Farmers will get Rs 20,000 per acre compensation for crops destroyed by floods: Bhagwant Mann-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 7, 2026 12:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों के लिए किसानों को मिलेगा 20,000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा - भगवंत मान

khaskhabar.com: सोमवार, 08 सितम्बर 2025 6:49 PM (IST)
बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों के लिए किसानों को मिलेगा 20,000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा - भगवंत मान
मोहाली, । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में बाढ़ प्रभावितों के लिए कई अहम फैसले लिए गए। सीएम भगवंत मान अस्पताल में भर्ती हैं। वह अस्पताल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि बाढ़ के कारण बर्बाद हुई फसलों के लिए किसानों को 20,000 रुपए प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाएगा। बाढ़ के कारण किसानों की जमीनों में रेत भर गई है, इसलिए पंजाब सरकार 'जिसका खेत, उसकी रेत' योजना लागू करने जा रही है। इस योजना से किसान इस रेत और मिट्टी को अपने खेत से निकाल सकते हैं। वे इसे बेच भी सकते हैं या अपने निजी काम के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने सहकारी बैंकों से कर्ज लिया है, उनकी किश्तों में अगले 6 महीने तक छूट दी गई है। साथ ही बाढ़ के कारण जिन लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है, उन्हें 4 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान और चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। शहरों में साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्कूल और कॉलेज पर उन्होंने कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए स्कूल और कॉलेजों की इमारतों का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत की जाएगी। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल के माध्यम से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मुझे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी और मैं फिर से आप सभी के बीच आऊंगा। हमारी सरकार हर मुश्किल घड़ी में पंजाब के सभी लोगों के साथ खड़ी रहने के लिए प्रतिबद्ध है। संकट की इस घड़ी में पंजाब सरकार पंजाबियों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करेगी।"
उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए चिकित्सा दल भेजे जाएंगे। मच्छरों से बचाव के लिए स्प्रे फॉगिंग मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पंजाब में आई बाढ़ के बाद किसानों और लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बाढ़ का पानी कम होने के बाद शहर में बीमारी का खतरा बढ़ रहा है और गंदगी फैली हुई है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement