Lalsot News: A team of Vedic scholars to visit London.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 3:50 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : वैदिक विद्वानों का दल लंदन जाएगा, ज्योतिष, वास्तु शास्त्र एवं वैदिक विज्ञान पर सात दिवसीय कार्यशाला में रखेंगे भारतीय ज्ञान परंपरा का वैज्ञानिक पक्ष

khaskhabar.com: मंगलवार, 15 सितम्बर 2026 2:31 PM (IST)
लालसोट समाचार : वैदिक विद्वानों का दल लंदन जाएगा, ज्योतिष, वास्तु शास्त्र एवं वैदिक विज्ञान पर सात दिवसीय कार्यशाला में रखेंगे भारतीय ज्ञान परंपरा का वैज्ञानिक पक्ष
लालसोट। जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. विनोद शास्त्री के नेतृत्व में राजस्थान के तीन वैदिक एवं ज्योतिष विद्वानों का दल लंदन जाएगा। लंदन में 16 से 23 सितंबर तक आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला में भारतीय ज्ञान परंपरा, ज्योतिष, वास्तु शास्त्र एवं वैदिक विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर विद्वान अपने विचार रखेंगे। ब्रिटेन की प्रमुख संस्था इंटीरियर आर्किटेक्चर लैंडस्केप लिमिटेड की ओर से वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में तनाव एवं अशांति से राहत तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के जीवनोपयोगी पक्षों को समझने के उद्देश्य से ‘वास्तु शास्त्र एवं भारतीय ज्ञान परंपरा’ विषय पर यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में प्रो. शास्त्री भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्योतिष एवं वास्तु शास्त्र के वैज्ञानिक स्वरूप पर व्याख्यान देंगे। उनके साथ वैदिक विद्वान पं. श्री राम चतुर्वेदी एवं पं. हेरंभ स्वरूप शर्मा भी लंदन जाएंगे। वर्तमान समय में विश्व के अनेक हिस्सों में युद्ध एवं अशांति का वातावरण बना हुआ है। ऐसे में आमजन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों में भी तनाव बढ़ रहा है। कार्यशाला में तनाव मुक्ति, मानसिक शांति एवं विश्व शांति के उपायों सहित भारतीय वैदिक ज्ञान परंपरा में निहित जीवन मूल्यों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
*राष्ट्रीय कबड्डी में लालसोट का दमखम, हिमाचल प्रदेश को हराकर पहला मुकाबला जीता*
*ओम पवन पब्लिक स्कूल की टीम हरिद्वार में नेशनल टूर्नामेंट में कर रही प्रतिनिधित्व,* *पतंजलि योगपीठ में डॉ. विनोद शास्त्री व बाबा रामदेव के साथ खिलाड़ियों ने की शिरकत*
लालसोट।
लालसोट के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। ओम पवन पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय की कबड्डी टीम ने हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए हिमाचल प्रदेश की टीम को हराकर अपना पहला मुकाबला जीत लिया। राष्ट्रीय मंच पर लालसोट के खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दौसा जिले से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाला ओम पवन पब्लिक स्कूल एकमात्र विद्यालय है। विद्यालय की टीम 14 सितंबर को उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए हरिद्वार पहुंची है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से लालसोट का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
पतंजलि योगपीठ में बाबा रामदेव के साथ शिरकत
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के खिलाड़ियों ने पतंजलि योगपीठ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. विनोद शास्त्री और स्टाफ के साथ खिलाड़ियों ने बाबा रामदेव से मुलाकात की। खिलाड़ियों के लिए यह अवसर विशेष उत्साह और प्रेरणा का रहा।
पहले ही मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को हराया
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लालसोट की टीम ने अपने पहले मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों और कोच में उत्साह का माहौल है।
10 खिलाड़ी, कोच और निर्देशक दल में शामिल
विद्यालय के निदेशक डॉ. विनोद शास्त्री ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए विद्यालय से 10 खिलाड़ियों का दल रवाना हुआ है। दल में एक कोच और एक निर्देशक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का चयन होना लालसोट और दौसा जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अनुशासन, खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करें तथा अपनी प्रतिभा से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
अभिभावकों में भी खुशी
राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचकर टीम के पहले ही मुकाबले में जीत दर्ज करने से खिलाड़ियों के अभिभावकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की मेहनत और प्रतिभा ने लालसोट को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य बच्चों में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
*राजपूत महासभा ने शिक्षा विस्तार और सामाजिक भागीदारी पर लिया संकल्प*
*युवाओं को शिक्षा से जोड़ने और पंचायत राज चुनाव में समाज की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान*
लालसोट। उपखंड मुख्यालय पर राजपूत सभा की बैठक अध्यक्ष जगदीश सिंह बांकाावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के उत्थान और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं को अधिक से अधिक शिक्षा से जोड़ने तथा शिक्षा का विस्तार करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही पंचायत राज चुनाव प्रक्रिया को देखते हुए समाज की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। सभी वयस्क युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया गया, ताकि चुनाव में समाज की भागीदारी प्रभावी रूप से सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। समाज में सामाजिक एकजुटता और सहयोग की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर लक्ष्मण सिंह राणावत, अमर सिंह राणावत, भैरो सिंह चौहान, शिवराज सिंह चौहान, शिवदयाल सिंह शेखावत, प्रेम सिंह सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।
*जोबनेर माता की पदयात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़*
*जयकारों से गूंजा डीडवाना, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पैदल* *पहुंचकर माता के दरबार में धोक लगाई*
लालसोट। उपखंड क्षेत्र के डीडवाना गांव में जोबनेर माता के प्रति आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां जोबनेर माता के दरबार के लिए विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। पदयात्रा के दौरान माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
पदयात्रा की शुरुआत घाटा बालाजी महाराज मंदिर से विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा के बाद श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर माता के जयकारे लगाते हुए पदयात्रा पर रवाना हुए। जैसे-जैसे पदयात्रा आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया।
पदयात्रा घाटा बालाजी मंदिर से रवाना होकर 22 मील बस स्टैंड और मुख्य बाजार से होते हुए जोबनेर माता के दरबार पहुंची। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
पदयात्रा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और धार्मिक गीतों एवं जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
*गणेश चतुर्थी पर लालसोट और गणेश धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब*
*मंदिरों में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, लालसोट में 11 हजार लड्डुओं की भोग झांकी*
लालसोट (दोसा)। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को लालसोट शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया। विघ्न हरण कर्ता भगवान गणेश की घर-घर पूजा हुई गणपति बप्पा मोरया के नारे गूंज उठे । लोगों ने श्रद्धा भाव के साथ भगवान गणेश जी महाराज की पूजा अर्चना कर परिवार कुशल कामनाओं की प्रार्थना की तथा जीवन में आने वाली सभी विघ्नों को दूर करने की प्रार्थना की।
से ही गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजते रहे।
जगदंबा कॉलोनी न्यू बस स्टैंड के पास स्थित गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर विशेष आयोजन हुआ। यहां समाजसेवी सेठ गोपाल लाल अग्रवाल की ओर से 11 हजार लड्डुओं के भोग की भव्य झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर गणेशजी के दर्शन किए।
वहीं खोहरा पाड़ा स्थित गणेश मंदिर में भी मेले और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
गणेश धाम में पैदल पहुंचे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा रास्ता
रालावास स्थित श्री गणेश मंदिर गणेश धाम में सोमवार से दो दिवसीय विशाल मेले की शुरुआत हुई। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर गणेश धाम पहुंचे। डीडवाना, बीड़ौली, आभानेरी, सलेमपुरा, मानपुरिया, जगनेर, टोरड़ा और कटलावास सहित कई गांवों से श्रद्धालु ध्वज लेकर पैदल पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर मन्नत मांगी।
पदयात्राओं के दौरान रास्तेभर गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ से गणेश धाम में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
लोक कलाकारों ने बांधा समां
मेले के तहत सोमवार को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। बदाम मीना (चाकसू), रेखा जांगिड़ (जयपुर), हरिप्रसाद चौधरी (किवाड़), मीनाक्षी डांसर और संजना डांसर (देवली-उनियारा) तथा कॉमेडियन नेमीचंद छैला ने प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
मंगलवार को मेले के दूसरे दिन मीणा ढांचा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। समापन कार्यक्रम में सांसद मुरारीलाल मीना, पूर्व चिकित्सा एवं आबकारी मंत्री परसादी लाल मीना, प्रधान कौशल्या मीना, दौसा यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक पटेल और पंचायत समिति सदस्य रामपती मीना सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।
कई गांवों की रही भागीदारी
मेले में रालावास के अलावा सलेमपुरा, ईूंगरपुर, ढोलावास, कोलीवाड़ा, पातलवास, राहुवास, नेहड़ी, पालड़ी, डाबर, अरनिया कलां, निजामपुरा, कंवरपुरा, सुल्तानपुरा, अमराबाद, देहलाल, रामगढ़ पचवारा, खरीवाड़ा, गोदावास, अभिपुरा और लालसोट सहित आसपास के कई गांवों के श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।
गणेश चतुर्थी पर पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। गणेश मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भोग के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
*हिंदी दिवस पर विविध आयोजन, विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व पर रखे विचार*
लालसोट। हिंदी दिवस के अवसर पर लालसोट शहर सहित उपखंड क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा, वैज्ञानिकता और वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान भाषण, लेखन और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच दिया गया।
राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालसोट में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष पहाड़िया ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की विविधता को एक सूत्र में पिरोने वाली राष्ट्रीय एकता की सशक्त वाहक है। यह विभिन्न प्रदेशों, संस्कृतियों और बोलियों के बीच संवाद का सेतु है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक हिंदी ने जनमानस को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हिंदी विभागाध्यक्ष हनुमान प्रसाद मीना ने कहा कि हिंदी दिवस अपनी भाषा के प्रति सम्मान, प्रेम और समृद्ध साहित्य के संरक्षण का संकल्प लेने का अवसर है। कार्यक्रम संयोजक राम भरोसी बैरवा ने बताया कि विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अभिरुचि विकसित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ‘आओ शुद्ध लिखें’ प्रतियोगिता में सोनू मिरोठा प्रथम, अरुण कुमार बैरवा द्वितीय एवं संजना बैरवा तृतीय रहे। ‘मेरी हिंदी, मेरी अभिव्यक्ति’ प्रतियोगिता में ज्वाला मीना प्रथम, अजय बैरवा द्वितीय एवं दिलराज सैनी तृतीय रहे। वहीं ‘हिंदी को जाने’ प्रश्नोत्तरी में अंतिमा वर्मा प्रथम, अमित मीना द्वितीय एवं सोनू मिरोठा तृतीय स्थान पर रहे।
कन्या महाविद्यालय में दिवेर विजय महोत्सव के साथ हिंदी दिवस
राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय लालसोट में दिवेर विजय महोत्सव एवं हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘विजय योद्धा एवं कुशल प्रशासक के रूप में महाराणा प्रताप’ विषय पर छात्राओं ने महाराणा प्रताप के पराक्रम, नेतृत्व एवं प्रशासनिक कौशल पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा शिवानी पांचाल प्रथम एवं प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कोमल मीना द्वितीय रहीं।
हिंदी दिवस के अवसर पर संजू मीणा, शिवानी मीणा, लक्ष्मी मीणा, कोमल मीणा, अंजलि जांगिड़, अंजू मीणा एवं तन्नू मीणा ने हिंदी भाषा के महत्व, वैज्ञानिकता एवं वैश्विक स्वीकार्यता पर विचार रखे। छात्राओं ने कविताओं एवं वक्तव्यों के माध्यम से नई पीढ़ी को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मीणा ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि कुशल नेतृत्वकर्ता एवं प्रशासक भी थे। उनका जीवन और प्रशासनिक दृष्टिकोण आज के प्रबंधन के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि भाषा किसी भी संस्कृति की आत्मा होती है और हमें अपनी मातृभाषा एवं राजभाषा हिंदी पर गर्व होना चाहिए। प्रो. डॉ. राजकुमार सिंह परमार ने हिंदी के उद्भव एवं गौरवशाली इतिहास के साथ दिवेर युद्ध के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से महाराणा प्रताप के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने तथा हिंदी के संवर्धन का आह्वान किया।
बगड़ी के अंबेडकर आवासीय विद्यालय में भी मनाया हिंदी दिवस
उपखंड के बगड़ी ग्राम स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय आवासीय विद्यालय में भी हिंदी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रभारी राजाराम मीणा एवं मधुसूदन शर्मा ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत कराते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिंदी को देश की सांस्कृतिक पहचान और जनसंचार की सशक्त भाषा बताते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement