Lalsot News: Burglary solved in seven days, two people including tenant girl arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 11, 2026 12:51 pm
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : सात दिन में नकबजनी का खुलासा, किरायेदार युवती सहित दो गिरफ्तार

khaskhabar.com: सोमवार, 28 सितम्बर 2026 4:52 PM (IST)
लालसोट समाचार : सात दिन में नकबजनी का खुलासा, किरायेदार युवती सहित दो गिरफ्तार
20 लाख रुपए के सोने के आभूषण बरामद, वृद्धा के मंदिर जाने का उठाया था फायदा लालसोट। पुलिस थाना लालसोट ने आजाद चौक में वृद्ध महिला के घर हुई नकबजनी की वारदात का सात दिन में खुलासा करते हुए किरायेदार युवती सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपए कीमत के सम्पूर्ण सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 70 वर्षीय गुड़ी देवी जैन अपने मकान में अकेली रहती हैं। उन्होंने मकान के दो कमरे किराये पर दे रखे थे। इनमें से एक कमरे में आरोपी उमा मीणा किराये पर रहती थी। वृद्धा के पास सोने के आभूषण देखकर उमा मीणा ने अपने साथी कैलाश प्रसाद मीणा के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
पीड़िता की सुबह-शाम मंदिर जाने की जानकारी आरोपी युवती को थी। पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को वृद्धा के मंदिर जाने के दौरान उमा ने घर में छिपाकर रखी चाबी निकालकर कमरे में प्रवेश किया और तिजोरी खोलकर सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद उसने तिजोरी और कमरे के ताले दोबारा लगा दिए तथा चाबियां अपने साथ ले गई।
इसके बाद उसने रात में अपने साथी कैलाश प्रसाद मीणा को दौसा से लालसोट बुलाकर चोरी के आभूषण सौंप दिए। अगले दिन वृद्धा के साथ मंदिर जाते समय उमा ने जयपुर स्काउट कैम्प जाने की बात कही, ताकि उस पर किसी प्रकार का शक नहीं हो।
सीसीटीवी मैपिंग और तकनीकी सहायता से जांच
वारदात की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा, वृत्ताधिकारी सत्यनारायण यादव तथा थानाधिकारी हरलाल मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद विशेष पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी मैपिंग, तकनीकी सहायता, क्राइम पैटर्न एनालिसिस, रूट ट्रेसिंग, इंटेलिजेंस डेवलपमेंट एवं फील्ड वेरिफिकेशन के माध्यम से जांच की गई।
पुलिस टीम ने संदिग्धों को चिन्हित कर पूछताछ की, जिसके बाद उमा मीणा और कैलाश प्रसाद मीणा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने के आभूषण बरामद करने का दावा किया है।
ये आभूषण हुए बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों से 4 सोने की चूड़ियां, वजन करीब 8 तोला, सोने की चेन वजन करीब 2.5 तोला, 2 सोने की अंगूठियां और 2 सोने की झुमकियां बरामद की गई हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।
विशेष टीम में ये रहे शामिल
वारदात के खुलासे के लिए गठित टीम में थानाधिकारी हरलाल मीणा, एएसआई अमरसिंह, हैड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत शर्मा, कांस्टेबल लहरीलाल, प्रवीण कुमार एवं महिला कांस्टेबल कंचन शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
*नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए अभिशाप नशा मुक्त करने के लिए करेंगे प्रयास : कपिल पुरोहित*

लालसोट। श्यामपुरा रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर में सोमवार को भगतसिंह आभामंडल की ओर से शहीद-ए-आजम भगतसिंह जन्मोत्सव एवं आभामंडल का आठवां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। समारोह में नगरपरिषद लालसोट के सभापति कपिल पुरोहित मुख्य अतिथि रहे।
सभापति कपिल पुरोहित ने कहा कि वे आभामंडल की स्थापना के समय से ही इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहां के नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए अभिशाप है नगर परिषद क्षेत्र को नशा मुक्त करने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गुटखा आदि नशीले पदार्थों का सेवन कर नगरपरिषद कार्यालय में आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभापति के इस संकल्प का समारोह में मौजूद लोगों ने खड़े होकर समर्थन एवं अभिनंदन किया।
समारोह में मंडावरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संचालक भगवान सहाय शर्मा, लालसोट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर कार्यवाह अर्पित गुप्ता, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ लालसोट अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा, आभामंडल संरक्षक मोहनलाल शर्मा, एसीबीओ अशोक शर्मा, समाजसेवी रामचरण बोहरा, रोहित सोनी, अक्षित जांगिड़ एवं लकड़ी चिराई संघ अध्यक्ष अमित स्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।
मंच संचालन आभामंडल संयोजक अमन शर्मा राजपूर्ण एवं अध्यक्ष लखन पाटोदिया ने किया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों का भगतसिंह आभामंडल की ओर से दुपट्टा, साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर आभामंडल के आकाश सैनी, अक्षित जांगिड़, गौरव शर्मा, निखिल चौधरी, अभिषेक शर्मा, बाबूलाल, हनुमान, डॉ. मीठालाल, डॉ. अमन, केशव वैष्णव, जय, विवेक एवं पंकज सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन मौजूद थे।
*छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए, रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ*
लालसोट। राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, लालसोट में छात्राओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के उद्देश्य से सोमवार को ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण शिविर श्री राजेश कुमार मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षक श्री राजेश कुमार मीणा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के बुनियादी सिद्धांतों के साथ मानसिक दृढ़ता एवं विपरीत परिस्थितियों में सजग रहने के उपाय बताए। उन्होंने विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं का आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी होना आवश्यक है। रानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक छात्रा को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण छात्राओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके भीतर आत्मविश्वास भी विकसित करेगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
*डीडवाना में किशोरी मेले का आयोजन, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा*
लालसोट। उपखंड क्षेत्र के डीडवाना गांव स्थित राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय में किशोरी मेले का आयोजन किया गया। मेले में कक्षा 6 से 9 तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को विभिन्न जोन में विभाजित कर हिंदी, गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी सहित हाइजीन, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विषयों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रत्येक जोन से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
विद्यालय के संस्था प्रधान राजेश शर्मा ने चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर रोहिताश शर्मा, सुरेंद्र मीणा, सीताराम सैनी, नूतन चौहान सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
*राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में सिद्धार्थ मीणा का चयन*
लालसोट। 70वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के लिए लालसोट क्षेत्र की न्यू सुबोध विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र सिद्धार्थ मीणा पुत्र किरोड़ी लाल मीणा का 19 वर्ष आयु वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, शार्दूल शहर, श्रीगंगानगर में 1 से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। सिद्धार्थ प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
चयन होने पर विद्यालय परिसर में छात्र का अभिनंदन किया गया। PEEO मोहन लाल सैनी एवं विद्यालय प्रधानाचार्य बरदा राम मीणा ने सिद्धार्थ को गोल्ड मेडल एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राधेश्याम महावर, व्याख्याता रामफूल बैरवा सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय परिवार ने छात्र के चयन पर खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
*विशाल रक्तदान शिविर में 86 लोगों ने किया रक्तदान*
*110 लोगों ने कराया पंजीयन, महिलाओं की भागीदारी रही 40 प्रतिशत*

लालसोट। भारत विकास परिषद के तत्वावधान में संस्कृत महाविद्यालय के प्रांगण में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर में 110 रक्तदाताओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 86 लोगों ने रक्तदान किया। खास बात यह रही कि रक्तदान करने वालों में महिलाओं की भागीदारी करीब 40 प्रतिशत रही।
शिविर का उद्घाटन करते हुए भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त किसी कारखाने में तैयार नहीं होता, बल्कि मानव द्वारा किए गए रक्तदान से ही दुर्घटनाग्रस्त एवं जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान रक्तदान करने के लिए लोगों की भीड़ रही। युवाओं के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए उन्हें रक्तदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर लोकेंद्र जैन, अंजना त्यागी, डॉ. भरत शर्मा, डॉ. अनुराग देमन, डॉ. अनुराग शर्मा, रोहित पंसारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement