावा वार्ड 1, 2, 3, 5, 6, 7, 10, 13, 15 और 17 में त्रिकोणीय तथा वार्ड 4, 9, 11, 12, 14, 16 और 20 में चतुर्थकोणीय मुकाबला होगा।
मंडावरी में कुल 76 प्रत्याशी
मंडावरी नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए 85 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी के बाद 76 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के सिंबल पर 38 प्रत्याशी हैं, जबकि 38 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्दलीयों की बड़ी संख्या के चलते यहां भी कई वार्डों में चुनावी समीकरण प्रभावित होने की संभावना है।
4 सितंबर को मिलेंगे चुनाव चिह्न
लालसोट नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने बताया कि प्रत्याशियों को 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इधर, चुनावी तस्वीर साफ होने के बाद भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने गुरुवार को अनेक प्रत्याशियों ने अपने-अपने चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन कर प्रचार अभियान को गति दे दी। अब दोनों प्रमुख दलों के सामने बागियों और निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रभाव को कम करना बड़ी चुनौती होगी।
*तलावगांव स्कूल निर्माण में घटिया सामग्री के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार*
लालसोट।
तलावगांव स्थित राजकीय विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य में घटिया एवं अमानक निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने मामले की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय तकनीकी टीम से जांच कराने के साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी करते हुए बेहद घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। निर्माणाधीन भवन के ऊपर पुरानी और जर्जर पट्टियां रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इन जर्जर पट्टियों के कभी भी गिरने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।
शिकायत के बाद काम रोका, फिर शुरू करने का आरोप
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पिछले दिनों से वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लगातार विरोध कर रहे हैं। शिकायत के बाद मौके पर संबंधित जेईएन से बातचीत की गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद अब दोबारा उसी सामग्री से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
*प्रधान व पंचायत समिति सदस्यों का विदाई समारोह आयोजित*
लालसोट। पंचायत समिति लालसोट के प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों का कार्यकाल 6 सितंबर को पूरा होने के उपलक्ष में गुरुवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया। आगामी तीन दिवसीय अवकाश को देखते हुए समारोह का आयोजन पूर्व में ही किया गया।
समारोह में पंचायत समिति प्रधान, विकास अधिकारी अभिषेक, उप प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत समिति स्टाफ, ग्राम विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ सहायक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत समिति की ओर से विकास अधिकारी अभिषेक एवं प्रधान द्वारा पंचायत समिति सदस्यों का साफा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वहीं पंचायत समिति की ओर से विकास अधिकारी द्वारा प्रधान एवं उप प्रधान का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर पंचायत समिति के समस्त स्टाफ सहित ब्लॉक स्तर पर स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े संतोष कुमार शर्मा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
*ABRSM कार्यकर्ताओं ने सीबीईओ कार्यालय में की शिष्टाचार भेंट*
लालसोट। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने खंड अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा के नेतृत्व में सीबीईओ कार्यालय पहुंचकर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सीबीईओ शीला मीना, एसीबीईओ प्रथम अशोक शर्मा एवं एसीबीईओ द्वितीय अमित बडाया का अभिनंदन किया।
भेंट के दौरान संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 26 सितंबर को ब्लॉक के सभी विद्यालयों में आयोजित होने वाली भारतीय संस्कृति सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सीबीईओ शीला मीना ने सभी विद्यालयों से प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के सफल कार्यकाल की कामना की।
शिक्षक समस्याओं के समाधान का आग्रह
कार्यकारिणी ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इनमें MDM राशि एवं दूध राशि का शीघ्र भुगतान, खाद्यान्न का समय पर वितरण तथा जर्जर विद्यालय भवनों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आग्रह किया।
एसीबीईओ प्रथम अशोक शर्मा ने कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से विद्यार्थी हित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक समन्वय और आपसी सहयोग को आवश्यक बताया।
खंड अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा ने कहा कि संगठन शिक्षा विभाग के साथ सकारात्मक समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने में विश्वास रखता है। शिक्षक एवं विद्यार्थी हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संगठन निरंतर प्रयास करेगा।
इस अवसर पर आरपी मुकेश मीना, आलोक भारद्वाज, अभिनंदन त्रिवेदी, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी गोविन्द सहाय शर्मा, मंत्री रमेश मीना, जिला उपाध्यक्ष विमलेश शर्मा, ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश पुरोहित, लल्लू मटलाना, कोषाध्यक्ष राजेश सैनी, गौरव बैरवा, अभिषेक शर्मा, राहुल बैरवा, गोविन्द स्वामी, मीठालाल मीणा, बनवारी लाल शर्मा, नीलम जैन, दीपक शर्मा एवं मयंक शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*विद्यार्थियों ने अभिभावकों से 11 सितंबर को मतदान करने की भावपूर्ण अपील की*
लालसोट। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सांता किड्स स्कूल में “बाल मनुहार—मम्मी-पापा, वोट जरूर दें” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता से निर्धारित मतदान दिवस 11 सितंबर को अनिवार्य रूप से मतदान करने की भावपूर्ण अपील की। विद्यार्थियों ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मत की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
ब्लॉक साक्षरता समन्वयक अविनाश शर्मा ने बताया कि बाल मनुहार जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ परिवार और समाज में मतदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्भीक, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में संस्था प्रधान उमाशंकर शर्मा, सत्य प्रकाश स्वामी, मुकेश सैनी बगड़ी, सुमित (पीटीआई), सुनील शर्मा, विनोद राजस्थानी, अनुराग शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
*पांच वर्ष से कम पुराने प्रकरणों को टारगेटेड केस में शामिल करने के निर्देश वापस
लालसोट। राजस्थान उच्च न्यायालय की ओर से 11 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत लक्षित प्रकरणों (Targeted Cases) के निस्तारण के लिए कार्य योजना Phase-VI के अंतर्गत अधीनस्थ न्यायालयों में निर्धारित की गई व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पांच वर्ष से कम पुराने प्रकरणों को टारगेटेड केस की सूची में शामिल किए जाने संबंधी पूर्व में जारी निर्देश वापस ले लिए गए हैं। इसके साथ ही एक्शन प्लान के तहत पूर्व में जारी उक्त निर्देश अब प्रभावी नहीं रहेंगे।
इस निर्णय पर दी बार एसोसिएशन लालसोट ने खुशी जाहिर करते हुए इसे अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता, सतत प्रयास और न्यायहित में उठाई गई मजबूत आवाज की महत्वपूर्ण सफलता बताया।
बार एसोसिएशन की बैठक में अधिवक्ताओं ने निर्णय का स्वागत किया और एक-दूसरे को बधाई दी। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के हित में महत्वपूर्ण है।
बैठक में अधिवक्ता चंद्रभान सिंह, देवी सिंह, नाथूलाल मीणा, बाबूलाल हाड़ा, हरिनारायण माथा, संजीव जोशी, सुदीप मिश्रा, गणेश ककराला, प्रकाशचंद डिडवाना, सीताराम शर्मा, शम्भूदयाल राणा, अशोक चौधरी, गणेश शर्मा सहित बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी एवं अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


