जयपुर। उदयपुर। द इण्डियन लॉ इंस्टीट्यूट राजस्थान चेप्टर की ओर से उदयपुर में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उदयपुर शहर स्थित होटल गोल्डन टूलिप में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश अरूण मिश्रा ने इस कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस मौके पर राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश प्रदीप नन्द्राजोग और राजस्थान सरकार के एडवोकेट जनरल नरपतमल लोढ़ा भी मौजूद थे। कार्यशाला के दौरान मिश्रा ने उपस्थित न्यायाधीशों एवं अधिवक्ताओं से कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद फरियादी को समय पर न्याय दिलाना हमारा प्रमुख कर्तव्य है। हमें हमारी शक्तियों का उचित प्रयोग करते हुए न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में निर्णयों के द्वारा न्याय प्रदान किया जाना है और ये कोई दान नहीं हैं। उन्होंने मौजूद प्रतिभागियों से कहा कि फीस प्राप्त करना अधिवक्ता का अधिकार है तो फरियादी के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करना प्रमुख दायित्व है।