Lalsot News: Daughter climbs water tank over share in father land.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 4:24 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : पिता की जमीन में हिस्सेदारी को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी बेटी, बुआ के नाम हुई जमीन की रजिस्ट्री रद्द करने की मांग

khaskhabar.com: मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 5:57 PM (IST)
लालसोट समाचार : पिता की जमीन में हिस्सेदारी को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी बेटी, बुआ के नाम हुई जमीन की रजिस्ट्री रद्द करने की मांग
लालसोट। रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के गांगल्यावास गांव में मंगलवार को पिता की जमीन में हिस्सेदारी की मांग को लेकर एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। सुबह साढ़े सात बजे महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। गांगल्यावास निवासी कजोडी देवी का आरोप है कि उनके पिता माथोलाल मीणा ने अपनी जमीन की रजिस्ट्री धोखाधड़ी से उनकी बुआ के नाम करवा दी। कजोडी देवी का कहना है कि उनका कोई भाई नहीं है, ऐसे में पिता की जमीन में उन्हें भी अपना हक मिलना चाहिए। बुआ के नाम की रजिस्ट्री रद्द करने की मांग
कजोडी देवी पिता की जमीन की उनकी बुआ के नाम कराई गई रजिस्ट्री को रद्द करवाने की मांग कर रही हैं। साथ ही वह जमीन में अपना हिस्सा दिए जाने की मांग पर भी अड़ी हुई हैं। इसी मांग को लेकर मंगलवार को वह गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं।
महिला के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।
टंकी के चारों ओर लगाया जाल
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए सिविल डिफेंस टीम को भी बुलाया गया। टीम ने एहतियात के तौर पर पानी की टंकी के चारों ओर सुरक्षा जाल लगा दिया, ताकि महिला के नीचे गिरने की स्थिति में उसे सुरक्षित बचाया जा सके।
मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारी महिला से बातचीत कर उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
रामगढ़ पचवारा उपखंड अधिकारी गणराज बढ़गोती ने बताया कि कजोड़ देवी सुबह 7:30 बजे पीहर गांगलियावास में आ कर पानी की टंकी पर चढ़ गई तथा रजिस्ट्री को रद्द कर उसके पिता के नाम पुनः रजिस्ट्री कराने की मांग करते हुए उसके पिता को उसके साथ उसके ससुराल भेजने की मांग कर रही है । प्रशासन द्वारा समझाइए इसके प्रयास जारी हैं सायंकाल 5:40 तक महिला पानी की टंकी पर ही चली हुई है समझाइए इसके प्रयास जारी है।
*274 नामांकनों की जांच में 87 रद्द, 164 प्रत्याशी मैदान में*

*वार्ड 34 में किन्नर प्रत्याशी के ओबीसी प्रमाण पत्र पर आपत्ति खारिज*
*रिटर्निंग अधिकारी ने सरकार के 2023 के आदेश का हवाला देकर प्रमाण पत्र को माना वैध*
लालसोट। नगर निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न दस्तावेजों में कमियां पाए जाने पर 87 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। जांच प्रक्रिया के बाद कुल 164 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।
नामांकन जांच के दौरान वार्ड 34 में एक प्रत्याशी के जाति प्रमाण पत्र को लेकर भी आपत्ति सामने आई। आपत्ति करने वाले पक्ष ने किन्नर प्रत्याशी को ओबीसी का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर सवाल उठाते हुए राजस्थान हाई कोर्ट के गंगा देवी बनाम राजस्थान सरकार प्रकरण में दिए गए आदेश का हवाला दिया और ओबीसी जाति प्रमाण पत्र को गलत ठहराया।
इस मामले में रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने संबंधित प्रकरण की छानबीन की। सरकार की ओर से वर्ष 12.1. 2023 में जारी आदेश का हवाला देते हुए जाति प्रमाण पत्र को वैध माना गया और दर्ज कराई गई आपत्ति का निस्तारण कर दिया गया।
रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद 164 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। अब 2 एवं 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में शेष प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
*संस्कृत महाविद्यालय परिसर में निशुल्क नेत्र जांच शिविर, 50 मरीज लेंस प्रत्यारोपण के लिए जयपुर रवाना*
लालसोट। संस्कृत महाविद्यालय परिसर में मंगलवार, 1 सितंबर को निशुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
शिविर में कुल 100 मरीजों का पंजीयन किया गया। जांच के दौरान 50 मरीजों को लेंस प्रत्यारोपण के लिए जयपुर भेजा गया। शिविर में डा. विजय एवं उनकी टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
कार्यक्रम में बाबूलाल चौधरी, प्रेमप्रकाश गुप्ता, पूर्व चेयरमैन प्रेमप्रकाश चौधरी, दिनेश मिश्रा, हंसराज चौधरी, विशाल गुप्ता, टीकम जांगिड, कैलाश दुसाद, सहज गुप्ता, अशोक चौधरी एडवोकेट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
*20 विद्यालयों के 4 हजार विद्यार्थियों ने दी ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता*
लालसोट। भारत विकास परिषद शाखा लालसोट की ओर से राष्ट्रीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लालसोट शहर एवं आसपास के क्षेत्र के करीब 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों में किया गया। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के करीब 1500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के करीब 2500 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इस प्रकार दोनों वर्गों में कुल करीब 4 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
प्रतियोगिता संयोजक अरविंद पाराशर ने बताया कि ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना तथा उन्हें देश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और विरासत से परिचित कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को आयोजित परीक्षा शाखा स्तर की प्रथम चरण की प्रतियोगिता थी। इसमें चयनित विद्यार्थी आगे प्रांत स्तर, क्षेत्रीय स्तर और अंत में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement