Haryana immigration centers will now come under legal purview: Home Minister Vij-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 26, 2023 3:47 am
Location
Advertisement

अब कानूनी दायरे में आएंगे हरियाणा के इमीग्रेशन सेंटर: गृहमंत्री विज

khaskhabar.com : मंगलवार, 30 मई 2023 6:37 PM (IST)
अब कानूनी दायरे में आएंगे हरियाणा के इमीग्रेशन सेंटर: गृहमंत्री विज
अंबाला। गृहमंत्री अनिल विज ने कहा है कि कबूतरबाजी गंभीर समस्या है। हम चाहते हैं कि इमीग्रेशन सेंटरों पर भी कोई न कोई पाबंदी हो। इसके लिए कानून बने। अभी आसपास के प्रदेशों और केन्द्र के प्रावधानों का अध्ययन किया जा रहा है। ताकि कानून बनाकर इन सेंटरों पर लगाम लगाई जा सके।
विज मंगलवार अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा पहले भी कबूतरबाजी रोकने के लिए आईजी भारती अरोड़ा की अध्यक्षता में एसआईटी बनाई थी। लगभग 550 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अब दोबारा 17 अप्रैल को अम्बाला रेंज आईजी सिबास कबिराज की अध्यक्षता में एसआईटी बनाई है। इसमें अम्बाला पुलिस अधीक्षक व कैथल पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। यह एसआईटी अब तक 160 मुकदमे दर्ज कर 45 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इससे पहले विज ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान कौंकपुर से आए राजू ने एक गीत सुनाया। सिरसा के फरियादी ने युवक द्वारा मारपीट के बाद सुसाइड किए जाने की शिकायत रखी। विज ने सिरसा पुलिस अधीक्षक को आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। सूरजमुखी खरीद केन्द्र अम्बाला में खोलने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। बाजीगर कालोनी से आए विक्की ने उनके एरिया में हो रहे विकास कार्यों के लिए विज का धन्यवाद किया। इस मौके पर मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, किरण पाल चौहान, अजय पराशर, विपिन खन्ना, जसबीर जस्सी, श्याम अरोड़ा, डीएसपी रजनीश शर्मा के साथ-साथ अन्य मौजूद रहे।
धरती को रिचार्ज करना जरूरी:
हर लोकसभा में 75 अमृत सरोवर बनाने का स्वागत करते हुए विज ने कहाकि धरती को रिचार्ज करना बहुत जरूरी है। आने वाली पीढ़ियों व जीवन के लिए जल है। उसे बचाना बहुत जरूरी है। हम इसका दोहन तो बहुत कर रहे हैं लेकिन हम रिचार्ज नहीं कर रहे। अम्बाला छावनी में पंजोखरा साहिब गांव में अमृत सरोवर के तहत तालाब का जीर्णोद्धार किया गया है।
पुलिस पर दर्ज मामले में हो रही जांच :
मेवात में गौ राक्षकों की हत्या मामले में राजस्थान पुलिस ने हरियाणा पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज़ किया है। इस पर विज ने कहाकि मामले दर्ज होते रहते हैं। इनका समाधान भी होता है। जो जांच हो रही है उसमें अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं। अब वो अंजाम तक पहुंचेगी क्योंकि उनकी जांच हो रही है और जांच के बाद ही किसी तथ्य तक पहुंचा जा सकता है।
शक्तिहीन क्या शक्ति प्रदर्शन करेगाः
केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी के दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन पर विज ने तंज कसते हुए कहा कि शक्ति प्रदर्शन वही करेगा जिसके पास शक्ति होंगी। शक्तिहीन क्या शक्तिप्रदर्शन करेगा। वहीं इस मामले में केजरीवाल के मुद्दे पर कांग्रेस के बंटी नजर आने पर विज ने कहा कि केजरीवाल व कांग्रेस सुबह इकट्ठे होते हैं और शाम को अलग अलग हो जाते हैं। इसीलिए लोगों ने इनको गंभीरता से लेना बंद कर दिया है।
आरजेडी द्वारा नए संसद भवन की ताबूत से तुलना पर खफाः
आरजेडी ने नये संसद भवन बारे ट्वीट कर उसकी तुलना ताबूत से की है। इस पर गृहमंत्री विज ने कहा कि इससे ज्यादा शर्मनाक बात हो नहीं सकती कि लोकतंत्र के इस मंदिर को आप इस तरह की उपमाएं दो। ऐसे लोगों को राजनीति से पूरी तरह से निष्काषित कर देना चाहिए चाहे वह किसी भी पार्टी से हों। जनता को भी पूरी तरह से ऐसे लोगों का बहिष्कार कर देना चाहिए जो लोकतंत्र के मंदिर के बारे में ऐसी अपमानजनक शब्दावली का प्रयोग करते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar Haryana Facebook Page:
Advertisement
Advertisement