Jhalawar: ACB conducts major action, District Council MIS manager arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 9:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

झालावाड़ : एसीबी की बड़ी कार्रवाई, जिला परिषद का एमआईएस मैनेजर 3 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

khaskhabar.com: सोमवार, 05 अक्टूबर 2026 5:41 PM (IST)
झालावाड़ : एसीबी की बड़ी कार्रवाई, जिला परिषद का एमआईएस मैनेजर 3 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
झालावाड़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की झालावाड़ चौकी ने सोमवार को एक सफल ट्रैप कार्रवाई करते हुए जिला परिषद झालावाड़ के संविदाकर्मी एमआईएस मैनेजर जयराम वर्मा को परिवादिया से 3,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायत और मांग: परिवादिया ने एसीबी झालावाड़ चौकी पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह नारी शक्ति सीएलएफ के माध्यम से पुरानी तहसील बकानी में राजस्थान सरकार द्वारा संचालित 'अन्नपूर्णा रसोई' की संचालिका है। रसोई के निरीक्षण के दौरान एमआईएस मैनेजर जयराम वर्मा द्वारा पूर्ण भुगतान करवाने की एवज में हर महीने 3,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। पैसा न देने पर रसोई का भुगतान काटने या बिल पास न करने की धमकी दी जाती थी। आरोपी ने कथित तौर पर प्रतिदिन 10 फर्जी टोकन काटने और हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच 3,000 रुपये देने की शर्त रखी थी। सत्यापन और ट्रैप: एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर प्रति माह 3,000 रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी कोटा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और झालावाड़ चौकी के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जयराम वर्मा को परिवादिया से इस माह की रिश्वत राशि 3,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
अग्रिम अनुसंधान: एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के मार्गदर्शन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीबी की विशेष जानकारी: किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण (अभियोग, प्राथमिक जाँच आदि) दर्ज होने पर, एसीबी से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रस्तुत स्पष्टीकरण के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लेना एसीबी की कार्यप्रणाली का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement