अंबाला। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने शुक्रवार को कलरेहड़ी के सरकारी हाई स्कूल का निरीक्षण किया। आयोग के सदस्य परमजीत सिंह बड़ोला ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी मेघा सिंगला और भाजपा नेता रामबाबू यादव के साथ लगभग दो घंटो तक स्कूल का गहन मुआयना किया। टीम का प्रमुख उद्देश्य था स्कूल के आसपास गंदे और बदबूदार पानी का निवारण कैसे किया जाए। लेकिन निरीक्षण के दौरान खामियों की ऐसी परतें उधेड़ी की सिस्टम का सच उजागर हो गया। अब आयोग की ओर से यह रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी जाएगी। स्कूल के अंदर से निकल रहें नाले को देखकर टीम भी हैरत में पड़ गई। टीम ने आशंका जताई कि यह नाला बच्चों के लिए बेहद खतरनाक है। इसमें गिरकर कोई भी मौत के मुंह में जा सकता है। स्कूल में लाखों रुपए की लागत से बनाए गए कमरों पर अभी तक ताला लगा हुआ। जब टीम ने कारण पूछा तो स्टॉफ का कहना था कि बच्चे कम है इसलिए उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसके अतिरिक्त स्कूल में लगे जनरेटर व आंगनबाड़ी केन्द्र को लेकर भी कई प्रकार की खामियां सामने आई थी।