लालसोट समाचार : मंडावरी में पेड़ पर लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

हत्या की आशंका जताकर जताया आक्रोश
युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने के बाद परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंडावरी में जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना पर डीएसपी सत्यनारायण यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिजनों से समझाइश की।
डीएसपी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया।
मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम
मृतक की पहचान प्रदीप मीणा (19) पुत्र रमेश मीणा, निवासी खेजड़ा वाली ढाणी, मंडावरी के रूप में हुई है। शव को मंडावरी के राजकीय अस्पताल में रखवाया गया है। थाना अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द किया। युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
*लालसोट में खेतों से केबल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार*
*आठ बोरिंग से केबल चोरी की वारदातों का खुलासा, जली हुई केबल से निकाला गया कॉपर वायर बरामद;* *करौली के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा* लालसोट। लालसोट थाना पुलिस एवं दौसा साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खेतों में लगे बोरिंग की सबमर्सिबल पंप की केबल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल को जलाकर निकाला गया कॉपर वायर भी बरामद किया है। आरोपी करौली जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 23-24 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि में लालसोट थाना क्षेत्र के आठ बोरिंग से केबल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी हरलाल मीणा ने बताया कि
नगरियावास निवासी कैलाश मीना ने 24 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दी थी कि सुबह खेत पर पहुंचने पर बोरिंग में लगी सबमर्सिबल पंप की केबल कटी हुई मिली। क्षेत्र के अन्य किसानों की बोरिंग से भी केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
खेतों से लगातार केबल चोरी होने के कारण किसान परेशान थे। इसे देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ चोरी की वारदातों के तरीके का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल से मिले इनपुट, मुखबिर तंत्र तथा क्षेत्रीय सत्यापन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जयपुर से करौली तक तलाश, पूछताछ में खुलासा
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा क्षेत्र में कार्रवाई की। इसके बाद संदिग्ध राकेश बावरिया और ओमप्रकाश बावरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने केबल चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से केबल जलाकर निकाला गया कॉपर वायर बरामद किया गया।
बाजरे की फसल की आड़ में करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिन में खेतों और बोरिंग की रेकी करते थे तथा रात में बाजरे की ऊंची फसल की आड़ लेकर बोरिंग तक पहुंचते थे। इसके बाद केबल काटकर मौके पर ही उसका बाहरी हिस्सा छीलते और अंदर मौजूद तार निकालकर ले जाते थे। बाद में तार को जलाकर कॉपर अलग करते और उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में फेरीवालों को बेच देते थे।
आठ बोरिंग से केबल चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, 23-24 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि में नगरियावास और नाड़ी मलवास क्षेत्र में आठ बोरिंग से केबल चोरी की वारदातें हुई थीं। इनमें नगरियावास निवासी कैलाश प्रसाद मीना, भागीरथ मीना, रोशन सिंह मीना, मुरारीलाल मीना और हरकेश मीना की बोरिंग शामिल हैं। नाड़ी मलवास निवासी दिनेश मीना, हरकेश मीना और रामधन मीना की बोरिंग से भी केबल चोरी की गई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में लालसोट थाना पुलिस और दौसा साइबर सेल की विशेष टीम के सदस्यों का योगदान रहा।
*सोनड़ में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ*
लालसोट (दौसा)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्यालय शिक्षा राजस्थान के आह्वान पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनड़ में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नशामुक्त युवा, स्वस्थ समाज और उज्ज्वल राष्ट्र के निर्माण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रदेश प्रतिनिधि एवं अध्यापक बदराम मीना ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। व्याख्याता संतोष कुमार स्वर्णकार ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विदेशी ताकतें नशे के माध्यम से देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद करना चाहती हैं। युवाओं को ऐसी साजिशों से बचना होगा और अपने भविष्य के प्रति सजग रहना होगा।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना और उन्हें सही दिशा दिखाना सामाजिक एवं राष्ट्रीय हित में अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अर्जुन लाल मीना, प्रदेश प्रतिनिधि बदराम मीना, व्याख्याता संतोष कुमार स्वर्णकार, उपप्राचार्य अर्चना जैन, उपप्राचार्य महेंद्र कुमार वर्मा, सुमित्रा मीना, प्रदीप कुमार घीया, कमलेश कुमार बैरवा, विजेंद्र सिंह शेखावत, गिर्राजप्रसाद शर्मा, प्रेमप्रकाश मीना सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
*बालिकाएं नशामुक्त समाज के निर्माण में निभा सकती हैं अहम भूमिका: अमित बढ़ाया*
लालसोट। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) के तत्वावधान में शनिवार को बालिका विद्यालय लालसोट में ब्लॉक स्तरीय नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
खंड अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा ने बताया कि संगठन के आह्वान पर प्रदेशभर में एक साथ नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। लालसोट में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अमित बढ़ाया रहे। विशिष्ट अतिथि यूसीसीओ प्रधानाचार्य रत्तीराम मीना एवं भगत सिंह आभामंडल के अध्यक्ष लखन पाटोदिया रहे। अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य उमाशंकर शर्मा ने की।
बालिकाएं परिवार और समाज में फैलाएं जागरूकता
मुख्य अतिथि अमित बढ़ाया ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में बालिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बालिकाएं अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने की प्रभावी वाहक बन सकती हैं। विद्यार्थी जीवन से ही बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए तो भविष्य में स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने बालिकाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार और परिचितों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाते हुए सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
नशामुक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विशिष्ट अतिथि यूसीसीओ प्रधानाचार्य रत्तीराम मीना ने नशामुक्ति के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य उमाशंकर शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। अंत में खंड अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन ABRSM कार्यकर्ता एवं शिक्षक अमन शर्मा राजपूर्ण ने किया।
बालिकाओं की प्रतिभा का किया सम्मान
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस महोत्सव के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें भाग लेने वाली बालिकाओं को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिका शिक्षा, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
खंड अध्यक्ष अनुराग प्रिय शर्मा ने कहा कि संगठन के निर्देशानुसार खंड के विद्यालयों में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ उनमें स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर गोविंद सहाय शर्मा, दीपक शर्मा, दीपशिखा शर्मा, राकेश कुमार जैन, दिलीप कुमार शर्मा, सोना जैन, हेमंत कुमार शर्मा, संपत लाल मीना, धनबाई मीणा, हेमा मीणा, नीलम शर्मा, नविता गौतम, ज्योति बाकोलिया, भजनती देवी मीना, अंकिता शर्मा, सुमित्रा शर्मा, रुचि शर्मा, शुभम शर्मा एवं राहुल गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
*100 मीटर दौड़ में अभिषेक, 200 मीटर में आर्यन शर्मा और 400 मीटर में आर्यन स्वामी रहे विजेता*
*
लालसोट (दौसा)। राजेश पायलट राजकीय महाविद्यालय लालसोट में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन दौड़ एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दौड़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। 100 मीटर दौड़ में अभिषेक शर्मा, 200 मीटर में आर्यन शर्मा तथा 400 मीटर दौड़ में आर्यन स्वामी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष पहाड़िया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मैदान में खेल गतिविधियों के लिए देना चाहिए। इससे स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ अनुशासन और टीम भावना का भी विकास होता है।
खेल प्रभारी लोकेश कुमार मीणा ने बताया कि 100 मीटर दौड़ में अभिषेक शर्मा प्रथम, पुष्पेंद्र शर्मा द्वितीय और दिनेश मिरोठा तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार 200 मीटर दौड़ में आर्यन शर्मा ने प्रथम, अभिषेक शर्मा ने द्वितीय और रोहित कुमार वैष्णव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में आर्यन स्वामी प्रथम, परमवीर प्रजापत द्वितीय और पुष्पेंद्र शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मैच में आरपीजीसी रॉयल्स टीम ने जीत दर्ज की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*325 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ली नशामुक्ति की शपथ*
*रामगढ़ पचवारा के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में कार्यक्रम, नशामुक्ति के नारों से गूंजा परिसर*
लालसोट। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (राजस्थान) विद्यालय शिक्षा के आह्वान पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (MGGS), रामगढ़ पचवारा में नशामुक्त अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 325 छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जीवनभर मादक पदार्थों और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर नशामुक्ति के नारों से गूंज उठा।
प्रधानाचार्य श्रीराम जांगिड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। विद्यार्थी जीवन अनुशासन, संस्कार और चरित्र निर्माण का स्वर्णिम काल है। युवा शक्ति सही दिशा में आगे बढ़े और व्यसनों से दूर रहे, तभी सशक्त एवं समर्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है।
समाज में भी फैलाएं नशामुक्ति का संदेश
महासंघ के संयुक्त जिला मंत्री सुरेंद्र जांगिड़ ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से प्रदेशभर में भावी पीढ़ी को नशे की लत से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आस-पड़ोस और समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जनजागरण फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री विकास कुमार गौतम एवं पूर्व मंत्री हरिनारायण मीणा के नेतृत्व में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के दौरान “नशामुक्त विद्यालय, नशामुक्त युवा, नशामुक्त राजस्थान” के नारों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
*अग्रसेन जयंती महोत्सव में आउटडोर प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां*
*खेलकूद में अग्रबंधुओं, महिलाओं और बच्चों ने लिया उत्साह से भाग, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान; आज निकलेगी अग्रसेन महाराज की विशाल शोभायात्रा*
लालसोट। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के तहत अग्रवाल नवयुवक सेवा समिति एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में अग्रवाल सेवा सदन लालसोट में आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रमों के तहत शनिवार को विभिन्न आउटडोर प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में अग्रवाल समाज के अग्रबंधुओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ भाग लिया।
शनिवार सुबह 7 बजे से आयोजित आउटडोर प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, बैडमिंटन, डिस्क थ्रो, वॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़ और थीम पार्सल सहित विभिन्न खेल गतिविधियां हुईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वंदे मातरम गीत के साथ आउटडोर प्रतियोगिताओं का समापन हुआ।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
शनिवार शाम 7 बजे अग्रवाल सेवा सदन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अग्रसेन महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और स्वागत गान के साथ हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर उपस्थित समाजबंधुओं की सराहना प्राप्त की। इसके अलावा देशभक्ति, धार्मिक नाटकों और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में समाज के बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का माला पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया गया। उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आज निकलेगी अग्रसेन महाराज की विशाल शोभायात्रा
अग्रवाल समाज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे समाज की आम बैठक एवं अध्यक्ष पद के चुनाव होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे अग्रसेन महाराज की विशाल शोभायात्रा शाही लवाजमे के साथ रवाना होगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घोड़ी और ऊंट सहित विभिन्न आकर्षण शामिल रहेंगे।
शोभायात्रा अग्रवाल सेवा सदन से रवाना होकर कोथून रोड, नगर पालिका, बस स्टैंड, आजाद चौक, बोली बाजार और गणगौरी दरवाजा होते हुए वापस अग्रवाल सेवा सदन पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजबंधुओं की ओर से स्वागत द्वार, अल्पाहार और पुष्पवर्षा की व्यवस्था की जाएगी।
समाज के पुरुषों से सफेद कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं से महिला मंडल की ओर से निर्धारित ड्रेस पहनकर आने की अपील की गई है। रविवार शाम 5 बजे से सामूहिक भोजन का आयोजन भी होगा। आयोजकों ने समाज के सभी अग्रबंधुओं, महिलाओं और बच्चों से महोत्सव एवं शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज, नवयुवक सेवा समिति और अग्रवाल महिला मंडल के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा समाज के अनेक अग्रबंधु, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
*राष्ट्रीय लोक अदालत में 515 प्रकरणों का निस्तारण, 1.35 करोड़ से अधिक के अवार्ड पारित*
*राजस्व के 196 लंबित प्रकरणों का भी हुआ निस्तारण, बैंक रिकवरी और बिजली बिल के मामलों में भी समझौते*
लालसोट। शनिवार को तालुका विधिक सेवा समिति लालसोट मुख्यालय पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए दो बेंचों का गठन किया गया। लोक अदालत में आपसी सहमति से सैकड़ों प्रकरणों का निस्तारण कर पक्षकारों को राहत प्रदान की गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत में गीता पाठक, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, लालसोट की बेंच द्वारा कुल 45 मूल प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 1 करोड़ 9 लाख 90 हजार रुपए के अवार्ड पारित किए गए। वहीं, श्रीमती मधु शर्मा, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रमांक-02, लालसोट की बेंच द्वारा 470 प्रकरणों में कुल 1 करोड़ 33 लाख 61 हजार 827 रुपए का समझौता कराया गया।
इसके अतिरिक्त राजस्व प्रकृति के 196 लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं, प्री-लिटिगेशन के तहत बैंक रिकवरी एवं बिजली बिल भुगतान से संबंधित 11 प्रकरणों में 15 लाख 55 हजार 133 रुपए का समझौता हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत में एसबीआई बैंक, यूको बैंक, राष्ट्रीय ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों एवं बिजली विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिवक्ताओं ने भी लोक अदालत की कार्यवाही में सहयोग दिया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features



