अम्बाला । प्रदेश के स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि फुटबाल चौक अम्बाला छावनी को एक रमणीक स्थान के रूप में विकसित किया जायेगा । यहां शहरवासी सुबह और शाम के दौरान सैर करने के साथ-साथ रंगीन फव्वारे की सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस फव्वारे की स्थापना के लिए 50 लाख रूपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है जहां पर फव्वारा बनाने के साथ-साथ इसके चारों ओर ग्रिल लगाकर लोगों के लिए दीर्घा तैयार की जायेगी जिससे लोग इस सुंदर वातावरण का आनंद ले सकें। इस मार्ग पर म्यूजिक सिस्टम भी लगवाया जायेगा ताकि लोग परिवार सहित मधुर संगीत के आनंद के साथ अपना समय इस स्थान पर बिता सकें। उन्होने कहा कि फुटबाल चौक के पास का यह स्थान गंदगी का केन्द्र बन चुका था और अब इसे एक सुंदर और रमणीक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा।