Haryana ACB Prepares List of 140 Highly Corrupt Officials; Crackdown on Bribe-Takers to Intensify: Arshinder Singh Chawla-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Aug 10, 2026 3:23 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हरियाणा ACB ने तैयार की 140 'महाभ्रष्ट' अधिकारियों की सूची, रिश्वतखोरों पर तेज होगा शिकंजा : अरशिन्दर सिंह चावला

khaskhabar.com: बुधवार, 22 जुलाई 2026 6:52 PM (IST)
हरियाणा ACB ने तैयार की 140 'महाभ्रष्ट' अधिकारियों की सूची, रिश्वतखोरों पर तेज होगा शिकंजा : अरशिन्दर सिंह चावला
पंचकूला। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए प्रदेशभर के 140 ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार की है, जिनके खिलाफ लगातार रिश्वत लेने की शिकायतें मिल रही हैं। ब्यूरो प्रमुख अरशिन्दर सिंह चावला ने स्पष्ट किया कि यह सूची किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता को भ्रष्टाचार से राहत दिलाने और प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। बुधवार को पंचकूला स्थित ब्यूरो मुख्यालय में आयोजित प्रदेशस्तरीय समीक्षा बैठक में चावला ने सभी रेंजों के पुलिस अधीक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भ्रष्टाचार निरोधक अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी रेंज के पास अन्य भ्रष्ट अधिकारियों की जानकारी है तो एक सप्ताह के भीतर सूची अपडेट कर मुख्यालय भेजी जाए। शिकायतकर्ता का भरोसा सबसे बड़ी ताकत
ब्यूरो प्रमुख ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में शिकायतकर्ता की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए तथा ट्रैप कार्रवाई से लेकर न्यायालय में दोषियों को सजा दिलाने तक हर स्तर पर उनका सहयोग किया जाए।
जनवरी 2022 से जून 2026 तक 92 ट्रैप
बैठक में बताया गया कि जनवरी 2022 से जून 2026 के बीच ब्यूरो ने 92 सफल ट्रैप और रेड की हैं, जिनमें कई अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार सरकारी व्यवस्था को दीमक की तरह खोखला करता है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।
2 लाख से अधिक की रिश्वत पकड़ने वालों को मिलेगा सम्मान
अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए घोषणा की गई कि 2 लाख रुपये या उससे अधिक की रिश्वत के मामलों में सफल ट्रैप करने वाले अधिकारियों को 'क्लास-1 सर्टिफिकेट' देकर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को भविष्य में भी पुरस्कृत किया जाएगा।
हाई-टेक तकनीक और जनभागीदारी पर जोर
चावला ने ट्रैप कार्रवाई में आधुनिक तकनीक और हाई-टेक उपकरणों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रेंजों को अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं और जल्द ही नए उपकरण भी खरीदे जाएंगे।
साथ ही भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 और 1064 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग आगे आकर भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकें।
उत्कृष्ट अधिकारियों को किया सम्मानित
बैठक के दौरान वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वर्ण और रजत पदक प्रदान किए गए। स्वर्ण पदक 10 सफल ट्रैप/रेड और रजत पदक 5 से अधिक सफल ट्रैप करने वाले अधिकारियों को दिए गए।
बैठक के अंत में अरशिन्दर सिंह चावला ने कहा कि "जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हरियाणा में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है और ब्यूरो पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करता रहेगा।"

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement