Haryana Scorched by the Fire of Crime and Anarchy; Government Fails to Maintain Law and Order: Kumari Selja-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 16, 2026 9:23 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अपराध और अराजकता की आग में झुलस रहा हरियाणा, कानून-व्यवस्था संभालने में सरकार विफल : कुमारी सैलजा

khaskhabar.com: रविवार, 09 अगस्त 2026 2:53 PM (IST)
अपराध और अराजकता की आग में झुलस रहा हरियाणा, कानून-व्यवस्था संभालने में सरकार विफल : कुमारी सैलजा
चंडीगढ़ । सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या, लूटपाट, फिरौती और गोलीबारी जैसी घटनाओं ने आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी और कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावों के बजाय धरातल पर अपराध रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि वे दिनदहाड़े गंभीर वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे। फतेहाबाद और पानीपत में भी इस प्रकार की गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आ रही ऐसी खबरें यह सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय क्यों समाप्त होता जा रहा है। सांसद ने कहा कि कुछ दिन पहले रोहतक में पुलिस थाने के सामने कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई थी। पुलिस थाने के सामने जनप्रतिनिधि के कार्यालय पर इस तरह की वारदात होना अपने आप में बेहद गंभीर है। जब जनप्रतिनिधि, कारोबारी और दुकानदार तक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा कभी विकास, खुशहाली, भाईचारे, मेहनतकश किसानों, जवानों और खिलाड़ियों के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रही आपराधिक वारदातें प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। अपराधियों, बदमाशों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते हैं और आम लोगों में भय पैदा होता है।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेशवासियों के जान-माल की सुरक्षा सरकार की पहली संवैधानिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री और सरकार केवल आंकड़ों तथा दावों के सहारे कानून-व्यवस्था को बेहतर नहीं बता सकते। सरकार को जमीनी हकीकत स्वीकार करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए और गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों एवं गिरोहों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना चाहिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement