Advertisement
लालसोट न्यूज : लालसोट में कांग्रेस का परचम, तीनों निकायों में कब्जा

लालसोट विधानसभा क्षेत्र की तीनों नगरीय निकायों में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। लालसोट नगर परिषद, मंडावरी नगर पालिका और रामगढ़ पचवारा नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर भाजपा को तीनों निकायों में शिकस्त दी। लालसोट में कांग्रेस के कपिल पुरोहित ने भाजपा प्रत्याशी पिंकी चतुर्वेदी को 7 मतों से हराकर सभापति पद हासिल किया। वहीं मंडावरी में रामकेश मीणा और रामगढ़ पचवारा में रामफूल मीणा चेयरमैन निर्वाचित हुए।
लालसोट में 21 बनाम 14, कपिल पुरोहित सभापति
लालसोट नगर परिषद के सभापति पद के लिए सभी 35 पार्षदों ने मतदान किया। कांग्रेस प्रत्याशी कपिल पुरोहित को 21 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी पिंकी चतुर्वेदी को 14 मत प्राप्त हुए। इस तरह कपिल पुरोहित ने 7 मतों से जीत दर्ज की।
परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने आतिशबाजी की, मिठाई बांटी और अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। मतदान केंद्र से बाहर आते ही समर्थकों ने नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित को कंधों पर उठा लिया और फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जगदीश प्रसाद राड़ा, रामविलास खेमावास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
22 के संख्या बल के बावजूद कांग्रेस को 21 वोट, क्रॉस वोटिंग की चर्चा
लालसोट सभापति चुनाव में संख्या बल और मतदान के आंकड़ों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। नगर परिषद में कांग्रेस के 18 पार्षद निर्वाचित हुए थे, जबकि भाजपा के 12 और पांच निर्दलीय पार्षद विजयी हुए थे।
चार निर्दलीय पार्षद कांग्रेस खेमे की बाड़ेबंदी में शामिल हो गए, जिससे कांग्रेस का संख्या बल 22 हो गया था। वहीं एक निर्दलीय पार्षद के भाजपा खेमे में जाने से भाजपा का संख्या बल 13 तक पहुंच गया था।
इसके बावजूद मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी कपिल पुरोहित को 21 और भाजपा प्रत्याशी पिंकी चतुर्वेदी को 14 मत मिले। इससे क्रॉस वोटिंग को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि किस पार्षद ने किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया, यह आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है।
तीन दिन की सियासी हलचल के बाद कांग्रेस की जीत
सभापति चुनाव से पहले लालसोट में तीन दिनों से राजनीतिक उठापटक और संभावित सेंधमारी को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा था। दोनों दल अपने पार्षदों को सुरक्षित रखने में जुटे हुए थे। कांग्रेस की मजबूत बाड़ेबंदी और सतर्कता के बीच आखिरकार कपिल पुरोहित सभापति निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम के साथ ही राजनीतिक उलटफेर की अटकलों पर विराम लग गया।
पूर्व मंत्री परसादी मीणा के आवास पर राजनीतिक धमाल
कांग्रेस की जीत के बाद पूर्व मंत्री परसादी मीणा के आवास पर राजनीतिक उत्सव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक वहां पहुंचे। कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
इस दौरान पीसीसी सदस्य कमल मीणा को कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से लादकर कंधों पर उठा लिया और जोरदार अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया तथा मिठाइयां वितरित कीं।
पूर्व मंत्री के आवास पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक पुरोहित, नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित, विक्की पुरोहित, अमित उपाध्याय, इशाक ईरानी, विनोद सैनी, निरंजन जोशी, विनीत स्वामी सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। देर तक ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न का दौर चलता रहा।
कपिल पुरोहित बोले- भ्रष्टाचार मुक्त लालसोट पहली प्राथमिकता
नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित ने कहा कि लालसोट को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व बोर्ड के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जांच करवाई जाएगी तथा पिछले छह माह में हुई 90-ए से संबंधित जांच की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, आवारा पशुओं से राहत दिलाने, पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और रोड लाइटों को व्यवस्थित करने को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा सभी वार्डों में बिना भेदभाव समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
कपिल पुरोहित ने कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा को विधायक के रूप में वापस लाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंडावरी में रामकेश मीणा ने 6 मतों से जीत दर्ज की
मंडावरी नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी रामकेश मीणा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्हें 13 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी जंतु देवी मीणा को 7 मत प्राप्त हुए। रामकेश मीणा ने 6 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
रामगढ़ पचवारा में रामफूल मीणा का कब्जा
रामगढ़ पचवारा नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी रामफूल मीणा ने भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम मीणा को 12 मतों से पराजित किया। रामफूल मीणा को 16 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 4 मत प्राप्त हुए।
इस तरह लालसोट विधानसभा क्षेत्र की तीनों नगर निकायों में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।
मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सभापति चुनाव को लेकर प्रशासन ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर मजबूत बैरिकेडिंग की और पुलिस जाप्ता तैनात किया। दोपहर करीब 12:02 बजे कांग्रेस पार्षदों को बाड़ेबंदी से बस के जरिए पीसीसी सदस्य कमल मीणा की अगुवाई में मतदान केंद्र तक पहुंचाया गया।
इसी दौरान भाजपा पार्षद भी अलग-अलग वाहनों से मतदान केंद्र पहुंचे। कुछ समय के लिए मौके पर हलचल की स्थिति बनी। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और सभी पार्षदों ने शांतिपूर्वक मतदान किया।
दोपहर 1:11 बजे पूर्व सभापति एवं पार्षद रक्षा मिश्रा भी मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी 35 पार्षदों के मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई और कपिल पुरोहित को विजयी घोषित किया गया।
अब उपसभापति चुनाव पर टिकी निगाहें
सभापति चुनाव संपन्न होने के साथ ही लालसोट में अगली राजनीतिक कवायद शुरू हो गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों के पार्षदों को फिर से बाड़ेबंदी में पहुंचाया गया है। अब निगाहें उपसभापति चुनाव में संख्या बल, संभावित क्रॉस वोटिंग और दोनों दलों की रणनीति पर टिकी हैं।
मतदान के दौरान रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा, तहसीलदार सीमा गुनावत, डीएसपी सत्यनारायण यादव, थाना अधिकारी हरलाल मीणा, नगर परिषद आयुक्त नमन शर्मा सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


