From the playing field to the environment : Kheloday Foundation crafts a new vision for sports culture-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 4:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मैदान से पर्यावरण तक, खेलोदय फाउंडेशन ने बुनी खेल संस्कृति की नई तस्वीर

khaskhabar.com: मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 4:43 PM (IST)
मैदान से पर्यावरण तक, खेलोदय फाउंडेशन ने बुनी खेल संस्कृति की नई तस्वीर
पहली बैठक में पांच खेल सम्मानों की घोषणा, 100 खिलाड़ियों की ‘संघर्ष से सफलता तक’ की गाथा होगी प्रकाशित चित्तौड़गढ़। खिलाड़ी केवल मैदान पर नहीं बनता, उसके पीछे संघर्ष, संस्कार, प्रेरणा और स्वस्थ वातावरण की भी उतनी ही बड़ी भूमिका होती है। इसी सोच के साथ खेलोदय फाउंडेशन खेलों को मैदान से निकालकर समाज, पर्यावरण और युवा पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। फाउंडेशन के रजिस्ट्रेशन के बाद सोमवार शाम को आयोजित पहली बैठक में अब तक की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। फाउंडेशन के संस्थापक ’’विवेक वैष्णव’’ ने बताया कि बैठक में फाउंडेशन के फ्लैगशिप प्रोजेक्ट ’’‘युवा खेल लेखन प्रतियोगिता’’’ और ’’‘हरित खेल संकल्पकृएक खिलाड़ी, एक पौधा’’’ अभियान को मिल रहे सकारात्मक समर्थन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। ‘एक खिलाड़ी-एक पौधा’ अभियान के तहत अब तक ’’12 पौधे लगाए जा चुके हैं और उन्हें पेड़ बनाने का संकल्प’’ लिया गया है। अभियान के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि खिलाड़ी के लिए स्वस्थ शरीर जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी स्वस्थ पर्यावरण भी है।
पौधे की भी होगी अपनी ‘डिजिटल पहचान’
फाउंडेशन के ’’गजानंद प्रसाद डोलिया’’ ने बताया कि हरित खेल संकल्प अभियान को नई तकनीक से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जा रही है। भविष्य में अभियान के तहत लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे को ’’क्यूआर कोड’’ से जोड़ने की योजना पर जल्द काम किया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करते ही पौधा किसने लगाया, कब और कहां लगाया गया तथा वर्तमान में उसकी स्थिति क्या है, जैसी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर प्रत्येक पौधे की ’’जिम्मेदारी, देखभाल और विकास की निगरानी’’ सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलोदय फाउंडेशन की ओर से ’’25 अगस्त से खेल जागरूकता अभियान’’ भी चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से युवाओं और आमजन को खेलों से जोड़ने, खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने तथा खेल को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया जा रहा है।बैठक में कहा गया कि खेलोदय फाउंडेशन की गतिविधियां केवल प्रतियोगिताओं और आयोजनों तक सीमित नहीं रहेंगी। फाउंडेशन ’’खिलाड़ी, खेल लेखन, पर्यावरण, प्रेरणा और समाजकृइन सभी को एक साझा मंच पर लाकर राजस्थान में खेल संस्कृति को नई दिशा देने’’ के उद्देश्य से कार्य करेगा।
पांच खेल विभूतियों को मिलेगा ‘खेलोदय खेल सम्मान-2026’
फाउंडेशन के ’’अनिल साबू’’ ने बताया कि बैठक में फाउंडेशन के एक अन्य फ्लैगशिप प्रोजेक्ट ’’‘खेलोदय खेल सम्मान-2026’’’ की घोषणा भी की गई। इसके तहत विभिन्न श्रेणियों में पांच व्यक्तित्वों का चयन किया गया है। इनमें ’’खेल गौरव सम्मान - श्री शरद गंगवार, खेल कीर्ति सम्मान - श्री एकांश अगनानी, खेल सारथी सम्मान - श्री मनोहर लाल खटीक, खेल कलम सम्मान - श्री धर्मेन्द्र समदानी तथा खेल शक्ति सम्मान - सुश्री सुमित्रा जाट’’ शामिल हैं। चयनित सम्मानितों को व्यक्तिगत रूप से सूचना दी जाएगी। सम्मान समारोह की तिथि एवं स्थान की घोषणा नगर निकाय चुनाव के बाद की जाएगी तथा इसकी सूचना अलग से दी जाएगी। फाउंडेशन ने यह भी तय किया कि ’’अगले वर्ष से खेल सम्मान की चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा।’’ इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे तथा ज्यूरी स्कोर कार्ड के आधार पर प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन कर चयन किया जाएगा।
खेलोत्सव और खेल लेखन प्रतियोगिता जारी
फाउंडेशन के ’’सुदर्शन बोलिया’’ ने बताया कि खेलोत्सव एवं खेल लेखन प्रतियोगिता के आयोजन विभिन्न निजी विद्यालयों में जारी हैं। गांधीनगर स्थित ’’दिवाकर पब्लिक स्कूल’’, सदर बाजार स्थित ’’महावीर शिक्षण संस्थान’’ और ’’एकेसी स्कूल’’ सहित अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। चेयर रेस में ’’विनय डांगी प्रथम और मोनू द्वितीय’’ रहे। प्रतियोगिताओं में नैना, तानिया, बेबी, मऊ मांझी, महेश, वैभव, चेतन, कार्तिक, कृष्ण कुमारी, रिदा फातमी, नित्या धाकड़, लविक ईनाणी, कनिष्क रजक, इस्माईल बानो, नवांगी कांटिया, प्रियांश जैन और सोनू विश्वकर्मा सहित विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
100 खिलाड़ियों की कहानी-‘संघर्ष से सफलता तक’
फाउंडेशन के ’’मनीष लामरोड़’’ ने बताया कि खेलोदय का एक और महत्वाकांक्षी फ्लैगशिप प्रोजेक्ट ’’‘100 खिलाड़ी अभियान’’’ भी गति पकड़ रहा है। इसके तहत अब तक ’’15 खिलाड़ियों की वास्तविक एवं प्रेरक कहानियों’’ का संकलन किया जा चुका है। अभियान का लक्ष्य 100 खिलाड़ियों की संघर्ष और सफलता की कहानियों को सामने लाना है। 100 कहानियां पूरी होने के बाद इन्हें दीपावली के आसपास ’’‘खेलगाथा - संघर्ष से सफलता तक’’’ के रूप में प्रकाशित करने की योजना है। इन कहानियों को फाउंडेशन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और सफलता की ये गाथाएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन सकें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement