Kapil Purohit assumed charge by placing the photo of Girdhari Ji Maharaj on the chairman seat.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 11, 2026 11:48 am
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट न्यूज : गिरधारी जी महाराज की फोटो सभापति की सीट पर विराजमान कर कपिल पुरोहित ने संभाला पदभार

khaskhabar.com: गुरुवार, 24 सितम्बर 2026 5:45 PM (IST)
लालसोट न्यूज : गिरधारी जी महाराज की फोटो सभापति की सीट पर विराजमान कर कपिल पुरोहित ने संभाला पदभार
प्रवेश द्वार पर दंडवत प्रणाम कर परिषद में किया प्रवेश, नगर सेवक के रूप में काम करने का लिया संकल्प, राम नाम महामंत्र से गूंजा कांग्रेस का कार्यक्रम कमलेश आसीका। लालसोट नगर परिषद लालसोट के नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित ने गुरुवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सभापति पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने सभापति की सीट पर भगवान गिरधारी जी महाराज की फोटो विराजमान कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद शुभ मुहूर्त में सभापति की कुर्सी पर बैठकर कार्यभार संभाला। नगर परिषद कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने प्रवेश द्वार पर दंडवत प्रणाम किया और परिषद प्रांगण में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं को शहर का नगर सेवक मानकर आमजन के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
वेद मंत्रों से शुरू हुआ पूजन, मुहूर्त के इंतजार में गूंजा राम नाम
पदभार ग्रहण समारोह से पहले विद्वान पंडित राजेश खांडल के सानिध्य में पंडितों की टीम ने वेद मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना कराई। पूजा कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य कमल मीणा, पूर्व पार्षद कृष्णा पुरोहित, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक पुरोहित, संतोष स्वामी सहित पार्षदों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित समय से पहले संपन्न हो गया। इसके बाद शुभ मुहूर्त का इंतजार किया गया। करीब 20 मिनट तक मुहूर्त का इंतजार होने के दौरान राष्ट्रीय संत मदन मोहन दास महाराज के सानिध्य में सभापति कक्ष 'श्रीराम जय राम जय जय राम' के महामंत्र से गूंज उठा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राम नाम का जाप किया।
11:55 बजे संभाला पदभार
निर्धारित शुभ मुहूर्त सुबह 11:55 बजे कपिल पुरोहित ने सभापति की कुर्सी पर बैठकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपसभापति बृजमोहन सैनी ने भी पदभार ग्रहण किया। सभापति एवं उपसभापति का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाकर तथा साफा बांधकर अभिनंदन किया।
पदभार ग्रहण करते हुए सभापति कपिल पुरोहित ने बिना किसी भेदभाव के शहर के विकास, भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन तथा सुशासन देने का संकल्प लिया। उन्होंने गिरधारी जी महाराज की मंदिर माफी की जमीन को वापस मंदिर के नाम दर्ज करवाने की दिशा में कार्रवाई करने का भी संकल्प व्यक्त किया।
परशुराम और ज्योतिबा फुले सर्किल पर किया माल्यार्पण
नगर परिषद पहुंचने से पहले नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित ने परशुराम सर्किल पर भगवान परशुराम के प्रतीक फरसे एवं भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद ज्योतिबा फुले सर्किल पर भी माल्यार्पण किया। इसके बाद समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचे।
नगर परिषद कार्यालय के प्रवेश द्वार पर सभापति कपिल पुरोहित तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक पुरोहित ने दंडवत प्रणाम किया। इसके बाद सभापति ने परिषद कार्यालय में प्रवेश कर राजकीय रिकॉर्ड पर हस्ताक्षर किए और विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
90-ए की जांच, विकास कार्यों की समीक्षा और सफाई व्यवस्था पर रहेगा जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति कपिल पुरोहित ने कहा कि पिछले छह माह में हुई 90-ए की जांच कराई जाएगी। गैरकानूनी तरीके से हुई 90-ए की कार्रवाई को नियमानुसार निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में स्वीकृत एवं चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। जहां भी अनियमितता सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जल्द ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही। साथ ही आवारा पशुओं और बंदरों के आतंक से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।
सभापति ने कहा कि शहर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से लेकर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परिषद का संचालन पूरी सुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने की बात कही।
सैकड़ों लोग रहे मौजूद
पदभार ग्रहण समारोह में उपसभापति बृजमोहन सैनी, पार्षद संतोष स्वामी, श्याम सुंदर मिश्रा, अमित शर्मा, राहुल झालानी, दीपा चौधरी, पुराके टेकचंद मालिया, जीतू बढ़ाया, विनोद सैनी, विनोद बाकोलिया, आरिफ खान, आसिफ खान, मीठालाल मीणा, सद्दाम हुसैन, अमित उपाध्याय, दिनेश जोशी, लक्ष्मीनारायण पुरोहित, कमलेश पुरोहित, विक्की पुरोहित, घासीलाल सैनी, जाहिद अली, निरंजन जोशी, मनोज स्वामी, रीना महावर सहित बड़ी संख्या में पार्षद, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। रघुनंदन तिवारी, दीपक प्रधान सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
इसी तरह रामगढ़ पचवारा में रामफूल मीणा ने नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया वहीं दूसरी तरफ मंडावरी नगर पालिका में चेयरमैन रामकेश मीणा तथा वाइस चेयरमैन रेनू गुप्ता ने पदभार ग्रहण किया । इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कमल मीणा भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement