Advertisement
लालसोट समाचार : मतदाता सूची में नाम के लिए महीनों से भटक रहा लाडपुरा का युवक

एसडीएम के आदेश के खिलाफ कलेक्टर तक पहुंचा मामला
मामले में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं एसडीएम लालसोट विजेंद्र मीणा ने 19 मार्च 2026 को लाडपुरा की मतदाता सूची से नाम विलोपित करने का आदेश जारी किया था। इसके खिलाफ कमलेश मीणा ने जिला कलेक्टर के समक्ष अपील की।
हाईकोर्ट के आदेश में दर्ज विवरण के अनुसार, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के आदेशों के खिलाफ की गई दोनों अपीलें स्वीकार की गईं और प्रकरण को पुनः निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास भेजा गया। 3 जून 2026 को मामले को दोबारा भेजे जाने के बाद भी अंतिम निर्णय नहीं होने पर मामला हाईकोर्ट पहुंचा।
हाईकोर्ट ने कहा—अनिश्चितता में नहीं रखा जा सकता
मामले की सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति अनूप कुमार के समक्ष हुई। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता को इस असमंजस की स्थिति में नहीं रखा जा सकता ।
हाईकोर्ट ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को बिना किसी और देरी के यह निर्णय लेने के निर्देश दिए है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्णय 3 जून 2026 के अपीलीय प्राधिकारी के आदेश तथा उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर लिया जाए। साथ ही आदेश की अनुपालना नहीं होने पर इसे गंभीरता से लेने की बात भी कही गई है।
एसआईआर अभियान के दौरान नाम हटाने का आरोप
कमलेश मीणा का आरोप है कि उसके दस्तावेजों और साक्ष्यों पर उचित विचार किए बिना एसआईआर अभियान के दौरान उसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया। उसका कहना है कि वर्तमान में उसका नाम न तो लाडपुरा की मतदाता सूची में है और न ही किसी अन्य ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज है।
कमलेश के अनुसार 16 सितंबर को हाईकोर्ट के आदेश की प्रति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, लालसोट को उपलब्ध करा दी गई, लेकिन अभी तक प्रकरण में अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। वह लंबे समय से अपने दस्तावेजों के साथ अधिकारियों के समक्ष नाम जोड़ने की मांग कर रहा है।
अधिकारी बोले—दस्तावेजों की जांच के बाद होगी कार्रवाई:
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं एसडीएम विजेंद्र मीणा ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार समूचे दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
*लालसोट और रामगढ़ के 20 आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई कार्यक्रम आयोजित*
*भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मूर्ति मीणा सहित महिला नेत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की*
लालसोट। लालसोट और रामगढ़ क्षेत्र के दस-दस आंगनबाड़ी केंद्रों पर शुक्रवार को गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मूर्ति मीणा सहित अन्य महिला नेत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म निभाई। इस दौरान महिलाओं को मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई।
उपखंड मुख्यालय के वार्ड नंबर 8 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा चौधरी, सहायिका हेमलता साहू एवं सीमा पाराशर की मौजूदगी में तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इस दौरान नाईद, तराना एवं शाइस्ता की गोद भराई की रस्म की गई। कार्यक्रम में पार्षद मीनू बाई, प्रिया सेन, ललित जायसवाल, सुषमा चौधरी, ममता सेन एवं ललित दास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर जानकारी दी गई। महिला नेत्रियों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं बच्चों के पोषण पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
*बिजासनी माता की पदयात्रा हुई रवाना*
*महाकाली मंदिर से संत रामदयाल दास महाराज ने पदयात्रा को किया रवाना*
लालसोट। उपखंड मुख्यालय से बिजासनी माता की पदयात्रा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ रवाना हुई। पदयात्रा को महाकाली मंदिर से संत रामदयाल दास महाराज ने विधिवत रवाना किया। रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिजासनी माता से यात्रा की सफलता एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पदयात्रा में राहुल पांखला, नरसी शर्मा, शशि शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए पदयात्रा में आगे बढ़े। इस दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया।
*खेलों से होता है बालकों का सर्वांगीण विकास : रामविलास मीणा*
*संभाग स्तरीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालयीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ*
लालसोट। ग्राम पंचायत टोडा ठेकला स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय जागा बस्ती में शुक्रवार को जयपुर संभाग स्तरीय 14 वर्षीय छात्र वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जयपुर संभाग के संस्कृत विद्यालयों की 27 टीमें भाग ले रही हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लालसोट विधायक रामविलास मीणा रहे, जबकि अध्यक्षता टोडा ठेकला सरपंच रसाल देवी ने की। कार्यक्रम संयोजक संभागीय संस्कृत शिक्षा अधिकारी जयपुर संभाग के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वासुदेव व्यास, विभागीय अधिकारी प्रधानाध्यापक रामावतार बैरवा, केंद्राध्यक्ष प्रधानाचार्य रामराज मीणा तथा मुख्य निर्णायक शारीरिक शिक्षक श्रवण कुमार शर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद क्रीड़ा प्रतियोगिता का ध्वजारोहण किया गया और मुख्य अतिथि विधायक रामविलास मीणा ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। विद्यालय स्टाफ की ओर से प्रधानाचार्य रामराज मीणा के नेतृत्व में मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
खेलों से विकसित होती है सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि खेलों से बालकों का सर्वांगीण विकास होता है। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों में खेल भावना के साथ आपसी सामंजस्य और एक-दूसरे के सहयोग की भावना विकसित होती है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बच्चों में आगे बढ़ने और जीतने की भावना का भी विकास होता है।
विधायक कोष से दो कक्षा-कक्ष मय बरामदे की घोषणा
स्थानीय विद्यालय प्रशासन एवं ग्रामीणों के आग्रह पर विधायक रामविलास मीणा ने विद्यालय में विधायक कोष से दो कक्षा-कक्ष मय बरामदे के निर्माण की घोषणा की। घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।
पहले दिन कबड्डी और बैडमिंटन के मुकाबले
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस कबड्डी एवं बैडमिंटन के मुकाबले हुए। कबड्डी के पहले मुकाबले में मानपुरिया कोठ्या ने रावण का टीला दौसा को हराया। इसके बाद जागा बस्ती ने बिनोरी को हराकर जीत दर्ज की। वहीं बिनौरी और बहरावंडा के बीच हुए मुकाबले में बहरावंडा विजयी रही।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में बिहारीपुरा ने बूडला महाराजपुरा को हराकर जीत दर्ज की।
*राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर विशेष व्याख्यान आयोजित*
लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लालसोट में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की तीनों NSS इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष पहाड़िया एवं उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्राचार्य प्रो. पहाड़िया ने उद्घाटन उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता राम भरोसी बैरवा ने NSS की स्थापना, उद्देश्यों तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना को अनुभवात्मक अधिगम का प्रभावी माध्यम बताते हुए स्वयंसेवकों के कर्तव्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सेवा भावना के महत्व को समझाया। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों एवं प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय से जोड़ा। व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा।
कार्यक्रम में NSS कार्यक्रम अधिकारी गिर्राज प्रसाद मीणा एवं डॉ. नेहा राघव सहित प्रो. भारत लाल मीणा, प्रो. एच.के. सिंह, प्रो. हनुमान प्रसाद मीणा, प्रिया भारती शर्मा, लोकेश कुमार मीणा, कांता मीणा, गायत्री पांडिया एवं रेनू मीणा मौजूद रहे। महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में NSS स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रो. हनुमान प्रसाद मीणा ने NSS गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण रूप प्रदान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशेष व्याख्यान के माध्यम से स्वयंसेवकों को सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं अनुभवात्मक अधिगम की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का सक्रियता से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
*भारत को जानो प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों का सम्मान*
लालसोट। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय डिडवाना की प्रधानाचार्य सोनिया व्यास ने बताया कि भारत विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 6 से 8) में कनिष्का गुप्ता, परिधि शर्मा, मानवी मोरवाल एवं छवि शर्मा तथा वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9 से 12) में आनिया खान, अनुष्का सैनी एवं बिन्दिया महावर को स्मृति चिन्ह (शील्ड), ‘भारत को जानो’ थीम बुक एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य सोनिया व्यास ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। सम्मान कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहा।
*डॉ. विनोद शास्त्री बने स्कूल शिक्षा परिवार के* *प्रदेश उपाध्यक्ष*
लालसोट । ओम पवन पब्लिक स्कूल, लालसोट डॉ विनोद शास्त्री को स्कूल शिक्षा परिवार का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया हैँ।
उनकी इस नियुक्ति से समूचे निजी स्कूल संचालकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है। डॉ. विनोद शास्त्री लालसोट क्षेत्र से इस संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष बनने वाले पहले पदाधिकारी बताए जा रहे हैं। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।डॉ. विनोद शास्त्री ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। निजी विद्यालयों के हितों और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वे सक्रियता से कार्य करेंगे।
*नीट पीजी 2026 में डॉ. मयंक शर्मा ने हासिल* *की ऑल इंडिया 1968वीं रैंक, लालसोट का नाम किया रोशन*
लालसोट। लालसोट क्षेत्र के होनहार युवा चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने नीट पीजी 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया 1968वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। डॉ. मयंक शर्मा वर्तमान में हरियाणा के पलवल जिले में चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता उमाशंकर शर्मा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनके चाचा पवन शर्मा बिचपुरी राष्ट्रीय परशुराम सेवा संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। डॉ. मयंक शर्मा ने वर्ष 2019 की NEET-UG परीक्षा में भी ऑल इंडिया 2050वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर मेहनत करते हुए उन्होंने NEET-PG 2026 में 1968वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।डॉ. मयंक शर्मा का कहना है कि सफलता प्राप्त करने के लिए पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करना आवश्यक है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने से सफलता हासिल की जा सकती है।डॉ. मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी और नानी को दिया।
*लालसोट की 30 ग्राम पंचायतों में आरक्षण की लॉटरी निकली, 15 सीटें* *सामान्य, 7 एससी, 7 एसटी और 1 ओबीसी के लिए आरक्षित*
लालसोट। पंचायत समिति लालसोट-रामगढ़ पचवारा में प्रधान पद के आरक्षण की लॉटरी के बाद गुरुवार को ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी भी निकाली गई। पंचायत समिति सभागार में एसडीएम विजेंद्र मीणा की अध्यक्षता में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया के दौरान लालसोट पंचायत समिति क्षेत्र की सभी 30 ग्राम पंचायतों का आरक्षण निर्धारित किया गया।
लॉटरी के अनुसार 15 ग्राम पंचायतें सामान्य वर्ग, 7 अनुसूचित जाति (एससी), 7 अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा 1 ग्राम पंचायत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित की गई है।
इन ग्राम पंचायतों में सामान्य वर्ग
लॉटरी में देवली, बिलोना खुर्द, खेमावास, टोडागांगा, डीडवाना और डिगो ग्राम पंचायतों को सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया।
वहीं थलोज, श्रीरामपुरा, लालपुरा, खेड़ला खुर्द, पट्टी किशोरपुरा, सूरतपुरा, खठुंबर और घाटा ग्राम पंचायतों को सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया।
एसटी वर्ग में इन ग्राम पंचायतों का आरक्षण
अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए बिनोरी, खेड़ली, बड़ेखन और गोल ग्राम पंचायतों को आरक्षित किया गया। जबकि डीवांचली कला, कल्याणपुरा और लाडपुरा ग्राम पंचायतें एसटी महिला वर्ग के लिए आरक्षित की गईं।
एससी वर्ग में पांच ग्राम पंचायतें
अनुसूचित जाति वर्ग के लिए बिलोना कला, बगड़ी और महारिया टोडा ठेकला ग्राम पंचायतों का आरक्षण किया गया। वहीं , खटवा, किशोरपुरा और काकरिया ग्राम पंचायतों को एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया।
मिर्जापुरा ओबीसी के लिए आरक्षित
लॉटरी में मिर्जापुरराग्राम पंचायत को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित किया गया।
आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया के दौरान संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इसी तरह रामगढ़ पचवारा पंचायत समिति के लिए रिटर्निंग अधिकारी गणराज बड़ागोती की मौजूदगी में ग्राम पंचायत की आरक्षण लॉटरी खोली गई जिसमें सामान्य के लिए 17 अनुसूचित जाति के लिए चार और अनुसूचित जनजाति के लिए 12 तथा ओबीसी के लिए एक ग्राम पंचायत सरपंच का पद आरक्षित किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अभयपुर बिडोली कुशलपुरा निजामपुरा कोलीवाडा कल्लावास गांगलियावास को सामान्य, ग्राम पंचायत हरिपुरा जगनेर तुर्कान रामनगर गोपालपुरा जीतपुर कालूवास सोनड अमराबाद पालूदा राहुवास को सामान्य महिला, एवं अनुसूचित जनजाति के लिए ग्राम पंचायत नयावास भावता ढोलावास हेमल्यावाला डूंगरपुर जगनेर को आरक्षित किया गया इसी तरह अनुसूचित जनजाति महिला के लिए ग्राम पंचायत निचुनिया सिंदोली कंवरपुरा नवरंगपुरा चांदावास बिछा को आरक्षित किया गया है एवं ग्राम पंचायत सलेमपुरा तथा टोरड़ा को अनुसूचित जनजाति के लिए एवं ग्राम पंचायत श्रिया, बीदरखा को अनुचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है इसी तरह ग्राम पंचायत रालावास को अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
*नवल निमावत को पितृ शोक, राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख*
लालसोट । लालसोट उपखंड के छोटी झांपदा के रहने वाले बाल मंच राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवल निमावत को पितृ शोक हुआ है। उनके पिता सीताराम महंत के निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शोक संदेश भेजकर सीताराम महंत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन एवं दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
*नमामि भारतम् वंदे मातरम’ के सामूहिक गान से गूंजा लालसोट*
*सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक स्वर में लगाए देशभक्ति के जयघोष,*
लालसोट। शामपुरा रोड स्थित उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में विद्या भारती विद्यालय की ओर से ‘नमामि भारतम् वंदे मातरम’ सामूहिक गायन कार्यक्रम भव्यता एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गान कर पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के भावों से गुंजायमान कर दिया।
ठीक प्रातः 11 बजे जैसे ही विद्यार्थियों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष किया, विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना का वातावरण बन गया। विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में भी देशभक्ति का जोश भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका सभापति कपिल पुरोहित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपसभापति बृजमोहन सैनी, पार्षद महेंद्र ज्ञानी, मनोज स्वामी एवं विद्यालय के पूर्व छात्र विनोद बाकोलिया उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य हंसराज शर्मा ने अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर में ‘वंदे मातरम’ के जयघोष और देशभक्ति के नारों से वातावरण ओतप्रोत रहा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


