Advertisement
एक टिकट के जवाब में चार पार्षद! टिकट वितरण में उपेक्षा से नाराजगी का चुनावी असर, तीन ने कांग्रेस प्रत्याशियों को हराया, एक कांग्रेस टिकट पर जीता

लंबे समय से टिकट की दावेदारी, इस बार चुनाव में दिखा असर
मुस्लिम समुदाय के एक नेता ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि समुदाय के लोग लंबे समय से कांग्रेस को समर्थन देते आए हैं। जब-जब मुस्लिम समुदाय के लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी जताई, उनकी अपेक्षा के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं मिला। नेता के अनुसार, इस बार समुदाय के लोगों ने चुनाव में इसका जवाब देने का मन बनाया था। चुनाव परिणाम को इसी राजनीतिक रणनीति का परिणाम बताया जा रहा है।
तीन वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों को हराया
चुनाव परिणाम में वार्ड 14, वार्ड 4 और वार्ड 35 में मुस्लिम समुदाय के निर्दलीय प्रत्याशियों ने कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों को पराजित किया। वार्ड 14 से सद्दाम खान, वार्ड 4 से आसिफ अली और वार्ड 35 से आरिफ खान निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित होकर नगर परिषद पहुंचे हैं। वहीं वार्ड 12 से जाहिद अली कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर बोर्ड में पहुंचे।इस तरह कांग्रेस की ओर से चार वार्डों में दावेदारी के बावजूद केवल एक मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट दिया गया, लेकिन चुनाव परिणाम में समुदाय के चार चेहरे बोर्ड में पहुंचने में सफल रहे। इनमें तीन की जीत कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ रही। यही आंकड़ा अब स्थानीय राजनीति में टिकट वितरण और समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा का प्रमुख आधार बन गया है।
लालसोट के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय
चार मुस्लिम पार्षदों का एक साथ नगर परिषद बोर्ड में निर्वाचित होना स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। इसे मुस्लिम समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बढ़ोतरी के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव परिणाम ने यह भी दिखाया कि टिकट नहीं मिलने की स्थिति में समुदाय से जुड़े प्रत्याशी स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबला करने की स्थिति में रहे।
अब चार-पांच टिकटों की दावेदारी की चर्चा
चार मुस्लिम पार्षदों के निर्वाचित होने के बाद आगामी चुनावों में समुदाय की टिकट दावेदारी को लेकर नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय राजनीतिक हलकों में अब चार से पांच वार्डों में मुस्लिम प्रत्याशियों के लिए टिकट की दावेदारी की चर्चा होने लगी है।
नगर परिषद चुनाव का यह परिणाम आने वाले समय में राजनीतिक दलों की टिकट रणनीति के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब निगाह इस बात पर रहेगी कि अगले चुनाव में कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल लालसोट के बदले हुए राजनीतिक प्रतिनिधित्व और चुनावी समीकरणों को टिकट वितरण में किस तरह देखते हैं।
एक टिकट मिला, लेकिन बोर्ड में चार चेहरे पहुंचे—लालसोट नगर परिषद चुनाव का यह आंकड़ा अब स्थानीय राजनीति में टिकट के नए गणित की चर्चा को हवा दे रहा है।
सभापति चुनाव सोमवार को, बाड़ेबंदी से निकलकर मतदान केंद्र पहुंचेंगे पार्षद
-भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीय पार्षद भी करेंगे मतदान, प्रशासन ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम
लालसोट। नगर परिषद सभापति के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों की बाड़ेबंदी के बीच अब सभी की नजरें मतदान पर टिकी हैं। मतदान के समय बाड़ेबंदी से निकलकर पार्षद मतदान केंद्र पहुंचेंगे।
उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने रविवार को नगर परिषद स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र के बाहर बैरिकेडिंग की गई है। पार्षदों के मतदान केंद्र तक सुरक्षित आवागमन के लिए अलग जोन बनाया गया है, जिसके माध्यम से वे मतदान केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
आमजन की भीड़ को मतदान केंद्र के बाहर एकत्रित होने से रोकने के लिए कपड़े के पर्दे लगाए गए हैं। वहीं मतदान कक्ष निचले तल पर बनाया गया है, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
35 पार्षद करेंगे मतदान
रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने बताया कि सभापति चुनाव में नगर परिषद के कुल 35 पार्षद मतदान करेंगे। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।
पर्दे लगाने को लेकर उठे सवाल
इधर, मतदान केंद्र के बाहर डिवाइडर पर लगाए गए कपड़े के पर्दों को लेकर लोगों में चर्चा रही। कुछ लोगों ने इसे पारदर्शिता के नियमों के विपरीत बताया। वहीं उपखंड अधिकारी विजेंद्र मीणा ने पर्दे लगाए जाने को सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बताते हुए कहा कि इन्हें सुरक्षा दृष्टिकोण से लगाया गया है।
22 सितंबर को उपसभापति का चुनाव
नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए चुनाव 22 सितंबर को होगा। सभापति चुनाव के बाद अब राजनीतिक गतिविधियों का अगला केंद्र उपसभापति का चुनाव रहेगा।
दशलक्षण महोत्सव के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म पर एकल नृत्य कार्यक्रम
लालसोट। श्री दिगंबर जैन महिला मंडल लालसोट के तत्वावधान में मनाए जा रहे पर्वाधिराज दशलक्षण महोत्सव के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म के अवसर पर श्री दिगंबर जैन नसियां में एकल नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत उषा बैनाड़ा के मंगलाचरण से हुई। इसके बाद वीनू सोनी ने उत्तम शौच धर्म की महत्ता बताते हुए कहा कि केवल तन की सफाई ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वच्छ रखना आवश्यक है। लोभ, ईर्ष्या और बुरे विचारों को त्यागकर मन को निर्मल बनाना ही उत्तम शौच धर्म है। शुद्ध विचार, शुद्ध व्यवहार और शुद्ध आत्मा की ओर बढ़ने का यह एक महत्वपूर्ण कदम है।एकल नृत्य कार्यक्रम में प्रिंजल, फलक, आराध्या, हार्दिक, यशी, शुभ, आकांक्षा, कृति, दर्शित, लविश, अथर्व, अनावी, सान्वी, प्रथम, सौम्या, ध्रुव, भूवि, आदित्य और भव्य ने भाग लिया। सभी प्रतिभागी बच्चों को ताराचंद, कमलेश कुमार एवं अनिल कुमार बैनाड़ा की ओर से पुरस्कार वितरित किए गए।
जैन महिला मंडल अध्यक्ष श्वेता जैन ने बताया कि उत्तम आर्जव धर्म के दिन महेंद्र कुमार एवं शिखर चंद जैन सोनी की ओर से पुरस्कार वितरण किया गया था। कार्यक्रम प्रभारी तेजमती बडजात्या एवं अन्नू बैनाड़ा रहे, जबकि मंच संचालन श्वेता जैन ने किया।
इस अवसर पर शिखर बडजात्या, रविंद्र जैन, मोहित सोनी, मोहित बडजात्या, रौनक सोनी, विमला कासलीवाल, पिंकी सोनी, रीटा श्रीमाल, प्रिया गंगवाल, वंशिका जैन सोनी, अंजलि बैनाड़ा सहित समाज के अनेक महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
विद्याआश्रम स्कूल में निजी विद्यालय संघ की बैठक, RTE भुगतान व संगठन की मजबूती पर मंथन
लालसोट । स्थानीय विद्याआश्रम स्कूल में निजी विद्यालय संघ, लालसोट की बैठक श्री हरगोविन्द श्यामपुरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में लालसोट क्षेत्र के निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लिया।
बैठक में निजी विद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य रूप से RTE के तहत लंबित भुगतान शीघ्र करवाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। विद्यालय संचालकों ने संगठन की एकजुटता एवं आपसी समन्वय को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा नगर परिषद लालसोट एवं नगर पालिका मंडावरी के नवनिर्वाचित पार्षदों के सम्मान समारोह के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में समारोह की रूपरेखा एवं आयोजन को लेकर सुझाव रखे गए।
शहीद भगत सिंह की स्मृति में 28 सितंबर को लगेगा विशाल रक्तदान शिविर
-संस्कृत महाविद्यालय में होगा स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
लालसोट। अमर शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 28 सितंबर, सोमवार को सुबह 10 बजे से पुलिस थाने के सामने स्थित संस्कृत महाविद्यालय में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान एवं साधारण स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर ब्लड कैंप प्रभारी डॉ. अनुराग देमन के निवास पर आयोजन समिति की बैठक हुई, जिसमें व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रक्तदाताओं के पंजीकरण, जलपान, मेडिकल टीम की उपलब्धता और रक्त संग्रहण की व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान रक्त संग्रहण के लिए तीन ब्लड बैंकों की टीमों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। इनमें एसएमएस जयपुर, एसडीएमएच जयपुर और स्थानीय लालसोट ब्लड बैंक की टीमें शामिल हैं।
रक्तदान के साथ होगी स्वास्थ्य जांच
शिविर में रक्तदान के साथ आमजन के लिए साधारण स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर और हीमोग्लोबिन जैसी सामान्य जांचें की जाएंगी। कैंप प्रभारी डॉ. अनुराग देमन ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।
आयोजन समिति ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। बैठक के अंत में सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि शिविर का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में शाखा अध्यक्ष लोकेंद्र जैन, प्रांतीय गतिविधि प्रभारी विष्णु अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, नवीन बोहरा, नवीन शर्मा, अरविंद पाराशर, धर्मेंद्र अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, कृष्ण कुमार खंडेलवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रकृति के बीच 10 किलोमीटर की जंगल हाइक, स्काउट-गाइड ने सीखी टीम भावना और सुरक्षा की बारीकियां
लालसोट। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थानीय संघ लालसोट के तत्वावधान में राजेश पायलट राजकीय पीजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष पहाड़िया के नेतृत्व में 40 सदस्यीय दल ने निमाज गांव तक 10 किलोमीटर की रोमांचक जंगल हाइक की। हाइक के दौरान स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स ने प्राकृतिक वातावरण के बीच स्काउटिंग की व्यावहारिक गतिविधियों का अनुभव लिया।
हाइक का प्रमुख आकर्षण लवकुश वाटिका और पपलाज माता क्षेत्र से होते हुए घने जंगल के बीच से गुजरना रहा। घुमावदार जंगल के रास्तों, प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता के बीच प्रतिभागियों ने प्रकृति को करीब से जाना। साथ ही जंगल में सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने, एक-दूसरे का सहयोग करने और टीम भावना के साथ कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। कठिन और रोमांच से भरपूर यह हाइक प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव रही।
निमाज गांव पहुंचने पर स्थानीय निवासी ज्ञानचंद ने दल का गर्मजोशी से स्वागत किया और सभी की आवभगत की। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुभाष पहाड़िया ने ग्रामीणों के सहयोग और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप स्काउटिंग स्कार्फ पहनाया।
स्काउट सचिव श्रीकांत शर्मा ने बताया कि हाइक में राजेश पायलट राजकीय पीजी महाविद्यालय, अनुश्री पब्लिक स्कूल लालसोट, अपेल एकेडमी, एक्सप्लोर एकेडमी और विद्याश्रम स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान सहायक सचिव गौरव गोयल, संयुक्त सचिव निर्मला पारीक, यूथ समिति अध्यक्ष हर्ष शर्मा, उपाध्यक्ष शिवांश जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


